)
बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' की रिलीज का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है. फिल्म सिनेमाघरों में 5 नवंबर को रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है. इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर एक नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद जताई जा रही है. इसी बड़े बजट की फिल्म के सामने अक्षय कुमार अपनी एक फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसका बजट सिर्फ 3.74 करोड़ रुपये है. जी हां, नमित मल्होत्रा की फिल्म के सामने यह नई चुनौती सामने आ खड़ी हुई है.
अक्षय कुमार की 32 साल पुरानी फिल्म सिनेमाघरों में रणबीर कपूर की मेगा बजट फिल्म को टक्कर देने आ रही है. इस फिल्म का नाम 'मोहरा' है. 90 के दशक की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म ने बड़े पर्दे पर धमाल मचा दिया था. हाल ही में आई बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षय कुमार की फिल्म 'मोहरा' का निर्माण करने वाले प्रोडक्शन हाउस त्रिमूर्ति फिल्म प्राइवेट लिमिटेड ने हाल ही में अपने ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर इसका एक खास वीडियो शेयर किया है, जिसमें फिल्म की री-रिलीज का खुलासा हुआ है.
दिलचस्प बात यह है कि यह एक्शन-ड्रामा फिल्म इसी दिवाली के खास मौके पर 6 नवंबर को सिनेमाघरों में री-रिलीज हो रही है. यानी बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का क्लैश रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' से होगा. अक्षय की फिल्म 'मोहरा' करीब 32 साल पुरानी है, जो एक कल्ट क्लासिक थी. 32 साल पहले जब यह फिल्म रिलीज हुई थी, तो बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था.

अक्षय कुमार की फिल्म 'मोहरा' साल 1994 में रिलीज हुई थी. यह फिल्म अपने दौर की सबसे सफल फिल्मों में से एक मानी जाती है. इस फिल्म में अक्षय के साथ सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, नसीरुद्दीन शाह, परेश रावल और रजा मुराद जैसे सितारे नजर आए थे. फिल्म के गाने और एक्शन सीक्वेंस दर्शकों को काफी पसंद आए थे और आज भी दर्शकों के बीच काफी फेमस हैं. ऐसे में अब यह देखना होगा कि क्या दर्शक इस पुरानी फिल्म को उसकी लोकप्रियता के चलते पसंद करेंगे और क्या यह रणबीर कपूर की बड़े बजट वाली फिल्म 'रामायण' को टक्कर दे पाएगी.
करीब 32 साल बाद अक्षय कुमार की फिल्म 'मोहरा' के 4K री-मास्टर वर्जन को दीपिंदर सिंह की रिम्पी फिल्म्स इंटरनेशनल द्वारा दोबारा रिलीज किया जा रहा है. कंपनी अपने सोशल मीडिया पेजों के जरिए पिछले कुछ दिनों से इस री-रिलीज को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा रही है.