App

लव मैरिज होगी या अरेंज, कितनी बार टूटेगी रिलेशनशिप? हथेली की इन रेखाओं से चल जाएगा पता

हस्तरेखा शास्त्र में हथेली की कुछ रेखाओं और चिह्नों को विवाह और प्रेम संबंधों से जुड़ा हुआ माना गया है. इन रेखाओं की स्थिति से व्‍यक्ति के प्रेम और वैवाहिक जीवन के बारे में जान सकते हैं.

लव मैरिज होगी या अरेंज, कितनी बार टूटेगी रिलेशनशिप? हथेली की इन रेखाओं से चल जाएगा पता
Image Credit: हस्‍तरेखा से रिलेशनशिप, प्‍यार-शादी आदि की स्थिति के बारे में जानने के आसान तरीके. (Photo:AI)

हाथ की लकीरें बहुत कुछ कहती हैं. हस्‍तरेखा शास्‍त्र में जिंदगी के लगभग हर क्षेत्र के बारे में जानने के लिए रेखाएं, चिह्न आदि के बारे में विस्‍तार से बताया गया है. आज हम हस्‍तरेखा विशेषज्ञ इंदुबाला शर्मा से लव-रिलेशनशिप और शादी की रेखा के बारे में जानेंगे, जिनके बारे में जानने की उत्‍सुकता अधिकांश लोगों की होती है. जैसे- लव मैरिज होगी या अरेंज मैरिज, कितने रिलेशनशिप हैं, मैरिड लाइफ कैसी रहेगी आदि.  

विवाह रेखा कहां होती है?

हथेली की सबसे छोटी उंगली के नीचे हथेली के बाहर से आती हुई छोटी आड़ी रेखाएं विवाह रेखाएं होती हैं. ये एक या इससे ज्‍यादा हो सकती हैं. प्रमुख तौर पर इन रेखाओं की संख्‍या, लंबाई, गहराई आदि के आधार पर ही लव रिलेशनशिप, शादी के बारे में जाना जा सकता है.

शादी-प्‍यार से जुड़े सवाल और हस्‍तरेखा में उनके जवाब

लव मैरिज होगी या अरेंज मैरिज : यदि विवाह रेखा बुध पर्वत (सबसे छोटी उंगली के नीचे का उभार) की ओर झुक जाए और हृदय रेखा (हथेली में छोटी उंगली से शुरू होकर आड़ी जाने वाली लंबी रेखा, जो इंडेक्‍स फिंगर या तर्जनी उंगली तक जाती ) तो ऐसे व्‍यक्ति की लव मैरिज होने या पसंदीदा पार्टनर मिलने के चांसेज बहुत ज्‍यादा होते हैं.

वहीं विवाह रेखा यदि सीधी होकर आगे बढ़ जाए तो ऐसे व्‍यक्ति की अरेंज मैरिज होने की संभावना ज्‍यादा रहती है. हालांकि शुक्र पर्वत (अंगूठे के नीचे का उभार) यदि अच्‍छी तरह विकसित हो तो ऐसा व्‍यक्ति जीवन में खूब प्रेम पाता है. फिर चाहे लव मैरिज हो या अरेंज मैरिज.  

शादी जल्‍दी होगी या लेट : यदि विवाह रेखा छोटी हो तो शादी में देर होने की आशंका रहती है, वहीं विवाह रेखा छोटी उंगली के नीचे जितनी आगे की ओर निकली हुई हो, शादी उतनी जल्‍दी होती है.

एक शादी: सीधी, स्पष्ट और सुंदर एक रेखा एक विवाह को इंगित करती है.

दो शादी: यदि दो विवाह रेखाएं लंबाई, गहराई और मोटाई में समान एवं समांतर हों, तो ऐसे लोगों के जीवन में 2 विवाह के योग बनते हैं.

अफेयर लाइन: यदि छोटी उंगली के नीचे एक से ज्‍यादा छोटी आड़ी रेखाएं हैं, जो कि लंबाई, गहराई और मोटाई में समान और समांतर न हों, तो उन्हें अफेयर लाइन माना जाता है. यदि ये ज्‍यादा हैं तो व्‍यक्ति बार-बार रिलेशनशिप में आता है और ब्रेकअप होता है.

वैवाहिक जीवन में समस्‍या : यदि विवाह रेखा टूटी हुई हो तो शादी में शारीरिक एवं मानसिक मनमुटाव तथा मतभेद बने रहते हैं. ऐसे लोगों की अपने पार्टनर से पटती नहीं है और कई बार ऐसे लोग एक घर में रहकर भी एकाकी जीवन बिताते हैं.

शादी में अलगाव : झुकी हुई विवाह रेखा शादी के बाद आने वाली परेशानियों और संबंधों में कड़वाहट का संकेत देती है. यदि रेखा ज्‍यादा झुकी हुई हो तो ऐसे लोगों का शादी के बाद सेप्रेशन होने की आशंका रहती है.

शादी में शक, असंतुष्टि : विवाह रेखा से निकलने वाली अधोमुखी रेखाएं (विवाह रेखा के पास छोटी-छोटी रेखाएं जो नीचे की ओर झुकी हों) असफल शादी, पति-पत्नी का एक-दूसरे से असंतुष्ट होना, शक करने का इशारा करती हैं.

रिश्‍ते में जुदाई : यदि विवाह रेखा दो भागों में बंट जाए तो ऐसे लोगों को शादी या रिश्‍ते में जुदाई झेलनी पड़ जाती है.

एक्‍स्‍ट्रा मैरिटल अफेयर : यदि विवाह रेखा तीन या तीन से अधिक शाखाओं में बंट जाए तो ऐसे लोग लव ट्रायंगल या एक्‍स्‍ट्रा मैरिटल अफेयर में इन्‍वॉल्‍व हो जाते हैं. ये अपने पार्टनर से बेवफाई कर सकते हैं, कामातुर हो सकते हैं.

फिर लिव-इन-रिलेशनशिप?

कई लोगों का ये सवाल हो सकता है कि शादी और प्‍यार की बात तो हो गई लेकिन लिव-इन-रिलेशनशिप का स्‍टेटस हस्‍तरेखा में कैसे पता किया जाए. तो इसका जवाब है कि चूंकि आजकल लोग बिना शादी के भी शादी जैसे रिश्‍ते में रहते हैं तो इसका पता हथेली की अन्‍य रेखाओं, चिह्नों, पर्वत का अध्‍ययन करके लगाया जाता है.

हालांकि केवल विवाह रेखा से ही रिलेशनशिप के बारे में पूरा नहीं जाना जा सकता है. प्रेम-रोमांस के कारक शुक्र पर्वत, वैवाहिक सुख और भाग्‍य के कारक गुरु पर्वत की स्थिति का भी प्‍यार और शादी में अहम रोल होता है.  

(Disclaimer-हस्तरेखा शास्त्र एक पारंपरिक मान्यता है. हथेली की रेखाओं के आधार पर विवाह या रिश्तों के भविष्य की निश्चित भविष्यवाणी का वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. इसे केवल धार्मिक/ज्योतिषीय मान्यता के तौर पर लें.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More