App

क्यों खास है तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी? जानें दीपथून पर महादीपम जलाने के पीछे का गहरा रहस्य

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून स्तंभ पर आखिरकार कार्तिगई महादीपम प्रज्वलित कर दिया गया. आइए जानें इस विशाल दीपम का महत्व और रहस्य क्या है, इसका शिव जी से क्या संबंध है और इस विशाल दीपम का क्या महत्व है?

क्यों खास है तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी? जानें दीपथून पर महादीपम जलाने के पीछे का गहरा रहस्य

Karthigai Deepam Significance: तमिलनाडु के मदुरै शहर की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर इस साल 28 नवंबर 2026 को कार्तिगई महादीपम जलाया गया. पहाड़ी पर बने प्राचीन दीपथून पर विशाल दीपक जलाकर पुरानी परंपरा को पूरा किया गया. आइए इस लेख में विस्तार से जानें कि आखिर क्यों तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी खास है, दीपथून पर महादीपम जलाने का शिव जी से क्या संबंध है और इस महादीपम के पीछे का गहरा रहस्य क्या है.

क्या है कार्तिगई महादीपम और इसका महत्व?

कार्तिगई महादीपम पर्व विशेष रूप से तमिलनाडु में मनाया जाता है. वहीं, केरल में इसे त्रिकार्तिका पर्व कहा जाता है. तमिल पंचांग के अनुसार, कार्तिगई महादीपम पर्व को कार्तिगई माह में तब मनाया जाता है जब कृत्तिका नक्षत्र और पूर्णिमा तिथि का संयोग बनता है. वहीं, कई धार्मिक जगहों पर पहाड़ी की चोटी पर भी विशाल अग्नि जलाई जाती है, जिसे महादीपम कहते हैं. इस परंपरा को निभाने के पीछे की सोच यह है कि अंधकार पर प्रकाश की हमेशा जीत होती है और अज्ञान पर ज्ञान जीत जाता है. इस पर्व पर श्रद्धालु घर में दीपक जलाते हैं और मंदिर जाकर पूजा करते हैं.

दीपथून स्तंभ पर विशाल दीपक जलाने की परंपरा

तमिलनाडु के मदुरै शहर की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर एक पत्थर का स्तंभ स्थित है, इसे ही दीपथून यानी दीप जलाने वाला स्तंभ कहा जाता है. इसी दीपथून पर कार्तिगई महादीपम जलाने की परंपरा है. इस साल 28 नवंबर को दीपथून पर विशाल दीपक जलाने की परंपरा निभाई गई. इसके लिए लगभग 30 किलो घी का इस्तेमाल किया गया और इसमें 50 मीटर लंबी बाती जलाई गई. इस विशाल दीपक को जलाने के लिए 5 किलो कपूर को उपयोग में लाया गया. इस परंपरा को निभाने के लिए पहाड़ी पर 50 श्रद्धालु पहुंचे थे. विवादों के कारण इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीआरपीएफ के जवान भी तैनात रहे.

शिव जी का अनंत ज्योति स्वरूप

ऐसी धार्मिक मान्यता है कि कार्तिगई महादीपम का शिव जी से संबंध है. यह दीपम शिव जी का ही अनंत ज्योति स्वरूप है, जिसे लेकर पौराणिक कथा है कि जब ब्रह्मा जी और विष्णु जी में इस बात पर विवाद शुरू हुआ कि दोनों में श्रेष्ठ कौन है तो शिव ने अनंत अग्नि स्तंभ का रूप धारण किया. शिव जी ने ब्रह्मा जी और विष्णु जी के सामने शर्त रखी कि जो भी इस अग्नि स्तंभ का आदि-अंत खोज लेगा वही श्रेष्ठ कहलाएगा. आगे हुआ यह कि इस ज्योति स्तंभ का आदि और अंत कोई नहीं खोज पाया. मान्यता अनुसार कार्तिगई महादीपम पर जो विशाल अग्नि जलाई जाती है उसकी परंपरा शिव जी के इसी अनंत ज्योति स्वरूप से संबंधित है.

भगवान मुरुगन-देवी देवयानी का तिरुपरनकुंद्रम से संबंध

मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी क्षेत्र को लेकर एक विशेष धार्मिक मान्यता है.  पौराणिक मान्यता के अनुसार, राक्षस सुरपद्म का वध करके भगवान मुरुगन यानी कुमार कार्तिकेय ने देवताओं के दुख को दूर किया था. जिससे प्रसन्न होकर देवताओं के राजा इंद्र ने अपनी पुत्री देवयानी का विवाह कुमार कार्तिकेय से करवा. जिस स्थान पर यह दिव्य विवाह संपन्न हुआ वह तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी ही थी. इस तरह भगवान मुरुगन के भक्त तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी को पुण्य स्थल मानते हैं.

(Disclaimer- यह लेख पौराणिक मान्यताओं पर आधारित है, इसमें दी गई जानकारी सामान्य श्रद्धा से जुड़ी है, कृपया आधिकारिक पुष्टि के लिए स्थानीय मंदिर प्रशासन से संपर्क करें.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More