)
आपने कभी न कभी यह तो सुना ही होगा कि फलां के घर में मृत्यु हुई है तो उनके घर कोई मांगलिक कार्य नहीं होगा या फलां के घर 10 दिन कोई शुभ कार्य नहीं किया जाए. कभी न कभी आपने ये भी सुना होगा कि उनके घर बच्चे का जन्म हुआ है, अभी बच्चे को छू नहीं सकते हैं. क्या आपने कभी सोचा है कि इन बातों के पीछे का कारण क्या हो सकता है? ध्यान दें जब शिशु का जन्म होता है तो घर में सूतक लग जाता है और जब किसी की मृत्यु होती है तो उस घर में पातक लगता है. हालांकि सूतक सूर्यग्रहण और चंद्रग्रहण से कुछ घंटों पहले भी लगता है, इस अवधि में पूजा-पाठ करना और मंदिरों को खुला रखना वर्जित होता है. आइए इस लेख में विस्तार से जानें कि सूतक और पातक का मतलब क्या है और इनका विज्ञान से क्या गहरा संबंध है. सूतक और पातक कब लगते हैं और इस दौरान किन नियमों का पालन करना जरूरी होता है.
सूतक का संबंध सूर्यग्रहण और चंद्रग्रहण से तो है ही लेकिन घर में जब किसी बच्चे का जन्म होता है तब भी तय दिनों तक घर में सूतक लग जाता है. सूतक काल में घर पर किसी भी तरह के धार्मिक या मांगलिक कार्यों का आयोजन नहीं किया जाता है. इस अवधि में पूजा करना, मंदिर जाना या किसी धार्मिक आयोजनों में भाग लेना घर के सभी सदस्यों को वर्जित होता है. धार्मिक और लोक मान्यताओं के अनुसार, शिशु के जन्म से 10 दिन तक घर में सूतक लगता है. कई जगहों पर 11वें तो कई जगहों पर 12वें दिन शुद्धिकरण किया जाता है और फिर सूतक समाप्त हो जाता है. अलग-अलग क्षेत्रों में सूतक के नाम को लेकर भिन्नता हो सकती है. जैसे- बच्चे के जन्म के सूतक अवधि को महाराष्ट्र में इसे वृद्धि , मध्य प्रदेश और राजस्थान में सांवड़ कहते हैं. वहीं, छत्तीसगढ़, बिहार और अन्य उत्तरी राज्यों में इस अवधि को सूतक ही कहा जाता है.
पातक का संबंध मृत्यु से है. जब घर में किसी परिजन की मृत्यु हो जाती है तो पूरे 13 दिनों का पातक लग जाता है. इन 13 दिनों में घर में किसी भी तरह के धर्म-कर्म नहीं किए जाते हैं, पूजा-पाठ और मांगलिक कार्य वर्जित होते हैं. किसी और के घर जाना वर्जित होता है और कोई बाहरी जब पातक लगे घर में प्रवेश करता है तो घर से निकलकर अपने घर जाता और सबसे पहले स्नान करके अपने आप को शुद्ध करता है. पातक लगे घर के लोग किसी और के घर में आयोजित किसी भी मांगलिक समारोह में नहीं जाते हैं.
सूतक और पातक केवल धार्मिक नियम नहीं हैं जिनका केवल किसी के जन्म या मृत्यु से संबंध है. बल्कि इनसे जुड़े नियमों का विज्ञान से गहरा संबंध है. जब किसी का जन्म या मृत्यु होती है तो स्वच्छता बनाए रखना जरूरी होता है. कोई बीमारी न फैले, रोगाणुओं का संक्रमण न फैले, इसके लिए सूतक और पातक के नियमों को लागू किया जाता है. सूतक और पातक जिस घर में लगा हो उस घर के लोगों से स्पर्श की वर्जना, भीड़भाड़ से दूरी बनाए रखना, इन नियमों के पीछे की सोच ही यही है कि कोई रोग या इंफेक्शन न फैले. खासकर सूतक काल में प्रसव के बाद मां के शरीर को सामान्य होने और आराम पाने के लिए अकेले में रहना जरूरी होता है, साथ ही नवजात शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता अभी न के बराबर होती है, ऐसे में मां और बच्चे को संक्रमण से बचाने के लिए सूतक की अवधि के नियमों का पालन किया जाता है. वहीं, पातक में घर के किसी सदस्य की मृत्यु के बाद परिवार मानसिक तनाव में होता है, ऐसे में परिवार कुछ समय का मानसिक और भावनात्मक विराम लेता है.
(Disclaimer- यह लेख धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और ज्योतिषीय जानकारी पर आधारित है. इसका उद्देश्य केवल जानकारी देना है. किसी उपाय को अपनाने से पहले विद्वान या ज्योतिषी से सलाह अवश्य लें.)