App

क्या होता है दिशाशूल? जानें किस दिन किस दिशा में सफर करना अशुभ और घर से निकलने से पहले करें कौन-से उपाय

आपने कई बार दिशाशूल के बारे में सुना होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह दिशाशूल क्या होता है. आइए जानें दिशाशूल का अर्थ, किस दिन किस दिशा में भूल से भी यात्रा नहीं करना चाहिए और अगर वर्जित दिशा में यात्रा करनी ही पड़े तो किन उपायों को करके घर से निकलें.

क्या होता है दिशाशूल? जानें किस दिन किस दिशा में सफर करना अशुभ और घर से निकलने से पहले करें कौन-से उपाय

हिंदू धर्म और ज्योतिष शास्त्र में दिशाशूल का जिक्र आता है. जिसके बारे में आमतौर पर कम लोगों को ही पता होता है. क्या आप जानते हैं कि अगर दिशाशूल को ध्यान में रखकर घर से निकले या अपनी यात्रा शुरू करें तो यात्रा सफल हो सकती है और उससे जुड़े काम में भी किसी तरह की बाधा नहीं आएगी. खासकर जब लंबी यात्रा करनी हो तो सही दिशा का ध्यान रखना बहुत जरूरी है साथ ही वर्जित दिशा में यात्रा करने से पहले किए जाने वाले उपायों को जानना भी जरूरी है. आइए इस लेख में विस्तार से जानें कि धार्मिक मान्यताओं और ज्योतिष शास्त्र के अनुसार दिशाशूल क्या होता है और सप्ताह के सातों दिनों के लिए कौन-सी दिशा दिशाशूल माना गया है. दिशाशूल में यात्रा करनी पड़ जाए तो कौन-से उपाय करें?

क्या होता है दिशाशूल?

ज्योतिष शास्त्र में दिशाशूल का सीधा संबंध यात्रा से बताया गया है. दिशाशूल शब्द दिशा और शूल से बना है जिसका मतलब है वो दिशा जिसमें यात्रा करना शूल यानी बाधाओं से भरा हो. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सप्ताह के अलग-अलग दिनों में कोई न कोई दिशा दिशाशूल होता है. दिशाशूल में यात्रा करने से दोष लगता है. हालांकि, किसी दिन दिशाशूल में यात्रा करनी पड़ जाए तो इसके दोष से बचने के लिए कुछ विशेष उपाय भी बताए गए हैं. इन उपायों को करने से यात्रा में आने वाली रुकावटें दूर होती हैं और काम भी सिद्ध होता है.

रविवार का दिशाशूल

ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, रविवार के दिन पश्चिम दिशा में दिशाशूल रहता है. इसलिए इस दिन पश्चिम दिशा की ओर यात्रा शुरू करने से बचने की सलाह दी जाती है.यदि किसी जरूरी काम से रविवार को पश्चिम दिशा की यात्रा करनी पड़े, तो घर से निकलने से पहले पान या घी का सेवन करने का उपाय बताया जाता है. मान्यता है कि ऐसा करने से दिशाशूल का प्रभाव कम हो सकता है.

सोमवार का दिशाशूल

सोमवार को दिशाशूल पूर्व दिशा में होता है. ऐसे में इस दिन पूर्व दिशा की ओर यात्रा कतई न करें. धार्मिक मान्यता के अनुसार सोमवार के दिन पूर्व दिशा में यात्रा करने से यात्रा के अशुभ परिणाम प्राप्त हो सकते हैं. ऐसे में इस दिशा में सोमवार के दिन यात्रा को टाल दें. अगर घर से निकलना जरूरी ही हो तो यात्रा शुरू करने से पहले दर्पण देखकर या थोड़ा सा दूध पीकर ही निकलें.

मंगलवार का दिशाशूल

मंगलवार को उत्तर दिशा में दिशाशूल होता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार,  इस दिन उत्तर दिशा की ओर यात्रा करने की योजना नहीं बनानी चाहिए. किसी जरूरी काम के लिए अगर मंगलवार के दिन उत्तर दिशा में जाना ही पड़े तो पहले थोड़ा गुड़ खाकर ही घर से निकलें. ऐसा करने से यात्रा में बाधा नहीं पड़ती है और न तो काम अधूरा रहता है.

बुधवार का दिशाशूल

बुधवार को उत्तर दिशा में दिशाशूल माना गया है. ऐसे में इस दिन उत्तर दिशा में यात्रा करने से बचें. इस दिन उत्तर दिशा की यात्रा करनी जरूरी हो तो घर से निकलने से पहले धनिया या तिल के कुछ दाने मुंह में रखकर निकलें. इस उपाय को करने से दिशाशूल के दोष खत्म हो जाते हैं और कार्य सफल होते हैं.

गुरुवार का दिशाशूल

गुरुवार के दिन दिशाशूल दक्षिण दिशा में होता है. गुरुवार के दिन इस दिशा में यात्रा करना वर्जित है. दक्षिण दिशा में अगर इस दिन घर से निकलना ही पड़े तो दही खाकर निकले, इस उपाय से दिशाशूल का नकारात्मक प्रभाव कम हो जाएगा और दिन शुभ होगा.

शुक्रवार का दिशाशूल

शुक्रवार को दिशाशूल पश्चिम दिशा में होता है. ऐसे में शुक्रवार को इस दिशा में यात्रा न करें, इसे शुभ फलदायी नहीं माना जाता है. शुक्रवार के दिन पश्चिम दिशा की यात्रा करनी ही पड़े तो एक आसान सा उपाय करें. घर से निकलने से पहले दही का सेवन कर लें. इससे दिन शुभ होगा और कार्य भी सफल होंगे.

शनिवार का दिशाशूल

शनिवार को पूर्व दिशा में दिशाशूल होता है, ऐसे में इस दिन पूर्व दिशा की यात्रा नहीं करनी चाहिए. अगर शनिवार के दिन पूर्व दिशा में जाना जरूरी हो तो घर से निकलने से पहले थोड़ा सा अदरक या उड़द के कुछ दाने मुंह में रखकर निकलें. इससे कार्य में कोई बाधा नहीं आएगी.

(Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य ज्योतिषीय जानकारी के लिए है. इसमें दिए उपाय परंपरा पर आधारित हैं. यात्रा से पहले अपनी सुविधा सुरक्षा का ध्यान रखें. परिवार बड़ों से सलाह लें.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो