)
सैमसंग के अगले फ्लैगशिप फोन गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा को लेकर एक नया लीक सामने आया है. इस बार फोन के रियर डिजाइन की कुछ ताजा फोटोज इंटरनेट पर दिखी हैं. इन फोटोज में फोन का कैमरा लेआउट पहले सामने आए लीक्स से काफी अलग नजर आ रहा है.
इससे ये सवाल उठ रहा है कि साउथ कोरियन टेक कंपनी अपने अगले प्रीमियम फोन के लिए आखिर किस डिजाइन को पक्का किया जाएगा. चर्चा ये भी है कि कंपनी इस बार कैमरा सिस्टम में बड़ा बदलाव करते हुए 3x टेलीफोटो कैमरा हटा सकती है.
Samsung Galaxy S27 Ultra in white vs. Galaxy S27 Pro in black! Leaked dummy units give us an early side-by-side look at Samsung’s upcoming flagships. Which one looks better to you? (Source: YouTuber Jam Ancheta) https://t.co/hg90ToLW44
— Android Authority (@AndroidAuth) November 26, 2026
चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर टिपस्टर Whylab ने दो फोटोज शेयर की हैं, जिन्हें गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा की डमी यूनिट बताया जा रहा है. इन यूनिट्स का पिछला हिस्सा हाल के अल्ट्रा मॉडल्स से काफी अलग है.
पहले जहां हर लेंस अलग-अलग रिंग में दिखता था, वहीं अब दो बड़े कैमरा रिंग एक चौड़े उभरे हुए हिस्से के अंदर दिख रहे हैं. इनके बगल में कुछ छोटे कटआउट भी दिए गए हैं.
फोटोज में ये फोन ब्लैक और व्हाइट रंग में दिख रहा है और दोनों के पास एस पेन भी रखा हुआ है. एक फोटो में तुलना के लिए पुराना गैलेक्सी अल्ट्रा मॉडल भी रखा गया है.
यह नया लेआउट उन शुरुआती लीक्स से बिल्कुल मैच नहीं करता है, जो अब तक सामने आए थे. पहले कैमरा लेंस प्रोटेक्टर और कुछ डमी यूनिट्स की फोटोज से संकेत मिला था कि गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा और संभावित गैलेक्सी एस27 प्रो में हॉरिजॉन्टल कैमरा आइलैंड मिलेगा.
वहीं स्टैंडर्ड गैलेक्सी एस27 और एस27 प्लस में पहले की तरह वर्टिकल कैमरा सेटअप रहने की बात कही गई थी. लेकिन Whylab की ताजा तस्वीरों में अल्ट्रा मॉडल पर पहले के अनुमान से कहीं ज्यादा चौड़ा कैमरा हाउसिंग दिखाई दे रहा है.
सामने आई डमी यूनिट्स के पिछले हिस्से में कुल चार कटआउट नजर आ रहे हैं, लेकिन अभी ये साफ नहीं है कि हर कटआउट किस काम के लिए है. माना जा रहा है कि इनमें से एक एलईडी फ्लैश के लिए हो सकता है.
ये बात इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले लीक्स में दावा किया गया था कि सैमसंग एस27 अल्ट्रा से डेडिकेटेड 3x टेलीफोटो कैमरा और लेजर ऑटोफोकस मॉड्यूल हटा सकती है.
अब तक की रिपोर्ट्स के मुताबिक गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा में 200 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा मिल सकता है. इसके साथ 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस और 5x ऑप्टिकल जूम वाला 50 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा दिए जाने की उम्मीद है.
परफॉर्मेंस के लिए इस फोन में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 8 एलीट एक्सट्रीम जेन 6 मिल सकता है. पहले चर्चा थी कि सैमसंग इसके लिए Exynos 2700 चिपसेट पर भी सोच रही है.
लेकिन ताजा जानकारी के अनुसार अल्ट्रा मॉडल में इसे शामिल करने का प्लान टाल दिया गया है. लेकिन सीरीज के बाकी मॉडल्स में इन-हाउस प्रोसेसर मिल सकता है.
सैमसंग की तरफ से अभी तक गैलेक्सी एस27 सीरीज के फीचर्स या डिजाइन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. इसके अलावा कुछ सर्टिफिकेशन रिपोर्ट्स से संकेत मिले हैं कि अल्ट्रा मॉडल में पहले की तरह 60W चार्जिंग सपोर्ट ही मिलेगा.
उम्मीद की जा रही है कि कंपनी इस नई सीरीज को साल 2027 की शुरुआत में बाजार में उतारेगी. इस लाइनअप में स्टैंडर्ड गैलेक्सी एस27, गैलेक्सी एस27 प्लस, गैलेक्सी एस27 प्रो और गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा जैसे चार मॉडल शामिल हो सकते हैं.