)
राजवीर चौधरी/बिजनौर: उत्तर प्रदेश की नहटौर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है. 2022 के विधानसभा चुनाव में ओम कुमार ने राष्ट्रीय लोकदल के उम्मीदवार मुंशी राम को महज 258 वोटों से हराया था. करीब चार साल बाद आए इस फैसले ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. कोर्ट ने नामांकन के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे में आय का पूरा ब्योरा नहीं देने को गंभीर खामी माना है. हालांकि, हाईकोर्ट ने ओम कुमार को सुप्रीम कोर्ट में अपील के लिए 15 दिन की सीमित राहत भी दी है.
आरएलडी उम्मीदवार मुंशी राम ने 2022 में ही ओम कुमार के निर्वाचन को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल की थी. याचिका में आरोप था कि ओम कुमार ने नामांकन के समय फॉर्म-26 के हलफनामे में अपनी आय से जुड़ी जरूरी जानकारी पूरी तरह नहीं दी थी. हाईकोर्ट के फैसले के अनुसार, ओम कुमार ने वित्त वर्ष 2021-22 की आय का ब्योरा तो दिया था, लेकिन इससे पहले के चार वित्त वर्षों यानी 2017-18 से 2020-21 तक की आय वाले कॉलम खाली छोड़ दिए थे. नियमों के तहत उम्मीदवार को पिछले पांच वित्त सालों की आय का विवरण देना अनिवार्य है. कोर्ट ने माना कि यह मामूली भूल नहीं, बल्कि अहम जानकारी छिपाने जैसी गंभीर खामी है. नामांकन स्वीकार किए जाने को अनुचित मानते हुए कोर्ट ने ओम कुमार का निर्वाचन निरस्त कर दिया.
2022 के विधानसभा चुनाव में नहटौर सीट पर बेहद कांटे का मुकाबला हुआ था. बीजेपी के ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि आरएलडी के मुंशी राम को 77,677 वोट मिले थे. दोनों के बीच जीत का अंतर सिर्फ 258 वोट था. मुंशी राम ने अपनी याचिका में हलफनामे के साथ-साथ मतगणना और VVPAT पर्चियों में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए थे. हालांकि, हाईकोर्ट ने मतगणना और VVPAT से जुड़ी दलीलों को स्वीकार नहीं किया. अदालत ने मुंशी राम को विजयी घोषित करने की मांग भी खारिज कर दी.
हाईकोर्ट ने ओम कुमार को सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल करने के लिए 15 दिन की सीमित अंतरिम राहत दी है. इस दौरान वे अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे और विधानसभा की बहस में हिस्सा ले सकेंगे. लेकिन वे सदन या विधानसभा की समितियों में मतदान नहीं कर पाएंगे. इसके साथ ही उन्हें विधायक के तौर पर कोई आर्थिक लाभ भी नहीं मिलेगा.
हाईकोर्ट के फैसले पर बीजेपी विधायक ओम कुमार ने कहा कि वह अदालत के आदेश का सम्मान करते हैं. उन्होंने हलफनामे में गलती होने की बात भी स्वीकार की है. उनका कहना है कि पांच साल के आय और संपत्ति का ब्योरा देना था, लेकिन गलती से केवल एक साल का विवरण ही दिया गया. वहीं, याचिकाकर्ता मुंशी राम ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है. अब इस मामले में आगे की कानूनी लड़ाई सुप्रीम कोर्ट में होने की संभावना है.