)
मोहम्मद गुफरान/प्रयागराज: सड़क और श्मशान जैसी सार्वजनिक उपयोग की जमीनों पर दुकानें बनाकर कारोबार नहीं किया जा सकता. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित जमीनों पर व्यावसायिक निर्माण की अनुमति नहीं दी जा सकती. इसी के साथ कोर्ट ने बांदा के बबेरू नगर पंचायत क्षेत्र के 18 दुकानदारों की याचिका खारिज कर दी है.
बांदा के बबेरू नगर पंचायत में दो मंजिला बिल्डिंग बनाकर दुकानों का निर्माण कराया गया था. साल 2010 से 2016 के बीच इन दुकानों को बनाकर अलग-अलग लोगों को आवंटित कर दिया गया. बाद में नगर पंचायत ने 3 अगस्त 2026 को इन दुकानों को ध्वस्त करने का आदेश जारी कर दिया. इसी आदेश को दुकानदारों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी थी.
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि दुकानों का निर्माण और आवंटन खुद नगर पंचायत ने ही किया था. ऐसे में उन्हें अतिक्रमणकारी नहीं माना जा सकता.दुकानदारों ने कहा पट्टा समाप्ति से पहले संपत्ति अंतरण अधिनियम की धारा 106 के तहत 6 माह नोटिस दिया जाना चाहिए था बिना नोटिस के दुकानें गिराना गलत है.
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दुकानदारों की दलीलों को स्वीकार नहीं किया. कोर्ट ने याचिका को बलहीन मानते हुए खारिज कर दिया. कोर्ट ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित जमीनों पर व्यावसायिक निर्माण की अनुमति नहीं दी जा सकती, चाहे निर्माण किसी ने भी कराया हो.
इस मामले में जस्टिस अजीत कुमार और जस्टिस गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने आदेश पारित किया.
चेक बाउंस के मामले में संभल जिला कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने आरोपी को 1 साल के साधारण कारावास और 2,50,000 रुपये के अर्थदंड / प्रतिकर की सजा सुनाई है. यह प्रतिकर परिवादी को मिलेगा. जुर्माना न देने पर आरोपी को 1 वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा. संभल जिला न्यायालय, चन्दौसी के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने यह फैसला सुनाया.
क्या है पूरा मामला?
अभियुक्त अशोक कुमार शर्मा ने अपने दोस्त से 4 लाख रुपये उधार लिए थे. उधार की रकम चुकाने के लिए उन्होंने दोस्त को चेक दिया था, जो बाउंस हो गया. चेक बाउंस होने पर पीड़ित ने कोर्ट में केस दायर किया था. लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 1 वर्ष का साधारण कारावास और 2,50,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई.