App

जब नितिन गडकरी ने शुभेंदु अधिकारी के साथ चखा झालमुड़ी का स्वाद, CM ने की थी व्यवस्था

नितिन गडकरी ने झालमुड़ी खाने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि सीएम शुभेंदु अधिकारी की ओर से झालमुड़ी की व्यवस्था की गई थी. बता दें कि केंद्रीय मंत्री यहां अपने मंत्रालय से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करने पहुंचे थे.

जब नितिन गडकरी ने शुभेंदु अधिकारी के साथ चखा झालमुड़ी का स्वाद, CM ने की थी व्यवस्था
Image Credit: जब नितिन गडकरी ने शुभेंदु अधिकारी के साथ चखा झालमुड़ी का स्वाद (AI तस्वीर)

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के वक्त पीएम मोदी ने झालमुड़ी खाई थी. इसके बाद से बंगाल पहुंचने बीजेपी का हर बड़ा-छोटा नेता झालमुड़ी का स्वाद जरूर लेता है. इसी कड़ी में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पूर्व मेदिनीपुर में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ झालमुड़ी खाई. नितिन गडकरी ने खुद इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किया है. वीडियो शेयर करते हुए केंद्रीय मंत्री ने लिखा कि पश्चिम बंगाल के कोलाघाट, पूर्व मेदिनीपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने झालमुड़ी की व्यवस्था की थी. उनके साथ झालमुड़ी का आनंद लिया. राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पालसित से दानकुनी तक 63.83 किमी लंबाई के मार्ग का 6-लेन में विकास किया गया.

 

 

फरक्का में एक ब्रिज का उद्घाटन किया

यह मार्ग हावड़ा, हुगली और बर्धमान क्षेत्रों के बीच संपर्क को बेहतर बनाने के साथ साथ माल वाहक परिवहन और व्यापारी गतिविधियों को गति प्रदान करेगा. यह कोलकाता को दुर्गापुर और पश्चिम बंगाल के औद्योगिक क्षेत्रों से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण कॉरिडोर को सशक्त बनाएगा. वहीं, फरक्का में गंगा नदी पर बने नए 4-लेन पुल और उसके संपर्क मार्ग को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया है. 521.20 करोड़ रुपए की लागत वाली यह परियोजना मुर्शिदाबाद और मालदा क्षेत्रों के बीच आवागमन को सुगम बनाने और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. इससे गंगा के आर-पार यात्रा का समय घटेगा और उत्तर बंगाल की ओर संपर्क भी सुदृढ़ होगा.

कुल 20 परियोजनाओं का भूमिपूजन हुआ

इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में सड़क और पुल बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए कुल 20 परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया. सड़क सुरक्षा योजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-12 एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर 57 वीयूपी/एलवीयूपी के निर्माण से सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा. राज्य मार्गों पर सुरक्षित सफर सुनिश्चित होगा. राष्ट्रीय राजमार्ग-116 बी पर रामनगर बाईपास के निर्माण से शहर के भीतर ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी. सड़क चौड़ीकरण और बाईपास के निर्माण से यात्रा के समय में कमी आएगी. ईंधन और समय की बचत होगी. सेतुबंधन योजना के अंतर्गत नोरघाट एवं द्वारकेश्वर नदी पर 2 बड़े पुलों के निर्माण से संपर्क आसान होगा. दीघा, मंदारमणि, ताजपुर एवं बक्खाली तक बेहतर संपर्क से पर्यटन और मत्स्य व्यापार में वृद्धि होगी. झारखंड सीमा (गोवाई नदी चेक पोस्ट) तक सुगम मार्ग से अंतर-राज्यीय माल ढुलाई आसान होगी और समय की बचत होगी.

75 हजार करोड़ से चमकेंगी राज्य की सड़कें

इन परियोजनाओं से यातायात दबाव घटेगा और कोलकाता, कृष्णनगर, बहरमपुर, मालदा और दुर्गापुर के बीच संपर्क बेहतर होगा. इन सभी परियोजनाओं के माध्यम से पश्चिम बंगाल में आधुनिक सड़क नेटवर्क, बेहतर पुल और सुरक्षित यातायात का विस्तार होगा. बेहतर सड़क संपर्क से उद्योगों, व्यापारिक केंद्रों, कृषि क्षेत्रों और नागरिकों को विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे.

कार्यक्रम के दौरान 75 हजार करोड़ की नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की घोषणा की गई. इसमें 20 हजार करोड़ की लागत से दानकुनी से कोलाघाट 58 किमी 8-लेन मार्ग के निर्माण की घोषणा की. 12 हजार करोड़ की लागत से मोरेग्राम से किशनगंज 245 किमी 4-लेन हाई स्पीड कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की गई. सबसे महत्वपूर्ण कोलकाता के लिए 250 किमी लंबाई के और 14 हजार करोड़ रुपए की लागत वाले रिंग रोड की घोषणा की गई. इसके साथ मार्ग चौड़ीकरण परियोजनाओं का भी ऐलान किया गया.

रिपोर्ट- आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More