)
जब से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI ने मार्केट में कदम रखा है, बड़ी-बड़ी कंपनियों ने खुद को बदलने के नाम पर पुराने ढर्रे को तोड़ना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में अब यूरोप की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी SAP SE का नाम जुड़ गया है. ब्लूमबर्ग की एक ताजा रिपोर्ट ने टेक गलियारों में हलचल तेज कर दी है, जिसके मुताबिक जर्मनी की यह दिग्गज कंपनी कम से कम 10,000 पदों को खत्म करने की तैयारी में जुट गई है.
आखिर क्यों 10,000 लोगों की नौकरी पर लटकी है तलवार?
SAP कोई छोटी-मोटी कंपनी नहीं है. पूरी दुनिया में इसके 1,10,000 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं और बड़े-बड़े बिजनेस इसी के सॉफ्टवेयर के दम पर चलते हैं. लेकिन अब कंपनी के सीईओ क्रिश्चियन क्लेन ने एक नया गियर डाल दिया है. उनका पूरा फोकस अब SAP को एक 'AI-फर्स्ट' कंपनी बनाने पर है. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अपने पूरे बिजनेस मॉडल की बड़े पैमाने पर रीस्ट्रक्चरिंग कर रही है ताकि आने वाले AI युग के लिए खुद को पूरी तरह तैयार कर सके.
हालांकि राहत या सस्पेंस की बात यह है कि अभी 10,000 का यह आंकड़ा पूरी तरह से पत्थर की लकीर नहीं है. लेबर रिप्रेजेंटेटिव्स यानी कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के बाद इस फाइनल नंबर में थोड़ा बहुत बदलाव भी हो सकता है. जब इस मामले पर ब्लूमबर्ग ने कंपनी से सीधा सवाल किया, तो SAP ने छंटनी की पुष्टि करने से तो इनकार कर दिया, लेकिन एक नपा-तुला बयान जरूर दिया. कंपनी का कहना है कि वह लगातार अपने संगठन की समीक्षा करती रहती है ताकि उसकी रणनीति और ग्राहकों की जरूरतें आपस में मेल खाती रहें.
किन डिपार्टमेंट्स पर गिरने वाली है सबसे ज्यादा गाज?
जब भी किसी कंपनी में कॉस्ट कटिंग या रीस्ट्रक्चरिंग होती है, तो सबसे पहले उन टीमों की तरफ देखा जाता है जहां काम करने का तरीका सबसे तेजी से बदल रहा है. SAP के मामले में सभी बिजनेस यूनिट्स से साफ कह दिया गया है कि वे उन जगहों की पहचान करें जहां खर्च कम किया जा सकता है.
इस पूरी कवायद में तीन मुख्य डिपार्टमेंट्स सबसे ज्यादा रडार पर हैं:
प्रोडक्ट टीम: नए जमाने के सॉफ्टवेयर बनाने के तरीके बदल रहे हैं, इसलिए पुराने प्रोडक्ट स्ट्रक्चर पर सवाल उठ रहे हैं.
इंजीनियरिंग टीम: कोडिंग और डेवलपमेंट में AI के बढ़ते दखल के बाद इस सेक्शन की बारीकी से जांच हो रही है.
सेल्स डिपार्टमेंट: सॉफ्टवेयर बेचने के पुराने तरीकों को बदलकर नए सिरे से खड़ा करने की तैयारी है, जिससे सेल्स टीम पर भी दबाव बढ़ गया है.
सिर्फ आम कर्मचारी नहीं, टॉप बॉस की भी हो रही है छुट्टी
अक्सर लोग सोचते हैं कि छंटनी की मार सिर्फ जूनियर या मिड-लेवल कर्मचारियों पर पड़ती है, लेकिन SAP की कहानी थोड़ी अलग है. यहां ऊपर से लेकर नीचे तक सब कुछ हिलता हुआ नजर आ रहा है. रिपोर्ट बताती है कि इस साल कंपनी ने अपने एग्जीक्यूटिव बोर्ड में दो बार बड़ा फेरबदल किया है. आलम यह है कि छह बोर्ड मेंबर्स में से दो तो मार्च में कंपनी छोड़ने वाले हैं.
कंपनी के प्रोडक्ट चीफ मुहम्मद आलम का कॉन्ट्रैक्ट मार्च में खत्म हो रहा है और कंपनी ने इसे आगे न बढ़ाने का फैसला किया है. उनकी ज्यादातर जिम्मेदारियां अब खुद सीईओ क्रिश्चियन क्लेन ने अपने कंधों पर ले ली हैं. वहीं दूसरी तरफ, सेल्स चीफ थॉमस सॉरेसिग ने भी हाल ही में घोषणा की है कि वे SAP छोड़कर इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी Ionos Group SE के सीईओ बनने जा रहे हैं. साफ है कि कंपनी की लीडरशिप लेयर पूरी तरह से नया रूप ले रही है.
AI की रेस में पिछली चुनौतियों से सबक ले रहा है SAP
दरअसल, SAP के इस सख्त कदम के पीछे एक पुरानी कसक भी छिपी है. इससे पहले कंपनी ने AI से लैस कुछ प्रोडक्ट्स मार्केट में उतारने की कोशिश की थी, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उस रोलआउट में कंपनी को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा था. टेक दुनिया में आज स्पीड ही सब कुछ है. अगर आप समय रहते खुद को अपग्रेड नहीं करते, तो बाजार आपको पीछे छोड़ देता है.
यही वजह है कि अब SAP की लीडरशिप सॉफ्टवेयर बनाने और बेचने के पूरे तौर-तरीके को नए सिरे से डिजाइन कर रही है. कंपनी चाहती है कि उसके पूरे एप्लिकेशन पोर्टफोलियो में AI की ताकत गहराई से शामिल हो, न कि सिर्फ ऊपरी दिखावे के तौर पर.