)
विजय कुमार/नोएडा साइबर ठगी: दिल्ली-NCR में साइबर गुलामी और मानव तस्करी से जुड़े एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है. इस गिरोह के चंगुल से 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया है. इनमें 92 इंडोनेशिया और 72 मलेशिया के नागरिक शामिल हैं. पुलिस ने गिरोह के कथित मास्टरमाइंड एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है. वहीं, दो भारतीय आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, इस पूरे सिंडिकेट का कॉल सेंटर नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक बिल्डिंग से संचालित किया जा रहा था. यहां विदेशी नागरिकों से उनके ही देश के लोगों को फोन करवाकर साइबर ठगी कराई जाती थी. आरोप है कि इन लोगों को नौकरी और अच्छी सैलरी का झांसा देकर भारत बुलाया गया था. भारत आने के बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे और उन्हें जबरन साइबर फ्रॉड करने के लिए मजबूर किया जाता था.
क्राइम ब्रांच के जॉइंट सीपी सुरेंद्र जाखड़ के मुताबिक, गिरोह के सदस्य कंबोडिया, मलेशिया और इंडोनेशिया के युवाओं को बिजनेस वीजा पर भारत बुलाते थे. उन्हें अच्छी नौकरी और कमाई का लालच दिया जाता था. भारत पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट अपने कब्जे में लेकर उन्हें बंधक बना लिया जाता था. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और डराने-धमकाने का भी आरोप है.
इस नेटवर्क में 19 से 25 साल के युवक-युवतियां शामिल थे. कॉल सेंटर में कुछ पुरुषों को महिला बनकर फोन पर बात करने की ट्रेनिंग भी दी गई थी, जिससे वे आसानी से लोगों का भरोसा जीत सकें और उन्हें ठगी का शिकार बना सकें.
पुलिस के मुताबिक, इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा एक विदेशी नागरिक के ईमेल से हुआ. पीड़ित ने ईमेल के जरिए पुलिस को बताया कि उसे बंधक बनाकर जबरन साइबर ठगी कराई जा रही है. शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और पूरे सिंडिकेट का पता लगाया.
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया. मामले की जानकारी विदेश मंत्रालय और संबंधित देशों के दूतावासों को भी दी गई है. सभी को उनके देश वापस भेजने के लिए FRRO की मदद ली जा रही है.
जांच में सामने आया है कि गिरोह के मास्टरमाइंड ने लाखों रुपये महीने के किराए पर PG लिया हुआ था. यहां विदेशी नागरिकों को ठहराया जाता था. उन्हें PG से कॉल सेंटर तक लाने और वापस पहुंचाने के लिए दर्जनों कैब भी किराए पर लगाई गई थीं. इससे साफ है कि पूरे नेटवर्क को एक संगठित तरीके से चलाया जा रहा था.
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, छापेमारी के दौरान पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं. पुलिस ने मौके से 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, दर्जनों सिम कार्ड और 150 से ज्यादा पासपोर्ट बरामद किए हैं. इसके अलावा इंटरनेट रोमिंग और संचार से जुड़े उपकरण भी मिले हैं.
पुलिस ने इस मामले में एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है. जांच में सुनील कुमार और सुशील कुमार नाम के दो भारतीय आरोपियों की भूमिका भी सामने आई है. पुलिस दोनों की तलाश कर रही है. पुलिस के मुताबिक, सुनील कुमार विदेश भाग चुका है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन देशों से जुड़े हैं और साइबर ठगी के जरिए कितनी रकम जुटाई गई है.