)
राजस्थान SOG ने एक ऐसे ही सनसनीखेज नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसे सुनकर आप भी चौंक जाएंगे. कहानी है फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर बनने वाले रामकिशोर महावर की. 11वीं पास रामकिशोर ने पहले राजस्थान में निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में काम किया. दौसा, बालोतरा और बयाना में अस्पतालों से जुड़ा रहा. इसी दौरान उसे मेडिकल क्षेत्र की कार्यप्रणाली और अल्ट्रासाउंड संबंधी काम का अनुभव मिला.
इसके बाद उसने एक व्यक्ति के जरिए रामा मेडिकल कॉलेज, उत्तर प्रदेश की MBBS डिग्री की PDF हासिल की. PDF में बदलाव कर खुद के नाम से फर्जी डिग्री तैयार कर ली. इसी फर्जी डिग्री के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी करवा लिया. इतना ही नहीं, दौसा के खेड़ला स्थित एक निजी अस्पताल में करीब 15 दिन डॉक्टर बनकर काम भी किया.
रामकिशोर की महत्वकांक्षा ने जोर मारा और उसका अगला पड़ाव था दिल्ली. अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 तक सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट और वार्ड बॉय के रूप में काम किया. इसी दौरान फेसबुक पर बैकडेट में शैक्षणिक डिग्रियां उपलब्ध करवाने का विज्ञापन देखा. व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया और करीब साढ़े छह लाख रुपए में 12वीं, MBBS और MD गायनेकोलॉजी की डिग्रियां हासिल करने का सौदा कर लिया.
आरोपी को तमिलनाडु बोर्ड की 12वीं और सिक्किम मणिपाल विश्वविद्यालय की MBBS और MD की डिग्रियां उपलब्ध करवाई गईं. इन दस्तावेजों के आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी हासिल कर लिया. इसके बाद जून 2025 में सफदरजंग अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट पर जूनियर रेजिडेंट के तौर पर काम शुरू कर दिया. यानी जो व्यक्ति कुछ समय पहले अस्पताल में वार्ड बॉय था, वही फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर की भूमिका में पहुंच गया.
रामकिशोर यहीं नहीं रुका, उसने फर्जी डिग्रियों पर फर्जी डिग्रियां हासिल करने की सोची. उसने फेसबुक पर मेडिकल एजुकेशन, नई दिल्ली के नाम से चल रहे विज्ञापन के जरिए एक अन्य व्यक्ति से संपर्क किया. इस बार करीब साढ़े पांच लाख रुपए में DMRD यानी डिप्लोमा इन मेडिकल रेडियो डायग्नोसिस की डिग्री बनवाने का सौदा हुआ. आरोपी को सात दिन में डिग्री ऑनलाइन उपलब्ध करवाने और दिल्ली मेडिकल काउंसिल के पुराने रजिस्ट्रेशन में जुड़वाने का भरोसा दिया गया.
SOG के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि फर्जी डिग्री ऑनलाइन उपलब्ध होने के बाद आरोपी दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी करने लगा. महाराष्ट्र के सरकारी मेडिकल कॉलेज मिराज से संबंधित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में भी पंजीयन करवाने का खुलासा हुआ है.
एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि अब तक जांच में सामने आया कि यह किसी एक व्यक्ति का फर्जीवाड़ा नहीं, बल्कि संगठित नेटवर्क था. इस नेटवर्क में हर व्यक्ति की अलग भूमिका थी.
यानी पूरा नेटवर्क इस तरह काम करता था कि ग्राहक को सिर्फ फर्जी कागज ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन रिकॉर्ड और मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन तक उपलब्ध करवाया जाता था. खास बात यह है कि आरोपी फर्जी डिग्रियों के आदान प्रदान के दौरान एक बार भी एक दूसरे से नहीं मिले. डिग्रियों के साथ ही पैसों का लेनदेन भी ऑनलाइन ही किया गया.
इस पूरे नेटवर्क तक पहुंचना SOG के लिए बड़ी चुनौती था. आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए तकनीकी सुरक्षा उपायों और फायरवॉल का इस्तेमाल कर रहे थे. लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के आधार पर SOG ने अलग-अलग राज्यों में दबिश दी.
एडीजी विशाल बंसल ने कहा कि SOG की जांच में फर्जी डिग्री कारोबार का दायरा और भी बड़ा सामने आया है. मैसूर विश्वविद्यालय, आंध्र विश्वविद्यालय, अन्ना विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज सहित कई संस्थानों के नाम सामने आए हैं. इसके अलावा करीब 30 से 40 अन्य विश्वविद्यालयों और संस्थानों की डिग्रियां तैयार करने की जानकारी भी मिली है. इनमें राजस्थान के जोधपुर नेशनल यूनिवर्सिटी और भगवंत विश्वविद्यालय का नाम भी शामिल है.
फर्जी प्रमाण-पत्रों में 10वीं, 12वीं, BA, BEd, BSc, MA, MSc, BTech, MBBS, MD, MS, BAMS और DMRD जैसे कोर्स शामिल हैं. इसके अलावा PHD के भी फर्जी डिग्री भी उपलब्ध कराई जाती थी. अब की जांच में सामने आया है कि 200 से 300 लोगों को फर्जी डिग्रियां बांटी गई है. हालांकि, इनकी संख्या और भी हो सकती है. अब SOG इस बात की पड़ताल कर रही है कि इन फर्जी डिग्रियों के आधार पर कितने लोगों ने अलग-अलग संस्थानों में नौकरी हासिल की और कितने लोग मेडिकल काउंसिल में पंजीयन करवाकर मरीजों का इलाज कर रहे हैं. अलग-अलग डिग्रियों के लिए अलग-अलग राशि ली जा रही थी.
इस पूरे खुलासे के बाद SOG ने विश्वविद्यालयों, मेडिकल कॉलेजों और मेडिकल काउंसिलों के लिए विशेष सलाह जारी करने की बात कही है. डिग्रियों का सत्यापन सिर्फ ऑनलाइन या ईमेल के आधार पर नहीं करने की सलाह दी गई है. ऑनलाइन, ऑफलाइन, रजिस्टर्ड डाक और व्यक्तिगत सत्यापन जैसे अलग-अलग माध्यम अपनाने को कहा गया है. रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, कॉलेज कोड, अंकतालिका और डिग्री सीरियल नंबर की क्रॉस जांच भी जरूरी बताई गई है.