App

25 साल पुरानी तस्वीर, 10 सेकंड में कबूलनामा: जयपुर में छिपा बैठा था MP का हिस्ट्रीशीटर! CST ने कैसे दबोचा? पढ़ें पूरी कहानी

MP का हिस्ट्रीशीटर अल्ताफ खान हुसैन पिछले 25 सालों से जयपुर में छिपा हुआ था. आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया. अल्ताफ पर हत्या और लूट समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज है.

25 साल पुरानी तस्वीर, 10 सेकंड में कबूलनामा: जयपुर में छिपा बैठा था MP का हिस्ट्रीशीटर! CST ने कैसे दबोचा? पढ़ें पूरी कहानी
Image Credit: जयपुर से MP का फरार हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार (AI IMAGE)

जयपुर से सामने आई इस खबर ने ये तो साफ कर दिया है कि आप सच्चाई को चाहे कितना ही क्यों न छिपा लें, एक न एक दिन वो सामने आ ही जाता है. कुछ ऐसा ही हुआ जयपुर के नाई की थड़ी इलाके में प्रॉपर्टी का काम करने वाले 50 वर्षीय अल्ताफ खान हुसैन के साथ. उसका एक ऐसा राज सामने आया है, जिसे वो छिपाने की कोशिश 25 सालों से कर रहा था और खुद भी बच रहा था. आइए जानते हैं क्या पूरा मामला-

मध्य प्रदेश का हिस्ट्रीशीटर निकला

पुलिस ने अल्ताफ खान हुसैन के सामने 25 साल पुरानी एक तस्वीर रखी, जिसमें वह हवालात के बाहर खड़ा नजर आ रहा था, तो वह घबरा गया. फिर क्या था, 10 सेकंड की पूछताछ में ही उसने मान लिया कि वह मध्य प्रदेश का हिस्ट्रीशीटर है और हत्या के मामले में सजा मिलने के बाद पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था. आइए जानते हैं पूरा मामला-

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ एमपी में हत्या, लूट और हथियार सप्लाई समेत 12 मामले दर्ज हैं. वह 25 सालों से जयपुर में अच्छा व्यक्ति बन कर रह रहा था. स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार, सीएसटी (CST) को जानकारी मिली थी कि नाई की थड़ी में प्रॉपर्टी का काम करने वाला यह व्यक्ति दिन में नजर नहीं आता और केवल रात के समय ही इलाके में आता है. संदेह को पुख्ता करने के लिए पुलिस टीम ने संभावित खरीदार बनकर उससे संपर्क किया. शक गहराने पर उसे हिरासत में लेकर पुरानी फोटो दिखाई गई, जिससे पूरा मामला सामने आ गया.

ऐसे हुआ था फरार अल्ताफ

मिली जानकारी के अनुसार, अल्ताफ अपने परिवार के साथ पहचान छिपाकर रह रहा था और लोगों का विश्वास जीतने के लिए उन्हें सस्ते दामों पर जमीन उपलब्ध कराता था. अल्ताफ मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के श्यामगढ़ का रहने वाला है. करीब 25 साल पहले उसकी गली में धर्मेंद्र नामक व्यक्ति की हत्या हुई थी, जिसके आरोप में पुलिस ने उसे अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया.

करीब सात-आठ साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद जब उसे सजा सुनाई गई और जेल ले जाया जा रहा था, तब उसके समेत पांच आरोपियों के साथ तीन पुलिसकर्मी मौजूद थे. रास्ते में एक होटल पर खाना खाने के दौरान वह शौच जाने का बहाना बनाकर भाग निकला. वहां से वह जयपुर में एक रिश्तेदार के पास पहुंचा और बाद में अपनी पत्नी और बच्चों को भी यहीं बुला लिया.

बिना वेरिफिकेशन मकान मालिक ने रखा किराएदार

पुलिस के मुताबिक, नाई की थड़ी में अल्ताफ जिस मकान में किराए पर रह रहा था, उसके मालिक ने उसका पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया था. अब पुलिस मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है. स्पेशल पुलिस कमिश्नर ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे किराएदार रखने से पहले उसका वेरिफिकेशन जरूर कराएं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More