App

यूपी में कब होंगे पंचायत चुनाव? ग्राम प्रधानों को फिर 6 महीने के लिए बनाया गया प्रशासक

यूपी सरकार ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक के रूप में छह महीने का और विस्तार दिया है. जानिए पंचायत चुनाव में देरी की वजह और अब कब तक होंगे चुनाव.

यूपी में कब होंगे पंचायत चुनाव? ग्राम प्रधानों को फिर 6 महीने के लिए बनाया गया प्रशासक
Image Credit: UP Panchayat Election 2026 (Image ZEE CREATIVE)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधानों को एक बार फिर बड़ी राहत मिली है. सरकार ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक के रूप में 6 महीने का और विस्तार दे दिया है. इस संबंध में  शासनादेश जारी कर दिया गया है.कैबिनेट से पहले ही इस प्रस्ताव को पास किया जा चुका है. यानी विधानसभा चुनाव के बाद पंचायत चुनाव होंगे.

प्रमुख सचिव पंचायती राज रविन्द्र की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, शुक्रवार से ग्राम प्रधानों के प्रशासक के रूप में नए छह महीने की अवधि शुरू होगी.  इससे पहले उन्हें 6 महीने के लिए प्रशासक बनाया गया था, जिसकी समय सीमा गुरुवार को पूरी हो रही थी. अब सरकार ने उनकी जिम्मेदारी आगे बढ़ा दी है. इस व्यवस्था के तहत निवर्तमान प्रधान छह महीने तक या समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक प्रशासक बने रहेंगे.

पंचायत चुनाव में देरी की वजह क्या है?

उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधानों का पांच साल का कार्यकाल 25 मई को पूरा हो गया था.  इसके बाद भी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव नहीं हो सके.  दरअसल, पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण तय करने के लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट जरूरी है.  लेकिन आयोग की रिपोर्ट नहीं आने के कारण चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई. इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने पहले निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी थी. अब रिपोर्ट आने में देरी के कारण उनका कार्यकाल एक बार फिर छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया है.

मई में पहली बार बने थे प्रशासक

यूपी में पहली बार 26 मई को निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक की जिम्मेदारी दी गई थी. इससे पहले व्यवस्था यह थी कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने पर संबंधित विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को ग्राम पंचायतों का प्रशासक बनाया जाता था.  हालांकि, इस बार ग्राम प्रधानों की मांग और पंचायत चुनाव में देरी को देखते हुए सरकार ने उन्हें ही पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्णय के बाद पंचायती राज विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया था.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More