App

पहला नहीं, यह है 28वां कलियुग! इतने साल पहले जन्मे थे श्रीकृष्ण, गच्चा खा जाएंगे ये कालगणना जानकर

अक्‍सर ये सवाल पूछा जाता है कि कलियुग कब खत्‍म होगा, लेकिन आपको ये जानकर हैरानी होगी कि इससे पहले कई कलियुग बीत चुके हैं. जी हां, आज कालचक्र की गणना का ये रहस्‍य जानिए.

पहला नहीं, यह है 28वां कलियुग! इतने साल पहले जन्मे थे श्रीकृष्ण, गच्चा खा जाएंगे ये कालगणना जानकर
Image Credit: कालचक्र की गणना के अनुसार अभी ब्रह्मा जी के 100 साल में से 51 वें साल के 5वे कल्‍प के 7वें मन्‍वंतर का 28 वां कलियुग चल रहा है. (Photo:AI)

हिंदू पुराणों में जो कालगणना बताई गई है, उसके बारे में जानेंगे तब आपको विशालता और सूक्ष्‍मता का सही अहसास होगा. क्‍योंकि कलियुग ही लाखों वर्ष का है, उससे पहले सतयुग, त्रेतायुग और द्वापरयुग बीत चुके हैं. लेकिन आपको ये सुनकर आश्‍चर्य होगा कि ऐसे कई सतयुग, द्वापरयुग, त्रेतायुग और कलियुग बीत चुके हैं. फिलहाल जो कलियुग चल रहा है, वह 28वां कलयुग है.

हर युग में अवतार नहीं लेते भगवान

अब जब इतने सारे युग हैं, तो आप ये मत सोच लीजिएगा कि हर युग में भगवान अवतार लेते हैं. किसी-किसी युग में ही भगवान अवतार लेते हैं. जैसे भगवान श्रीकृष्‍ण ने 28वें द्वापरयुग में अवतार लिया था, पर उससे ठीक पहले आए त्रेतायुग में भगवान राम नहीं जन्‍मे थे. बल्कि भगवान राम ने 24वें त्रेतायुग में अवतार लिया था.

इसका मतलब है कि श्रीकृष्‍ण का अवतार कलियुग शुरू होने से ठीक पहले करीब 5,128 वर्ष पहले ही हुआ था, जबकि भगवान राम के अवतार को बीते हुए कई युग गुजर चुके हैं.

कैसे होती है कालगणना?

हिंदू धर्म में समय की बहुत ही व्यापक धारणा है. क्षण के हजारवें हिस्से से भी कम से इसकी गणना शुरू होती है और ब्रह्मा के 100 वर्ष पर भी समाप्त नहीं होती. हमारी गणनाएं सेकंड, मिनट, घंटे, दिन, महीने, साल, सैकड़ों-हजारों या लाखों साल पर समाप्‍त हो जाती है लेकिन हिंदू पुराणों में जो कालगणना बताई गई है, वो इससे कहीं आगे है. सबसे पहले हम युगों के बारे में जानते हैं.

कितने साल का है कौन-सा युग?

सतयुग - 17 लाख 28 हजार वर्ष
त्रेतायुग - 12 लाख 96 हजार वर्ष 
द्वापरयुग - 8 लाख 64 हजार वर्ष  
कलियुग - 4 लाख 32 हजार वर्ष (कलियुग को प्रारंभ हुए अभी 5,128 साल हुए हैं और 4 लाख 26 हजार 872 साल बाकी हैं)

जब चारों युग - सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलियुग का चक्र एक बार पूरा होता है, तो उसे चतुर्युग कहते हैं. जब 71 बार चारों युग यानी कि चतुर्युग बीतता है, तो उसे 1 मन्‍वंतर कहा जाता है. हर मन्‍वंतर के एक राजा होते हैं, जिन्‍हें मनु कहा जाता है.

अभी जो मन्‍वंतर चल रहा है, उसका नाम है वैवस्‍वत मन्‍वंतर. श्‍वेतवराह कल्‍प चल रहा है. जब 1 हजार बार चतुर्युग (चारों युग) बीतें तो उसे 1 कल्‍प कहा जाता है. 1 कल्‍प ब्रह्मा जी का आधा दिन होता है, यानी कि 12 घंटा. 2 हजार बार जब चतुर्युग बीतता है तब ब्रह्मा जी का एक दिन बीतता है. ऐसे में जरा सोचिए कि ब्रह्मा जी के 100 वर्ष कितने बड़े होते हैं, इसकी कल्‍पना करना भी इंसानी दिमाग के लिए मुश्किल है.

चार युग = 1 चतुर्युग (1 महायुग)
71 चतुर्युग =  1 मन्‍वंतर 
1 हजार चतुर्युग या 14 मन्वंतर = 1 कल्‍प 
1 कल्‍प = ब्रह्मा जी का आधा दिन (12 घंटे) 
2 कल्‍प = ब्रह्मा जी का एक पूरा दिन (24 घंटे) 
इस तरह ब्रह्मा जी का एक दिन करीब 4.32 अरब मानव वर्षों के बराबर होता है.

हिंदू धर्म में धरती के इतिहास की गाथा 5 कल्पों में बताई गई है. ये पांच कल्प हैं - महत्, हिरण्य, ब्रह्म, पद्म और वराह. इनमें से चार कल्प बीत चुके हैं और अभी श्‍वेतवराह कल्प चल रहा है.

संकल्‍प का मंत्र

पंडित जी जब संकल्‍प कराते हैं तो वो जो मंत्र बोलते हैं, उसमें मौजूदा काल की पूरी गणना होती है.

ॐ विष्णवे नमः, ॐ विष्णवे नमः, ॐ विष्णवे नमः।
ॐ अद्य ब्रह्मणोऽह्नि द्वितीयपरार्धे श्रीश्वेतवाराहकल्पे वैवस्वतमन्वन्तरे अष्टाविंशतितमे कलियुगे कलिप्रथमचरणे, जम्बूद्वीपे भरतखण्डे भारतवर्षे आर्यावर्तैकदेशान्तर्गते...
(इसके बाद अपने स्थान/नगर का नाम, संवत्सर, अयन, ऋतु, मास, पक्ष, तिथि, वार, नक्षत्र, योग, करण, अपना गोत्र और नाम आदि बोलकर पूजा का उद्देश्य कहा जाता है.)

इस मंत्र का अर्थ है -

• ब्रह्मणोऽह्नि द्वितीयपरार्धे: ब्रह्मा जी की कुल 100 वर्ष की आयु के 51वें वर्ष के पहले दिन में.
• श्रीश्वेतवाराहकल्पे: वर्तमान कल्प का नाम श्वेतवाराह कल्प है.
• वैवस्वतमन्वन्तरे: इस कल्प के 14 मन्वंतरों में से वर्तमान 7वें वैवस्वत मन्वंतर में.
• अष्टाविंशतितमे कलियुगे: इस मन्वंतर के 71 चतुर्युगों में से वर्तमान 28वें चतुर्युग के कलियुग में.
• कलिप्रथमचरणे: कलियुग के प्रथम चरण में.
• जम्बूद्वीपे भरतखण्डे भारतवर्षे: भौगोलिक स्थिति- जम्बूद्वीप के भरतखण्ड और भारतवर्ष में.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी पौराणिक ग्रंथों, पंचांग और सामान्य धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More