App

वराह अवतार और महादेव से जुड़ी है महातेजस्वी मंगल की जन्मकथा, जानिए क्यों लाल है यह ग्रह!

इस लेख में वराह अवतार और महादेव से जुड़ी मंगल की जन्मकथा जानेंगे, उनका तेजस्वी स्वरूप, लाल रंग का रहस्य, पौराणिक कथा, ज्योतिषीय महत्व और धार्मिक मान्यताएं विस्तार से समझेंगे.

वराह अवतार और महादेव से जुड़ी है महातेजस्वी मंगल की जन्मकथा, जानिए क्यों लाल है यह ग्रह!

मंगल ग्रह क्रोध, साहस और शारीरिक ऊर्जा के कारक हैं. वहीं, मंगल देव को ग्रहों का सेनापति भी कहा गया है. मन में सवाल उठता है कि मंगल ग्रह का जन्म कैसे हुआ, इस ग्रह के जन्म का भगवान शिव और विष्णु जी के वराह अवतार से क्या संबंध है? पौराणिक ग्रंथों में मंगल देव को भूमिपुत्र कहा गया है, जिनके जन्म से जुड़ी दो पौराणिक कथाओं का जिक्र किया जाता है. इन्हीं कथाओं से यह भी जानने को मिलता है कि आखिर मंगल ग्रह लाल ही क्यों है. आइए इस लेख में जानें मंगल की जन्मकथा क्या है.

मंगल देव के बारे में

मंगल ग्रह नवग्रह में विशेष स्थान रखते हैं. देवता के रूप में देखें तो मंगल देव की चार भुजाएं हैं जिनमें से दो अभयमुद्रा और वरमुद्रा में हैं, वहीं, दो में त्रिशूल और गदा है. मंगल देव का पूरा शरीर लाल रंग का है. लाल माला और लाल वस्त्र धारण करने वाले मंगल देव भेड़ की सवारी करते हैं. मंगल देव जब किसी से प्रसन्न हो जाते हैं तो उसकी सभी इच्छाओं को पूरा करते हैं और उसे भारी से भारी कर्ज से मुक्त कर देते हैं.

महादेव से जुड़ी मंगल की जन्मकथा

मंगल ग्रह के बारे में स्कंदपुराण के अवंतिका खण्ड में जानने को मिलता है. एक समय की बात है उज्जयिनी पुरी यानी आज के उज्जैन में अंधक नाम का एक दैत्य था जिसके पुत्र का नाम कनक दानव था. एक बार की बात है महाशक्तिशाली कनक दानव ने युद्ध के लिए इंद्र देव को ललकारा. इस तरह कनक दैत्य और इंद्र देव के बीच युद्ध हुआ और इस युद्ध में कनक दैत्य का अंत हो गया. लेकिन कनक दैत्य के अंत के बाद देवताओं को उसके पिता अंधकासुर का भय हुआ. जिससे बचने के लिए देवताओं ने एक रास्ता निकाला. इंद्र समेत सभी देवता शिव जी से सुरक्षा पाने के लिए कैलाश पर्वत पहुंच गए. देवताओं के राजा इंद्र ने भगवान भोलेनाथ से कहा हे भगवन! मुझे अंधकासुर से अभय दें. शिव जी ने इंद्र देव को अभय दिया और दूसरी ओर अंधकासुर को युद्ध के लिए ललकारा. देखते ही देखते शिव जी और अंधकासुर के बीच घमासान युद्ध शुरू हो गया. यह युद्ध इतना भयंकर था कि पसीने की एक बूंद शिव जी के माथे से पृथ्वी पर जा गिरी. शिव जी के माथे से पसीना गिरते ही अंगारे जैसा लाल अंग वाले महातेजस्वी और ऊर्जा से भरे हुए भूमिपुत्र का जन्म हुआ जिसका नाम मंगल रखा गया. मंगल देव को अंगारक, भौम, रक्ताक्ष और महादेव पुत्र जैसे नामों से जाना जाता है. वहीं, अंधकासुर का वध करते समय उसका बहुत रक्त बहा जिससे मंगल पूरी तरह लाल हो गया, तब से ही मंगल का रंग लाल है. पृथ्वी के जिस स्थान से मंगल का जन्म हुआ वहां पर ब्रह्मा जी ने मंगलेश्वर नाम के एक शिवलिंग की स्थापना की जो आज के समय में मंगलनाथ मंदिर के नाम से जाना जाता है. यह मंदिर उज्जैन शहर में स्थित है.

वराह अवतार से जुड़ी मंगल की जन्मकथा

एक पौराणिक कथा मिलती है कि हिरण्यकशिपु का बड़ा भाई हिरण्याक्ष ने पृथ्वी देवी का हरण कर लिया जिन्हें मुक्त करवाने के लिए भगवान विष्णु ने वराह अवतार लिया. भगवान ने हिरण्याक्ष का वध करके पृथ्वी देवी की रक्षा की. वहीं, पृथ्वी देवी भगवान वराह से अति प्रसन्न हुईं. पृथ्वी देवी के मन में भगवान वराह को पति रूप में पाने की इच्छा जागी. ब्रह्मवैवर्त पुराण के अनुसार जब वराह रूप में भगवान ने हिरण्याक्ष का वध किया था तब उनका तेज करोड़ों सूर्यों से भी अधिक था. ऐसे में उन्होंने पृथ्वी की कामना पूरी करने के लिए अपना मनोरम रूप धारण किया और एक वर्ष तक एक अज्ञात स्थान पर पृथ्वी देवी के साथ वास करने लगे. यही वह समय था जब भगवान वराह और पृथ्वी देवी के संयोग से एक तेजस्वी, वीर और ऊर्जा से भरे हुए लाल वर्ण के मंगल का जन्म हुआ जिन्हें आगे चलकर नवग्रह में स्थान मिला.

(Disclaimer: यह लेख सामान्य ज्योतिषीय जानकारी और पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित है, इसे अंतिम सत्य या निर्णय का आधार न मानें, व्यक्तिगत कुंडली के लिए योग्य ज्योतिषी से परामर्श अवश्य लें.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More