App

इराक में जिहादियों पर कानून का शिकंजा: 8 फ्रांसीसी नागरिकों को उम्रकैद, नीस हमले के आरोपी का क्या होगा?

इराक इन दिनों हजारों संदिग्ध जिहादियों पर मुकदमा चलाने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रहा है. इस क्रम में 8 फ्रांसीसी नागरिकों को उम्रकैद की सजा सुनाई है. आइए जानते हैं पूरा मामला...

इराक में जिहादियों पर कानून का शिकंजा: 8 फ्रांसीसी नागरिकों को उम्रकैद, नीस हमले के आरोपी का क्या होगा?
Image Credit: इराक में 8 फ्रांसीसी नागरिकों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई...(कॉन्सेप्ट इमेज)

इराक की एक अदालत ने आतंकी संगठन ISIS से जुड़ने वालों को तगड़ा झटका दिया है. अदालत ने 8 फ्रांसीसी नागरिकों को उम्रकैद की सजा सुनाई है. 2 अन्य आरोपियों को 15-15 साल जेल की सजा मिली है. ये सभी संदिग्ध यूरोप छोड़कर सीरिया और इराक में जिहाद के नाम पर आतंकी गतिविधियों में शामिल हुए थे. अदालत ने 2016 के फ्रांस के नीस हमले से जुड़े मुख्य आरोपी एड्रियन गुइहल समेत 10 लोगों का फैसला अगली तारीख तक टाल दिया है. उधर फ्रांस ने अपने इन सभी नागरिकों को वापस लेने से साफ मना किया है. समाचार एजेंसी AFP के एक संवाददाता ने यह जानकारी दी.

दरअसल, साल 2014 में इस्लामिक स्टेट (ISIS) ने सीरिया और इराक पर हमला बोलकर एक बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था. हमले के दौरान आतंकियों ने बड़े पैमाने पर लोगों का कत्लेआम मचाया और वहां की महिलाओं व लड़कियों के साथ जबरदस्ती की. उस वक्त यूरोप और दुनिया के दूसरे हिस्सों से भी बड़ी संख्या में लोग इस आतंकी संगठन से जुड़ने के लिए पहुंचे थे.

कितने फ्रांसीसी नागरिकों पर चल रहा है मुकदमा?

इराक की अदालत ने 25 नवंबर यानी गुरुवार को जिन 10 लोगों को सजा सुनाई है, वे उन 47 फ्रांसीसी नागरिकों के ग्रुप में शामिल हैं, जिन्हें पिछले साल सीरिया से इराक लाया गया था. इन सभी पर सितंबर से केस चल रहा है. अदालत इस ग्रुप के 15 लोगों को उम्रकैद और एक शख्स को 15 साल की जेल की सजा पहले ही सुना चुकी है. पहले से ही इराक की जेलें ISIS के संदिग्धों से भरी पड़ी हैं और हाल में पड़ोसी देश सीरिया से भी हजारों कैदियों को यहां लाया गया है.

किस आतंकी का फैसला टला और किसे मिली उम्रकैद?

गुरुवार को जिन संदिग्धों की सजा का फैसला अगली तारीख तक टाला गया है उनमें एड्रियन गुइहल का नाम भी शामिल है. ये वही आरोपी है, जिसने 2016 में फ्रांस के नीस शहर में हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी लेने वाला ISIS का ऑडियो संदेश जारी किया था. नीस हमले में एक आतंकी ने बैस्टिल डे के जश्न में जुटी भीड़ पर ट्रक चढ़ा दिया था, जिसमें 86 लोगों की जान गई थी.

गुइहल के अलावा थॉमस कोलांज और क्वेंटिन ले ब्रून को भी अभी फैसले का इंतजार है. कोलांज की पत्नी भी उसके साथ सीरिया गई थी, जिसे पिछले साल फ्रांस में 10 साल जेल की सजा सुनाई गई थी. वहीं, ले ब्रून आतंकी संगठन के एक प्रचार वीडियो में दिखाई दिया था. इसके अलावा, ISIS के रेडियो के लिए काम करने वाले रोमेन गार्नियर को गुरुवार को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है.

सुनवाई के दौरान आरोपियों ने क्या दलील दी?

सुनवाई के दौरान ज्यादातर संदिग्धों ने अपना जुर्म कबूल किया. उन्होंने आतंकी संगठन में शामिल होने पर पछतावा जताया. कुछ ने खुद को वापस फ्रांस भेजने की गुहार भी लगाई. पिछले हफ्ते सुनवाई के दौरान जहां कई संदिग्ध चुप थे तो वहीं गुइहल ने बेहद ऊंची आवाज में अपनी बात रखी थी. उसने दावा किया कि उसने संगठन की हरकतों से तौबा कर ली है. उसने कहा, 'मैं बहुत बदल गया हूं, मैं अब एक नया इंसान हूं.' 2000 के दशक की शुरुआत में इस्लाम अपनाने वाले कोलांज का कहना था कि उसे अपनी पत्नी और बच्चों को सीरिया ले जाने का गहरा पछतावा है. 2017 में भागने की कोशिश करने के बाद से ही उसने इस संगठन को छोड़ दिया था.

सीरिया जाने वालों पर इराक में मुकदमा क्यों चल रहा है?

इराक में जिन संदिग्धों को जेल में रखा गया है फ्रांस ने उनके परिवार के सैकड़ों सदस्यों को तो अपने देश वापस बुला लिया है, लेकिन आतंकी गतिविधियों में शामिल होने वाले पुरुष आरोपियों को वापस लेने से साफ मना किया है. यही वजह है कि उन्हें अब विदेश में ही कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है.

सुनवाई के दौरान कई आरोपियों ने यह दलील भी दी कि वे सिर्फ सीरिया गए थे, तो फिर उन पर इराक में मुकदमा क्यों चलाया जा रहा है? हालांकि, इराकी सरकार अपने आतंकवाद-रोधी कानून के तहत उन पर कार्रवाई कर रही है. इस कानून के मुताबिक, ISIS में शामिल होना अपने आप में एक जुर्म है, चाहे किसी ने इराक में काम किया हो या सीरिया में.

मानवाधिकार समूहों ने मुकदमों पर सवाल उठाए

इराक ने 2017 में अमेरिकी नेतृत्व वाली सेनाओं की मदद से ISIS पर जीत का ऐलान किया था. इसके दो साल बाद, अमेरिका के समर्थन वाली कुर्द सेनाओं ने पड़ोसी देश सीरिया में भी इस आतंकी संगठन को हरा दिया था. हालांकि, इराक आज भी इस संगठन की क्रूरता के जख्मों से उबर नहीं पाया है. देश में अब भी सामूहिक कब्रें मिल रही हैं और ISIS के अत्याचारों के सबूतों की जांच लगातार जारी है.

पिछले कुछ सालों में इराकी अदालतों ने विदेशी लड़ाकों समेत आतंकवाद के दोषियों को सैकड़ों उम्रकैद और मौत की सजा सुनाई है, लेकिन कुछ मानवाधिकार संगठनों ने इन मुकदमों पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि ये फैसले जल्दबाजी में लिए जा रहे हैं और इनमें सही कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है.

सीरिया से लाए गए हजारों कैदियों का क्या हो रहा है?

फरवरी में अमेरिका ने सालों से कुर्द जेलों में बंद 60 से ज्यादा देशों के 5,700 से अधिक ISIS कैदियों को सीरिया से इराक भेजा था. इस समूह के खिलाफ भी रविवार से मुकदमे की सुनवाई शुरू हो गई है, जिसमें सबसे पहले सीरियाई नागरिकों के मामलों की सुनवाई की जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More