App

बेन स्टोक्स पर दांव लगा सकती हैं ये 3 टीमें, 2 को कप्तान की तलाश, बनेंगे मिनी ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी?

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स आईपीएल में वापसी करने के लिए तैयार हैं. 16 दिसंबर को गोवा में मिनी ऑक्शन का आयोजन होना है. स्टोक्स पर 3 टीमें दांव लगा सकती हैं, जिनमें से दो को कप्तान की तलाश है.

बेन स्टोक्स पर दांव लगा सकती हैं ये 3 टीमें, 2 को कप्तान की तलाश, बनेंगे मिनी ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी?
Image Credit: बेन स्टोक्स पर दांव लगा सकती हैं ये 3 टीमें, 2 को कप्तान की तलाश (@IPL/BCCI)

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और धाकड़ ऑलराउंडर बेन स्टोक्स आईपीएल में वापसी करने को तैयार हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो चुके स्टोक्स ने IPL 2027 से पहले होने वाले मिनी ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर कराया है. इसके साथ ही ये बहस शुरू हो चुकी है कि क्या बेन स्टोक्स नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी बन सकते हैं. स्टोक्स आईपीएल में तीन टीमों का हिस्सा रह चुके हैं. आखिरी बार वो 2023 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेले थे. CSK ने स्टार ऑलराउंडर को 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन चोट के कारण वो सिर्फ दो मैच खेल सके और पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए.

आईपीएल 2024 से पहले मेगा ऑक्शन का आयोजन हुआ, लेकिन बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट और चोट को मैनेज करने का हवाला देते हुए मेगा इवेंट से दूरी बनाने का फैसला किया. अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने फिर से आईपीएल में किस्मत आजमाने का निर्णय लिया है.

बेन स्टोक्स पर दांव लगाएंगी ये 3 टीमें?

आईपीएल 2027 से पहले हुए ऑक्शन में बेन स्टोक्स महंगे विदेशी खिलाड़ी बने थे. उन्हें संजीव गोयनका के स्वामित्व वाली तत्कालीन पुणे फ्रेंचाइजी ने 14.5 करोड़ रुपये में खरीदा था. अपने पहले आईपीएल सीजन में स्टोक्स ने 12 मैचों में 316 रन बनाए और 12 विकेट लिए. आईपीएल 2027 से पहले LSG ने ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों ट्रेड कर दिया है. लखनऊ को एक कप्तान की तलाश है और यही वजह है कि 16 दिसंबर को होने वाले मिनी ऑक्शन में ये फ्रेंचाइजी स्टोक्स के पीछे भाग सकती है.

LSG के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स को भी नए कप्तान की तलाश है. पिछले दो सीजन में अजिंक्य रहाणे टीम की कमान संभाल रहे थे, लेकिन अब वो रिटायरमेंट ले चुके हैं. मिनी ऑक्शन में KKR भी स्टोक्स पर पैसों की बरसात कर सकती है. कोलकाता नाइट राइडर्स की झोली में 41.65 करोड़ रुपये मौजूद हैं. ऐसे में इस बात की पूरी उम्मीद है कि ये दो बार की चैंपियन पूर्व इंग्लिश कप्तान पर दांव खेलेगी. टीम में ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन भी मौजूद हैं. स्टोक्स के जुड़ने से KKR और मजबूत हो सकती है.

CSK में होगी वापसी?

LSG और KKR को कप्तान की तलाश है, वहीं चेन्नई सुपर किंग्स भी एक धाकड़ ऑलराउंडर ढूंढ रही है. स्टोक्स जब पिछली बार आईपीएल खेले थे, तब वो CSK का हिस्सा थे. हैरानी नहीं होगी कि 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले ऑक्शन में चेन्नई भी उनके लिए बोली लगाए.

स्टोक्स बनेंगे सबसे महंगे खिलाड़ी?

आईपीएल 2027 के लिए 1220 खिलाड़ियों ने अपना नाम रजिस्टर कराया है. 4 दिसंबर को बीसीसीआई शॉर्टलिस्टेड खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करेगी. कप्तान की डिमांड को ध्यान में रखते हुए बेन स्टोक्स पर पैसों की बरसात हो सकती है. वो इस मिनी ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी भी साबित हो सकते हैं. 35 वर्षीय स्टार ऑलराउंडर ने अभी तक आईपीएल में 45 मुकाबले खेले हैं. उन्होंने 133.95 के स्ट्राइक रेट से 935 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक शामिल है.स्टोक्स ने आईपीएल में 28 विकेट भी चटकाए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More