App

पाकिस्तान: फजलुर रहमान की रैली रोकने उतरा पूरा प्रशासन? सरगोधा में एंट्री बैन;19 धर्मगुरुओं की जबान पर लगाया ताला

पाकिस्तान के सरगोधा में मौलाना फजलुर रहमान समेत 9 धर्मगुरुओं की एंट्री पर रोक लगाई गई है, जबकि 19 धर्मगुरुओं के भाषण देने पर 30 दिनों का प्रतिबंध लगाया गया है.

पाकिस्तान: फजलुर रहमान की रैली रोकने उतरा पूरा प्रशासन? सरगोधा में एंट्री बैन;19 धर्मगुरुओं की जबान पर लगाया ताला
Image Credit: मौलाना फजलुर रहमान

पाकिस्तानी पंजाब प्रांत के सरगोधा जिले के प्रशासन ने जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (फजल) यानी JUI-F के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान समेत नौ लोगों के जिले में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है. इसके अलावा करीब 19 लोगों के भाषण देने पर भी रोक लगाने का आदेश जारी किया गया है. इनमें कई धर्मगुरु भी शामिल हैं. जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम ने आज (26 नवंबर) सरगोधा में एक जनसभा करने का ऐलान किया है. इस सभा को मौलाना फजलुर रहमान भी संबोधित करने वाले हैं.

सरगोधा प्रशासन के मुताबिक, ये कदम जिला पुलिस की रिपोर्ट और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए उठाए गए हैं. इन फैसलों के आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिए गए हैं. इससे पहले सरगोधा प्रशासन जिले में धारा 144 लागू कर चुका है, जिसके तहत सभी तरह की सभाओं, रैलियों और प्रदर्शनों पर रोक लगाई गई है.

हम जनसभा का आयोजन करेंगे: JUIF

दूसरी तरफ JUI-F के प्रवक्ता का कहना है कि सरकार की तमाम पाबंदियों के बावजूद पार्टी आज (26 नवंबर) सरगोधा में जनसभा करेगी. JUI-F ने इस जनसभा को 'संविधान का संरक्षण और जनता के अधिकार सम्मेलन' नाम दिया है. इसमें पार्टी प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान समेत कई अन्य नेता भी भाषण देंगे.

सरगोधा के डिप्टी कमिश्नर की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, जिन 9 धर्मगुरुओं के सरगोधा जिले में प्रवेश पर एक महीने के लिए रोक लगाई गई है, उनमें मौलाना फजलुर रहमान, मौलाना नसीर अहमद अबरार, मौलाना अमजद खान, मौलाना सफीउल्लाह, प्रोफेसर गजनफर अजीज, मौलाना मोहम्मद नूर खान, मौलाना मोहम्मद जकरिया शाह, मौलाना मोहम्मद याह्या और मौलाना मोहम्मद जमील अब्दुल नासिर शामिल हैं.

19 लोगों के भाषण पर पाबंदी

आदेश में कहा गया है कि ये नौ धर्मगुरु न तो सरगोधा जिले की सीमा में दाखिल नहीं हो सकते. न वहां रह सकते हैं और न ही ठहर सकते हैं. प्रतिबंध लगाने की वजह बताते हुए प्रशासन ने कहा है कि पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, इन लोगों का पहले भी ऐसे भड़काऊ और आपत्तिजनक भाषण देने का रिकॉर्ड रहा है, जिनसे सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था को नुकसान पहुंच सकता है.

नोटिफिकेशन में कहा गया है कि ये लोग बेहद भावनात्मक और भड़काऊ अंदाज में भाषण देते हैं. उनके भाषण लोगों को उकसाने वाले होते हैं. प्रशासन को आशंका है कि वे गैरकानूनी तरीके से भीड़ इकट्ठा कर सकते हैं और राज्य तथा उसके संस्थानों के खिलाफ लोगों की भावनाएं भड़का सकते हैं. सरगोधा के डिप्टी कमिश्नर की तरफ से जारी एक अन्य नोटिफिकेशन के जरिए जिले के 19 स्थानीय धर्मगुरुओं और धार्मिक नेताओं के भाषण देने पर भी रोक लगा दी गई है.

प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं मौलाना फजलुर रहमान?

मौलाना फजलुर रहमान की पार्टी JUI-F पाकिस्तान में संविधान की हिफाजत, लोकतांत्रिक अधिकारों और राज्यों की स्वतंत्रता की मांग को लेकर शहबाज सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है. JUIF का आरोप है कि केंद्र सरकार राज्यों के अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों पर उनके हक की अनदेखी कर रही है. इसके अलावा, JUI-F खैबर पख्तूनख्वा में गवर्नर शासन लगाने का भी विरोध कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tahir Kamran

Tahir Kamran

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More