App

ये हैं वो महान महिला ऋषि, जिन्होंने वेद की ऋचाओं की रचना कर संसार को दिया ज्ञान!

वेद की ऋचाओं की रचना में पुरुषों ने तो भाग लिया ही, इसके साथ ही वैदिक काल की कुछ महान महिला ऋषियों ने भी अपने ज्ञान का प्रदर्शन करते हुए वेदों में ऋचाएं देकर बराबर की भागीदारी दी. आइए कुछ महान ऋषि महिलाओं के बारे में जानें.

ये हैं वो महान महिला ऋषि, जिन्होंने वेद की ऋचाओं की रचना कर संसार को दिया ज्ञान!

जैसे ही हम वेद या वैदिक काल शब्द सुनते हैं या पढ़ते हैं तो एक सोच जो सबसे पहले हमारे दिमाग में आती है वो ये कि वेदों और वैदिक काल का केवल पुरुषों से संबंध है. लेकिन क्या यह सच है, इस पर एक बार जरूर विचार करना चाहिए क्योंकि वैदिक काल की महिलाएं भी शिक्षा के क्षेत्र में पुरुषों से किसी भी तरह से पीछे नहीं थीं. दर्शन, ज्ञान और वेदों में उनकी सार्थक और सक्रिय रूप से भागीदारी थी. वैदिक काल में कई महान महिला ऋषि हुई जिन्होंने वेदों में ऋचाएं दीं और संसार को अपने ज्ञान से सराबोर किया. इन महान महिला ऋषियों को ब्रह्मवादिनी कहा गया जो एक से बढ़कर एक विदुषी थीं. वेदों की ऋचाएं रचती थीं, विद्वानों के साथ शास्त्रार्थ करती थीं और अपने तप व बुद्धि से समाज की उन्नति में योगदान देती थीं.

ऋग्वेद में लगभग 25 से अधिक वेदज्ञानी और विदुषी ऋषि महिलाओं का उल्लेख है जिन्होंने ऋचाओं की रचना की. ये महिलाएं ब्रह्मविद्या में भी निपुण थीं और समाज में इन्हें सम्मानीय स्थान प्राप्त था. ध्यान दें सनातन धर्म में ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद के रूप में वेद चार हैं. इनमें से ऋग्वेद पहला और सबसे पुराना वेद है. आइए इस लेख में उन महान महिला ऋषियों के बारे में जानें जिन्होंने वेद की कई ऋचाओं की रचना की.

महान ऋषि महिला लोपामुद्रा

ऋषि अगस्त्य की पत्नी महान ऋषि महिला लोपामुद्रा ने ऋग्वेद के कई सूक्तों को रचा है. महर्षि दुर्वासा लोपामुद्रा के गुरु थे. श्रीविद्या से  लोपामुद्रा पहले स्वयं दीक्षित हुईं. इसके बाद अपने पति ऋषि अगस्त्य की दीक्षा गुरु बन गईं. लोपामुद्रा ने स्त्री इच्छा और प्रेम पर खुलकर बात की है. ऋषि लोपामुद्रा ने दाम्पत्य जीवन से लेकर आत्मिक सुख जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखे हैं. ऋषि दांपत्य को केवल और केवल संतानोत्पत्ति का माध्यम नहीं मानती थीं बल्कि उनका विचार था कि दांपत्य को आत्मिक मिलन के साथ ही जीवन के संतुलन का माध्यम भी हो.

विदुषी महिला अपाला

अत्रि मुनि और देवी अनसूया की पुत्री अपाला एक महान ऋषि महिला थीं जिन्हें वैदिक काल की विदुषी महिलाओं में गिना जाता है. अपाला ने ऋग्वेद में कई ऋचाओं की रचना की. वेदों की ऋचाएं ऋषि अलापा को कंठस्थ थीं. ऋषि वेदों की ज्ञानी यानी वेदज्ञ थीं जिन्होंने इंद्र की कठिन तपस्या कर रोगों से मुक्त शरीर और सौंदर्य प्राप्ति किया. इस तपस्या में उन्होंने ब्रह्मज्ञान भी पाया था.

विदुषी मैत्रेयी

विदुषी स्त्रियों की जब बात आती है तो देवी मैत्रेयी का नाम जरूर लिया जाता है. ऋषि याज्ञवल्क्य की पत्नी देवी मैत्रेयी का बड़ा सम्मान था जो एक दार्शनिक के रूप में भी अपनी पहचान रखती थीं. एक प्रसंग है कि जब ऋषि याज्ञवल्क्य ने अपनी दोनों पत्नियों से अपनी संपत्ति को बराबर भाग में बांटने के लिए कहा तो देवी मैत्रेयी ने सांसारिक संपत्ति के स्थान पर आत्मज्ञान चुना और पति की विचार-संपदा को संपत्ति रूप में प्राप्त किया और आत्मज्ञान की साधना करने लगी. बृहदारण्यक उपनिषद में देवी मैत्रेयी का संवाद बहुत प्रसिद्ध हुआ है जिसमें देवी ने एक ऐसा प्रश्न किया है जो आत्मज्ञान को लेकर उनकी जिज्ञासा को दर्शाता है. मैत्रेयी पूछती हैं- 'यदि संपूर्ण पृथ्वी का मुझे स्वामी बना दिया जाए, तो क्या ऐसा होने पर मैं अमर हो जाऊंगी?'

ऋषि विश्ववारा

विश्ववारा वैदिक काल की एक प्रसिद्ध और प्रमुख विदुषी थीं जिन्हें ऋषि की उपाधि दी गई थी. महान महिला विश्ववारा अत्रि गोत्र में जन्मी एक ब्रह्मवादिनी थीं. उन्होंने ऋग्वेद में ऋचाएं दीं, जिनमें अग्निदेव की स्तुति के बारे में जानकारी दी गई है और अतिथि सत्कार के नियमों का उल्लेख किया गया है.

गार्गी वाचक्नवी

देवी गार्गी वैदिक काल की प्रसिद्ध विदुषी और दार्शनिक महिला थीं जो बाल ब्रह्मचारिणी ऋषि थीं. देवी का जन्म गर्ग गोत्र में हुआ जिसके कारण इनका नाम गार्गी रखा गया. वहीं इनके पिता का नाम ऋषि वचक्नु था, ऐसे में इन्हें गार्गी वाचक्नवी कहा गया. देवी गार्गी अति बुद्धिमती थी जिन्होंने राजा जनक के राज्यसभा में महर्षि याज्ञवल्क्य के साथ शास्त्रार्थ किया था. देवी गार्गी यजुर्वेद की महान दार्शनिक थीं.

(Disclaimer- यह जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य परंपराओं पर आधारित है, इसका उद्देश्य केवल जानकारी देना है, कृपया किसी उपाय अपनाने से पहले अपने गुरु या विद्वान से सलाह अवश्य लें.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More