App

जसप्रीत बुमराह ने पहली बार किया एक विकेट के लिए इतना लंबा इंतजार, चोट से वापसी के बाद कम हुई धार?

भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के लिए वेलिंगटन से क्राइस्टचर्च का सफर आसान नहीं रहा. इन दो टेस्ट मैचों के बीच उन्हें एक विकेट के लिए 292 गेंदों का इंतजार करना पड़ा, जो उनके करियर में एक विकेट के लिए सबसे बड़ा इंतजार भी है.

जसप्रीत बुमराह ने पहली बार किया एक विकेट के लिए इतना लंबा इंतजार, चोट से वापसी के बाद कम हुई धार?
Image Credit: बुमराह ने पहली बार किया एक विकेट के लिए इतना लंबा इंतजार (BCCI/X)

स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपना स्तर इतना बढ़ा लिया है कि उनसे हर ओवर में विकेट की उम्मीद की जाती है. इसमें कहीं से कोई दो राय नहीं है कि बुमराह मौजूदा समय में सिर्फ भारत के ही नहीं, बल्कि दुनिया के टॉप गेंदबाजों में से एक हैं. हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में बुमराह का जादू कहीं खो सा गया है. वेलिंगटन में खेले गए पहले मुकाबले में उन्होंने पहली पारी में 4 विकेट चटकाए थे, लेकिन दूसरी इनिंग में सिर्फ एक विकेट से संतोष करना पड़ा.

बुमराह के लिए वेलिंगटन से क्राइस्टचर्च का सफर आसान नहीं रहा है. इस सफर में उन्होंने एक विकेट के लिए इतना लंबा इंतजार किया है, जो उन्होंने 8 सालों के टेस्ट करियर में पहले कभी नहीं किया था. सही मायने में कहें तो बुमराह विकेट के लिए तरसते दिखे. शुक्रिया कीजिए, न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम का जो इस सीरीज में तीसरी बार बुमराह का शिकार बने और उनका इंतजार खत्म किया.

292 गेंदों तक विकेट के लिए तरसे बुमराह

वेलिंगटन से क्राइस्टचर्च तक के बीच जसप्रीत बुमराह को टेस्ट में एक विकेट लेने के लिए 292 गेंदों का इंतजार करना पड़ा. दूसरे टेस्ट की पहली पारी में उन्हें कोई सफलता नहीं मिली. हालांकि, दूसरी इनिंग में उन्होंने लैथम को आउट कर राहत की सांस ली. बुमराह के लिए दो टेस्ट विकेटों के बीच फेंकी गई गेंदों के हिसाब से पहली बार इतना इंतजार करना पड़ा है.

बुमराह के लिए दो टेस्ट विकेटों के बीच सबसे लंबा सूखा

292 गेंदें - (वेलिंगटन 2026 - क्राइस्टचर्च 2026) - 2 मैचों में
285 गेंदें - (चेन्नई 2021 - नॉटिंघम 2021) - 4 मैचों में
253 गेंदें - (द ओवल 2018 - एडिलेड 2018) - 2 मैचों में
208 गेंदें - (लीड्स 2025 - लॉर्ड्स 2025) - 2 मैचों में
196 गेंदें - (द ओवल 2021 - द ओवल 2021) - 1 मैच के भीतर

चोट के कारण कम हुई धार?

न्यूजीलैंड में बुमराह का प्रदर्शन देख फैंस थोड़े चिंतित हैं. वर्क लोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखकर स्टार पेसर को कम अहम टूर्नामेंट से दूर तो रखा गया है, लेकिन कहीं ना कहीं इससे उनका नुकसान भी हुआ है. बुमराह फिट तो हैं, लेकिन लंबे स्पेल डालने में थोड़े संघर्ष कर रहे हैं. बता दें कि 2024-25 बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उनकी पीठ में गंभीर समस्या हुई थी और वो लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहे थे. हाल ही में हुए श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी उन्हें बाहर रखा गया. उनके वर्क लोड को मैनेज करने के लिए स्टार पेसर को एकदिवसीय क्रिकेट से भी दूर रखा जा रहा है. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से बुमराह भारत के लिए सिर्फ 2 ODI खेले हैं.

न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं चलता बुमराह का जादू?

2018 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले जसप्रीत बुमराह ने हर परिस्थितियों में खुद को साबित किया है. साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में वो हिट साबित हुए हैं, लेकिन न्यूजीलैंड के आंकड़े चिंताजनक है. 

सभी देशों में बुमराह के टेस्ट आंकड़े

देशमैचविकेटऔसतस्ट्राइक रेट
ऑस्ट्रेलिया126417.1539.9
इंग्लैंड125129.1956.0
भारत166217.7038.0
न्यूजीलैंड41330.7667.2
दक्षिण अफ्रीका83820.7641.9
वेस्टइंडीज2139.2322.6

कीवियों की धरती पर बुमराह ने अभी तक 4 टेस्ट की 8 पारियों में 30.76 की औसत से 13 विकेट चटकाए हैं. न्यूजीलैंड में एक विकेट के लिए बुमराह को 67 गेंदों का इंतजार करना पड़ा है. बाकी देशों की तुलना में उनका सबसे खराब प्रदर्शन इसी देश में है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More