App

शराब तस्कर को छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमला: दारोगा को गड्ढे में गिराकर पीटा, समस्तीपुर में 4 गिरफ्तार

समस्तीपुर में शराब तस्कर को छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमला किया गया. पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपी को वाहन तक ले जा रही थी, तभी एक युवक ने दारोगा पर अटैक कर दिया.

शराब तस्कर को छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमला: दारोगा को गड्ढे में गिराकर पीटा, समस्तीपुर में 4 गिरफ्तार
Image Credit: समस्तीपुर में शराब तस्करों का पुलिस पर हमला (जी मीडिया)

समस्तीपुर के विभूतिपुर में शराब तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया. साखमोहन चौकी प्रभारी दारोगा अरशद इमाम अंसारी को गड्ढे में गिराकर पीटा गया. लोहे के कड़े से सिर पर वार किया गया और गमछे से गला कसकर जान लेने की कोशिश की गई. सरकारी वाहन के शीशे तोड़ दिए गए और पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने का भी प्रयास किया गया. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

अवैध देशी शराब के साथ किया गया था गिरफ्तार

घटना पतैलिया गांव के मुसहरी टोल की बताई गई है. जहां विभूतिपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, साखमोहन चौकी प्रभारी अरशद इमाम अंसारी पुलिस बल के साथ गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान कर्रख वार्ड-1 निवासी संजय मंडल (48) को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपी को वाहन तक ले जा रही थी, तभी काला शर्ट पहने एक युवक ने दारोगा का हाथ पकड़कर उन्हें गड्ढे में खींचकर गिरा दिया. इसके बाद करीब 50 से 60 लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और गिरफ्तार आरोपी को जबरन छुड़ाने का प्रयास करने लगी.

बाइक खड़ी कर रोका पुलिस का रास्ता

पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई. दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि भीड़ में शामिल लोगों ने सरकारी वाहन के आगे लकड़ी का बोझा और बाइक खड़ी कर रास्ता रोक दिया. इसके बाद वाहन का साइड मिरर और शीशा तोड़ दिया गया.

घटना का वीडियो बना रहे दारोगा पर लोहे के कड़े से सिर पर वार किया गया. उनका मोबाइल छीनने के साथ उन्हें वाहन से बाहर खींच लिया गया. इसी दौरान उनकी कमर से पिस्टल छीनने का प्रयास किया गया. दूसरी ओर, पुलिस बल के अन्य सदस्यों को भी घेरकर पीटा गया और उनके हथियार छीनने की कोशिश की गई.

मुंगेर में 156 लीटर विदेशी शराब बरामद 

वही, बीते दिन मुंगेर के हरपुर थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान हसनपुर रोड से लावारिस अवस्था में खड़ी एक स्लेटी रंग की फोर्ड फिगो कार से 156 लीटर विदेशी शराब बरामद की. पुलिस ने शराब के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है. मामले में वाहन मालिक एवं चालक के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

रिपोर्ट: मंटुन कुमार राय

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More