App

हथकड़ी और रस्सी लेकर दौड़ते रहे सिपाही… पेशी के लिए कोर्ट लाया गया कैदी पुलिस को चकमा देकर भागा

मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया आरोपी हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया. घटना सीजीएम कैंपस के गेट के पास हुई. पुलिस ने कोर्ट परिसर और पास के पार्क में तलाश की, लेकिन आरोपी का पता नहीं चला.

हथकड़ी और रस्सी लेकर दौड़ते रहे सिपाही… पेशी के लिए कोर्ट लाया गया कैदी पुलिस को चकमा देकर भागा
Image Credit: Muzaffarpur Court (AI Generated Image)

मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब पेशी के लिए लाया गया एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. आरोपी ने अपने हाथ से हथकड़ी सरका ली और मौके का फायदा उठाकर भाग निकला. घटना सीजीएम कैंपस के गेट के पास हुई. आरोपी के फरार होने के बाद पुलिसकर्मी उसे कोर्ट परिसर से लेकर पास के पार्क तक तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.

साहेबगंज थाना क्षेत्र से पेशी के लिए लाया गया था आरोपी

जानकारी के मुताबिक, फरार आरोपी को साहेबगंज थाना क्षेत्र से एक आपराधिक मामले में पेशी के लिए मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट लाया गया था. पुलिसकर्मी उसे हथकड़ी लगाकर कोर्ट परिसर के अंदर ले जा रहा था. इसी दौरान आरोपी ने चालाकी से अपने हाथ हथकड़ी से बाहर निकाल लिए और पुलिसकर्मी को चकमा देकर फरार हो गया.

घटना इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला. आरोपी के भागते ही उसके साथ मौजूद सिपाही और कोर्ट परिसर में मौजूद अन्य लोग उसके पीछे दौड़े, लेकिन भीड़ के बीच वह नजरों से ओझल हो गया.

हाथ में रह गई हथकड़ी और खाली रस्सी

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी सीजीएम कैंपस के गेट की तरफ से भागा था. एक स्थानीय चाय दुकानदार ने बताया कि यह घटना उसकी आंखों के सामने हुई. उसने आरोपी को गेट की तरफ भागते हुए देखा.

आरोपी के फरार होने के बाद सिपाही के हाथ में खाली रस्सी और हथकड़ी रह गई. इसके बाद पुलिसकर्मी कोर्ट परिसर के अलग-अलग हिस्सों में उसकी तलाश करने लगे. कोर्ट के बगल में मौजूद पार्क की झाड़ियों और आसपास के इलाके में भी उसे खोजा गया, लेकिन आरोपी नहीं मिला.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कोर्ट परिसर जैसी जगह से पुलिस की हिरासत में मौजूद आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हथकड़ी से अपना हाथ कैसे निकाला और उसे भागने का मौका कैसे मिला.

फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं. साथ ही घटना के दौरान सुरक्षा में हुई चूक का भी पता लगाया जा रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More