)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक छोटा लेकिन बेहद भावपूर्ण ट्वीट किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. सीएम योगी ने अपने ट्वीट में लिखा —सत्य सनातन की ज्योति शाश्वत है...वेट्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोगरा!'वेट्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोगरा' तमिल भाषा का प्रसिद्ध जयकारा है, जिसका अर्थ है — भाला धारण करने वाले भगवान मुरुगन की जय हो! तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर 28 नवंबर 2026 की शाम को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाया गया, जिस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
ट्वीट के साथ सीएम योगी ने एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें पारंपरिक सफेद वस्त्रों में श्रद्धालु अग्नि के समक्ष पूजा-अर्चना करते नजर आ रहे हैं. यह दृश्य तमिल परंपरा की प्राचीन पूजा पद्धति और सनातन आस्था को दर्शाता है.
सीएम योगी का यह ट्वीट वाराणसी में चल रहे 'काशी तमिल संगमम्' के पंचम संस्करण के दौरान आया है, जिसे काशी और तमिलनाडु की साझा सनातन परंपरा के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है.
सत्य सनातन की ज्योति शाश्वत है... वेट्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोगरा! https://t.co/ZgQpuAc55H
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 28, 2026
सनातन के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक और भावुक कर देने वाला रहा. 150 से अधिक वर्षों में पहली बार तमिलनाडु के मदुरै में स्थित धार्मिक स्थल तिरुपरंकुंद्रम की पहाड़ी पर "दीपथून" के ऊपर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया. हजारों लोग इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बने और वहां भगवान मुरुगन की जय के नारे गूंज उठे.

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर शाम पांच बजे जैसे ही दीप प्रज्वलित किया गया, पत्थर के इस स्तंभ पर दीप जलाने का अधिकार पाने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे श्रद्धालु और हिंदू संगठनों के सदस्य भावुक हो गए. कई श्रद्धालुओं की आंखों में खुशी के आंसू आ गए, तो कई ने हाथ जोड़कर भगवान मुरुगन का जयकारा लगाया. प्रशासन ने इस रस्म के लिए बेहद सीमित लोगों को ही पहाड़ी पर जाने की इजाजत दी थी।. मंदिर के कर्मचारी, सुरक्षा बल और केवल 50 अधिकृत श्रद्धालुओं को ही दीपाथून स्तंभ तक पहुंचने दिया गया.