App

यूपी के 18 शहरों में मजदूरों को मुफ्त रैन बसेरा, बिस्तर से लेकर गर्म खाना तक मिलेगा

यूपी में ठंड से मजदूरों को बचाने के लिए योगी सरकार 1 दिसंबर से 31 जनवरी तक 18 शहरों में मुफ्त अस्थायी लेबर अड्डे चलाएगी. यहां मजदूरों को बिस्तर, कंबल, गर्म खाना, साफ पानी और शौचालय जैसी सुविधाएं मिलेंगी.

यूपी के 18 शहरों में मजदूरों को मुफ्त रैन बसेरा, बिस्तर से लेकर गर्म खाना तक मिलेगा
Image Credit: UP Labour Shelter Scheme (Image ZEE CREATIVE)

विशाल सिंह/लखनऊ: ठंड से मजदूरों को बचाने के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है.  1 दिसंबर से 31 जनवरी तक, पूरे दो महीने, 18 बड़े शहरों में मुफ्त अस्थायी लेबर अड्डे चलेंगे. इन अड्डों में रात में ठहरने वाले मजदूरों को गद्दा, तकिया, चादर, कंबल और गर्म खाना बिल्कुल मुफ्त मिलेगा.श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने इस संबंध में सभी 18 जिलों के जिलाधिकारियों को परिपत्र जारी कर दिया है.

किन शहरों में खुलेंगे अड्डे?

गोरखपुर, आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, वाराणसी और गौतमबुद्ध नगर।ये अड्डे रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मजदूर मंडी और बड़े निर्माण स्थलों के पास बनाए जाएंगे, ताकि काम की तलाश में आए मजदूरों को आसानी से जगह मिल जाए.

कौन ले सकता है फायदा?

राजमिस्त्री, बेलदार, मजदूर, बढ़ई, प्लंबर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोहार, टाइल लगाने वाले कारीगर-यानी निर्माण काम से जुड़ा कोई भी मजदूर. खास बात ये है कि अगर किसी मजदूर का श्रम विभाग में नाम दर्ज नहीं है, तब भी उसे फायदा मिलेगा. बस कोई एक पहचान पत्र दिखाना होगा. वहीं पर ही उसका रजिस्ट्रेशन भी कर दिया जाएगा.

क्या-क्या सुविधा मिलेगी?

रहने के लिए 30 या 60 बेड वाले अड्डे
महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग सुरक्षित व्यवस्था
24 घंटे साफ पानी, शौचालय और नहाने की सुविधा
ठंड से बचने के लिए सुरक्षित हीटर की व्यवस्था
रात में ताजा, गर्म और पौष्टिक खाना मुफ्त 
एक मजदूर पर 70 रुपये तक खर्च

पैसा कहां से आएगा?

इस योजना के लिए हर जिले को शुरुआत में 10 लाख रुपये दिए गए हैं. 30 बेड वाले केंद्र पर करीब 5.92 लाख और 60 बेड वाले केंद्र पर करीब 8.32 लाख रुपये खर्च होंगे. ये पैसा श्रमिक कल्याण बोर्ड से दिया जाएगा.

निगरानी भी होगी सख्त

कोई लापरवाही ना हो, इसके लिए डीएम द्वारा बनाए गए नोडल अधिकारी रोज निरीक्षण करेंगे. हर दिन हाजिरी रजिस्टर और फोटो से जांच होगी. हर अड्डे के बाहर बैनर लगेगा, जिस पर योजना का नाम, कितने बेड हैं, क्या सुविधा है और केयरटेकर का मोबाइल नंबर लिखा होगा-ताकि जरूरतमंद मजदूर सीधे फोन करके पहुंच सके.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो