App

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दीपथून पर आज जलेगा दीपक: थलपति विजय की सरकार पर भड़के पूर्व सीएम स्टालिन, वीएचपी ने भी घेरा

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आज तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम दीपाथून पर दीप जलाने की तैयारी है. मंदिर के ट्रस्टियों पर कार्रवाई के फैसले का विश्व हिंदू परिषद ने स्वागत करते हुए, इसे न्याय व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आस्था की जीत बताया है. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि थलपति विजय की सरकार ने तमिलनाडु को कलंकित कर दिया है.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दीपथून पर आज जलेगा दीपक: थलपति विजय की सरकार पर भड़के पूर्व सीएम स्टालिन, वीएचपी ने भी घेरा
Image Credit: (एआई)

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मदुरै की थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार की शाम दीपथून में कार्तिगई दीपम जलाया जाएगा. सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी के बाद पूर्व सीएम एमके स्टालिन ने कहा कि लोगों की आस्था से जुड़े इस मामले में थलपति विजय सरकार की लापरवाही के चलते राज्य का नाम खराब हुआ है. वहीं सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर खुशी जताते हुए विश्व हिंदू परिषद ने इसे न्याय व्यवस्था की जीत बताते हुए बड़ा बयान दिया है. गौरतलब है इससे पहले आदेश का पालन नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को फटकार लगाते हुए मुख्य सचिव, डीजीपी समेत 15 लोगों को अवमानना नोटिस जारी करते हुए तलब किया है.

अदालत की अवमानना

विवाद की जड़ की बात करें तो सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को मद्रास हाई कोर्ट के 6 जनवरी के फैसले में की गई टिप्पणियों पर रोक लगाते हुए थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के दीपथून में पारंपरिक दीप जलाने का निर्देश दिया था. इसके बाद मद्रास हाई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान मदुरै के कलेक्टर की ओर से कोर्ट को भरोसा दिया गया था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा. लेकिन 24 नवंबर को दीप सिर्फ उचीपिल्लैयार मंडपम में जलाया गया और दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया.

स्टालिन ने साधा विजय पर निशाना

स्टालिन ने कहा, 'प्रशासनिक रूप से अक्षम थलपति विजय सरकार ने अदालत में ठोस तर्क प्रस्तुत करने में विफल रहकर तमिलनाडु को कलंकित किया है.'

28 नवंबर को तिरुपरनकुंद्रम दीपाथून में दीपक जलाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर, विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, 'VHP का स्पष्ट मानना ​​है कि ये फैसला न्याय को फिर से स्थापित करता है, जो तमिलनाडु की हिंदू-विरोधी सरकार के मुंह पर तमाचा है. इस अदालती आदेश ने कोर्ट की गरिमा, हिंदू समुदाय की भावनाओं और लोकतंत्र में भरोसे को फिर से बहाल किया है. ट्रस्टियों को गलत तरीके से नियुक्त करके दीपक न जलाने की साजिश रची गई थी. उसका पर्दाफाश हो गया है. सुप्रीम कोर्ट ने ट्रस्टियों को हटाकर उनकी जगह दो सेवानिवृत्त जजों को नियुक्त किया है. मामले में अब तमिलनाडु पुलिस को भी फटकार लगाई गई है. मुझे लगता है कि CRPF की तैनाती सरकार की प्रशासनिक विफलता और पुलिस के साथ मिलीभगत का एक गंभीर संकेत है. मुझे लगता है कि शनिवार का दिन भगवान मुरुगन के भक्तों के लिए एक अच्छा दिन साबित होगा, जब दीपाथून में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More