)
अगर आप अक्सर सफर के दौरान प्यास लगने पर बिसलेरी खरीद लेते हैं तो यह खबर आपको चौंका देगी. जी हां, देश की सबसे बड़ी पैक्ड वॉटर कंपनी बिसलेरी फिर से कानून लपड़े में फंस गई है. पिछले एक हफ्ते के दौरान बिसलेरी के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है. वेस्ट बंगाल से लिये गए बिसलेरी के पानी के सैंपल में खतरनाक कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला है. इसके बाद एफएसएसएआई (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. मीडिया रिपोर्ट में दी गई जानकारी में बताया गया कि यह ताजा सैंपल वेस्ट बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपारा गांव स्थित बिसलेरी के प्लांट से कलेक्ट किया गया था. FSSAI की जांच में सामने आया कि इस पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया है.
जानकारों का कहना है कि यह बैक्टीरिया सीवेज लीकेज या टूटी हुई पाइपलाइन के जरिये पानी में मिल सकता है. कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की पुष्टि प्राइमरी और रेफरल दोनों लैब में हुई है. इसके बाद FSSAI ने 12 अगस्त 2026 के संबंधित बैच की बिक्री पर पाबंदी लगा दी थी. इसके साथ ही फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन के तहत बिसलेरी इंटरनेशनल पर मुकदमा चलाने की मंजूरी भी दे दी गई है. इससे पहले संडे (22 नवंबर) को FSSAI की तरफ से बताया गया था कि गोवा से लिया गया बिसलेरी का सैंपल तय मानकों पर खरा नहीं उतरा. गोवा से लिये गए सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय लिमिट से ज्यादा मिली थी. इसके बाद इसे फूड सेफ्टी एक्ट-2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया था.
बिसलेरी की अपील पर जब पानी के सैंपल को रेफरल लैब भेजा गया तो, वहां भी पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) मिलने के कारण इसे असुरक्षित माना गया. इसके बाद बिसलेरी की तरफ से बयान जारी कर कहा गया कि उनका पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर पीने के लिहाज से पूरी तरह सुरक्षित है. कंपनी की तरफ से बताया गया कि वह 10 स्टेप वाले मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस में 90 से ज्यादा कड़े क्वालिटी टेस्ट करती है और जांच में FSSAI का पूरा सहयोग करेगी. गोवा से जुड़े टेस्ट पर कंपनी की तरफ से दावा किया गया कि उनकी तरफ से स्वतंत्र टेस्ट कराया गया तो केमिकल की मात्रा तय लिमिट के अंदर ही पाई गई थी.

आपको बता दें देश के अंदर पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर मार्केट लगातार बढ़ रहा है और मौजूदा समय में यह बाजार 3.6 अरब डॉलर का है. इस बाजार में बिसलेरी का मुकाबला पेप्सिको के एक्वाफिना और कोका-कोला के किनले से है. इन घटनाओं के बाद FSSAI ने देशभर में बिसलेरी, पेप्सिको और कोका-कोला समेत सभी बड़े ब्रांड्स के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है. FSSAI के सीईओ रजीत पुन्हानी ने साफ किया कि अगले एक से दो महीने में लैब टेस्ट पूरे हो जाएंगे और इस कार्रवाई का मकसद घबराहट फैलाना नहीं, बल्कि नियमों का पालन किया जाना है.