)
बस्तर फाइटर भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग अब आंदोलन की आग बन चुकी है. सांकेतिक प्रदर्शन से बात नहीं बनी तो युवा अनिश्चितकालीन आंदोलन पर उतर आए हैं. कड़ाके की ठंड हो या रात का अंधेरा, युवाओं का हौसला डिगता नजर नहीं आ रहा है. धरनास्थल ही अब इनका घर बन गया है. युवाओं ने दो टूक कह दिया है कि जब तक पद नहीं बढ़ेंगे, आंदोलन खत्म नहीं होगा.
जहां कभी नक्सलवाद के खौफ के चलते युवा खाकी वर्दी से दूरी बनाकर रखते थे, आज वही युवा खाकी पहनने का सपना लेकर दिन-रात पसीना बहा रहे हैं. लेकिन बस्तर फाइटर भर्ती में कोंडागांव जिले के लिए महज 81 पद निर्धारित किए जाने से युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा है. युवाओं का सवाल है कि जब बस्तर के युवा अब मुख्यधारा में लौटकर सुरक्षा बलों में शामिल होना चाहते हैं, तो उनके लिए अवसरों का दायरा छोटा क्यों रखा जा रहा है?
युवाओं की मांग साफ है... 81 पद नाकाफी हैं. भर्ती में कम से कम 200 से 400 तक पद बढ़ाए जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा स्थानीय युवाओं को मौका मिल सके. इस मांग को लेकर युवा पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं. मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मांग पत्र भी सौंपा गया, लेकिन युवाओं का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई. नतीजा यह हुआ कि सांकेतिक आंदोलन ने अब अनिश्चितकालीन धरने का रूप ले लिया है.
कड़ाके की ठंड में आंदोलनकारी खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे हैं. धरनास्थल पर ही भोजन बनाया जा रहा है और वहीं बिस्तर लगाकर रात काटी जा रही है. खास बात यह है कि इस आंदोलन में छात्राएं भी पीछे नहीं हैं. दिन में बड़ी संख्या में युवा जुटते हैं, तो रात में आंदोलनकारी पदाधिकारी धरनास्थल पर डटे रहकर आंदोलन को जारी रखे हुए हैं.
यहां बैठे एक युवा का कहना है कि वे 12 और 23 नवंबर को प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री से भी मिले थे, लेकिन उन्होंने कहा, अब प्रदेश के मुखिया को इस मुद्दे की जानकारी होने के बावजूद अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. कहीं न कहीं उनकी चुप्पी हमारे लिए बहुत परेशान करने वाली है. इसलिए हम लोग आज अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं. आगे हम लोग 30 तारीख तक यहां बैठे रहेंगे. अगर ऊपर से कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो कांकेर, बस्तर और कोंडागांव के सभी युवा और अभ्यर्थी पैदल निकलेंगे.
वहीं दूसरे युवा ने बताया कि सरकार नहीं चाहती कि बस्तर के युवा आगे आएं. हमारे पास सुरक्षा विभाग में शामिल होने का एक ही विकल्प रहता है. उसके बाद जितने भी हैं, वे बड़े घरों के लोग हैं. हम जैसे दबे-कुचले लोग, जो ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं, उनके लिए केवल एक ही रास्ता बचता है, वह बस्तर फाइटर या डीएफ है. इसमें कम से कम 200 से 400 पदों पर भर्ती होनी चाहिए. लेकिन आज सरकार की नाकामी यह दिखा रही है कि वह युवाओं को पीछे धकेल रही है.
( रिपोर्टः चंपेश जोशी, जगदलपुर )