)
हाड़ौती अंचल में 'सफेद सिल्वर' के नाम से मशहूर लहसुन ने एक बार फिर किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. आमतौर पर ऑफ सीजन में मंडियों में रौनक थोड़ी कम हो जाती है, लेकिन एशिया की प्रसिद्ध कोटा की भामाशाह मंडी में इन दिनों नजारा बिल्कुल उलट है. यहां ऑफ सीजन में भी लहसुन की बंपर आवक हो रही है और इसके दामों में भारी उछाल देखने को मिल रहा है. उपज का बेहतर भाव मिलने से मंडी में न सिर्फ रौनक बढ़ गई है, बल्कि किसानों को भी बड़ी आर्थिक राहत मिली है.
नई फसल की बुवाई के बीच मंडी में पुराने लहसुन की बहार
खास बात ये है कि हाड़ौती क्षेत्र में किसानों ने अब लहसुन की नई फसल की बुवाई शुरू कर दी है. इसके बावजूद पिछले सीजन की पुरानी फसल का लहसुन अभी भी बड़ी मात्रा में मंडी पहुंच रहा है. कोटा के साथ-साथ बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से किसान अपनी उपज लेकर भामाशाह मंडी आ रहे हैं. पूरे मंडी परिसर में चारों तरफ लहसुन की ऊंची-ऊंची ढेरियां नजर आ रही हैं. व्यापारियों के बीच अच्छी गुणवत्ता और बेहतर आकार वाले लहसुन की मांग सबसे अधिक बनी हुई है, जिसका सीधा फायदा किसानों को बेहतर भाव के रूप में मिल रहा है.
युद्ध से निर्यात पर असर, फिर भी घरेलू बाजार में जबरदस्त मांग
हाड़ौती के लहसुन की पहचान सिर्फ देश के भीतर ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार विदेशों तक है। हालांकि, इस बार वैश्विक स्तर पर चल रहे युद्धों के कारण कई देशों तक लहसुन का निर्यात प्रभावित हुआ और वहां इसकी खेप नहीं पहुंच सकी। इसके बावजूद हाड़ौती के लहसुन की चमक फीकी नहीं पड़ी है। घरेलू बाजार में इसकी मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। किसानों का कहना है कि यहां के लहसुन का खास तीखापन खाने और सब्जियों का स्वाद पूरी तरह बदल देता है। यही वजह है कि देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ विदेशों में भी हाड़ौती के लहसुन की खास डिमांड रहती है।
बढ़ती लागत के बीच किसानों को मिली बड़ी राहत
पिछले कुछ समय से खेती में लगातार बढ़ती लागत किसानों के लिए चिंता का विषय बनी हुई थी. ऐसे में ऑफ सीजन के दौरान लहसुन के दामों में आए इस उछाल ने किसानों को बड़ा संबल दिया है. बेहतर भाव मिलने से किसान काफी उत्साहित हैं. भामाशाह मंडी में इन दिनों लहसुन की खरीद-फरोख्त का सिलसिला लगातार जारी है. कुल मिलाकर, हाड़ौती का यह 'सफेद सिल्वर' एक बार फिर किसानों की कड़ी मेहनत का शानदार मुनाफा बनकर सामने आया है.
ये भी पढ़ें : न खरीदी जमीन, न दिया पावर ऑफ अटॉर्नी, फिर कैसे कंपनी के नाम चढ़ गया म्यूटेशन? जोधपुर जमीन घोटाले की पूरी इनसाइड स्टोरी