App

माफिया घोषित करने का क्या आधार है? इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी सरकार से मांगा जवाब

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी सरकार से माफिया घोषित करने और टॉप-50 सूची में नाम शामिल करने की प्रक्रिया पर जवाब मांगा है. कोर्ट ने पूछा कि बहराइच के याचिकाकर्ता के मामले में नियमों का पालन हुआ या नहीं.

माफिया घोषित करने का क्या आधार है? इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी सरकार से मांगा जवाब
Image Credit: ZEE NEWS

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार से पूछा है कि किसी व्यक्ति को माफिया घोषित करने और टॉप-50 माफिया की सूची तैयार करने के लिए क्या नियम और प्रक्रिया तय है? कोर्ट ने सरकार से यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि याचिकाकर्ता का नाम सूची में शामिल करते समय निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं.

दरअसल, यह पूरा मामला बहराइच के देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजेश सिंह उर्फ गब्बर सिंह को माफिया घोषित करने और उनका नाम यूपी की टॉप-50 माफिया सूची में शामिल किए जाने से जुड़ा है. याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट में इस फैसले को चुनौती दी है. इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने सरकार से माफिया घोषित करने और सूची में नाम शामिल करने की प्रक्रिया को लेकर जवाब मांगा है.

'भू-माफिया' शब्द गलती से लिखा गया

सुनवाई के दौरान कोर्ट में राज्य सरकार की तरफ से बताया गया है कि राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव ने 17 मार्च 2026 को दाखिल हलफनामे में पहले दिए गए हलफनामे की एक गलती स्पष्ट की थी. सरकार ने बताया कि उसमें याचिकाकर्ता के लिए भू-माफिया शब्द गलती से इस्तेमाल हो गया था. उसे आधिकारिक तौर पर भू-माफिया घोषित नहीं किया गया है.

हालांकि, सरकार की तरफ से यह भी स्पष्ट किया गया है कि बहराइच के जिलाधिकारी ने 11 मार्च 2026 के पत्र में स्पष्ट किया था कि 1 मई 2017 के सरकार के आदेश के तहत याचिकाकर्ता के खिलाफ भू-माफिया मानकर करोई कार्रवाई नहीं की गई. इसके बाद याचिकाकर्ता ने 1 मई 2017 के सरकारी आदेश को चुनौती देने की मांग पर जोर नहीं दिया. कोर्ट ने इस मांग को आगे नहीं बढ़ाए जाने के आधार पर खारिज कर दिया.

टॉप-50 सूची में नाम आने पर सवाल

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, हाईकोर्ट की तरफ साफ किया गया है कि इस मामले में असली सवाल याचिकाकर्ता को माफिया घोषित करने और उसका नाम टॉप-50 की लिस्ट में शामिल करने की प्रक्रिया का है. सुनवाई के दौरान एसपी बहराइच की तरफ से दाखिल हलफनामे के साथ 15 अप्रैल 2026 का एक आदेश भी अदालत के सामने रखा गया.

वहीं हलफनामे में जानकारी दी गई है कि याचिकाकर्ता के भाई ने उसका नाम टॉप-50 माफिया की सूची से हटाने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन इसे खारिज कर दिया गया. वहीं सरकारी वकील ने इस पूरे मामले में जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से समय मांगा.

सरकार को क्या जवाब देना होगा?

अब हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार से दो सप्ताह में हलफनामा दाखिल कर यह बताने को कहा है कि किसी व्यक्ति को माफिया घोषित करने, टॉप-50 सूची तैयार करने और उसमें नाम बनाए रखने के लिए क्या प्रक्रिया अपनाई जाती है. साथ ही, याचिकाकर्ता के मामले में इस प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं. इस पर अभी सरकार को जवाब देना होगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More