App

टैक्सी में सफर या फ्री शॉपिंग? बैंकॉक के ड्राइवर ने कैब को बना दिया मिनी मार्ट; कॉफी से लेकर मेकअप तक सब कुछ मुफ्त

टैक्सी में सफर करते समय आमतौर पर लोग मीटर, ट्रैफिक और किराए की चिंता करते हैं. लेकिन थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक ऐसी कैब चलती है, जिसमें बैठते ही यात्रियों को किसी दुकान में आने जैसा एहसास होता है. यहां इंस्टेंट नूडल्स, कॉफी, स्नैक्स से लेकर मेकअप का सामान और छोटे खिलौने तक फ्री मिलते हैं. ड्राइवर पिछले करीब 10 साल से इस अनोखे अंदाज में यात्रियों का स्वागत कर रहा है.

टैक्सी में सफर या फ्री शॉपिंग? बैंकॉक के ड्राइवर ने कैब को बना दिया मिनी मार्ट; कॉफी से लेकर मेकअप तक सब कुछ मुफ्त
Image Credit: @dibs.sg | बैंकॉक की इस 'मिनी-मार्ट' टैक्सी ने जीता इंटरनेट का दिल!

किसी टैक्सी में सफर के दौरान अगर आपको भूख लग जाए तो आमतौर पर रास्ते में दुकान देखकर कुछ सामान खरीदना पड़ता है. लेकिन बैंकॉक की इस कैब में यात्रियों को इसके लिए कहीं रुकने की जरूरत नहीं है. यहां खाने-पीने का इतना सामान रखा है कि पहली नजर में यह टैक्सी कम और किसी छोटी दुकान जैसी ज्यादा लगती है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कैब के अंदर का नजारा देखकर लोग हैरान हैं. सीटों के आसपास करीने से रखे स्नैक्स, कॉफी और दूसरी चीजें दिखाई देती हैं. इसमें से यात्री अपनी पसंद का सामान उठा सकते हैं. इस पूरे सफर की सबसे खास बात यह है कि यहां रखे किसी भी सामान के लिए लोगों को अलग से पैसे भी नहीं देने पड़ते हैं.

नूडल्स और कॉफी के साथ मेकअप का सामान भी

इस टैक्सी की खासियत सिर्फ मुफ्त खाने-पीने की चीजें नहीं हैं. यहां इंस्टेंट नूडल्स भी रखे गए हैं, जिन्हें यात्री सफर के दौरान बना सकते हैं. इसके अलावा कॉफी और कई तरह के स्नैक्स भी मौजूद हैं. दिलचस्प बात यह है कि ड्राइवर ने यात्रियों की छोटी-छोटी जरूरतों का भी ध्यान रखा है. कैब में टूथब्रश, नेल कटर और खिलौने तक रखे गए हैं. महिलाओं के इस्तेमाल के लिए ब्लश और नेल पॉलिश जैसे मेकअप प्रोडक्ट्स भी मौजूद हैं. इसका मतलब है कि अगर किसी यात्री को सफर के बीच कुछ खाने का मन हो या छोटी-मोटी जरूरत पड़ जाए तो उसे इस कैब में काफी कुछ मिल सकता है.

10 साल से चला रहा है अनोखी कैब

यह टैक्सी थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में पिछले करीब 10 साल से चल रही है. इतने समय में ड्राइवर ने अपनी कैब को एक अलग पहचान दे दी है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग इसे 'चलता-फिरता मिनी-मार्ट' जैसी टैक्सी बता रहे हैं. पहले इस कैब में कम सामान रखे थे, लेकिन अब समय के साथ सामान इतने बढ़ गए हैं कि लोगों को टैक्सी में खाली जगह नहीं दिखाई देती. इस कैब में सफर करने वाले यात्री सिर्फ सामान का मजा लेकर नहीं जाते, बल्कि अपनी यादें भी छोड़ते हैं. वे पोस्ट-इट नोट्स पर अपना अनुभव लिखते हैं. वायरल वीडियो में ऐसे कई नोट्स टैक्सी की छत से लटके दिखाई देते हैं. इन्हें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस कैब में सफर करने वाले लोग अपने अनुभव को यादगार मानते हैं.

 

 

यात्रियों की टिप से चलता है पूरा इंतजाम

अब सवाल उठता है कि आखिर इतना सामान खरीदने के लिए ड्राइवर पैसे कहां से लाता है? क्या वह हर दिन अपनी जेब से इतना खर्च करता है? इस सवाल का जवाब भी पहले सामने आए एक वीडियो में मिल चुका है. कुछ महीने पहले वायरल हुए एक दूसरे वीडियो में ड्राइवर ने बताया था कि यात्री उसकी सर्विस से खुश होकर अपनी मर्जी से टिप देते हैं. इसी पैसे से वह दोबारा स्नैक्स, खाने-पीने की चीजें और छोटे-मोटे गिफ्ट खरीदता है. इस तरह एक यात्री से मिली टिप का इस्तेमाल अगले यात्रियों के लिए सामान जुटाने में हो जाता है. ड्राइवर के इस तरीके ने लोगों को और भी प्रभावित किया है. वह सिर्फ कैब चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सफर को थोड़ा खास बनाने की कोशिश भी करता है.

सोशल मीडिया पर लोग बोले- ऐसी टैक्सी हमें भी चाहिए

वीडियो वायरल होने के बाद लोग ड्राइवर के इस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने मजाक में लिखा कि भाई ने कस्टमर केयर को कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया है. एक दूसरे यूजर ने कहा कि अगर वह इस टैक्सी में बैठता तो शायद सारा सामान उठाकर ले जाता. वहीं किसी ने लिखा कि यह कैब इतनी अच्छी है कि वह रोज इसमें सफर करना चाहेगा. एक अन्य यूजर ने कहा कि वीडियो देखने के बाद उसका भी कम से कम एक बार इस टैक्सी में बैठने का मन हो गया है.

 

 

छोटी सी पहल ने सफर को बना दिया खास

बैंकॉक की इस टैक्सी की कहानी इसलिए लोगों को पसंद आ रही है, क्योंकि इसमें किसी महंगे फीचर या लग्जरी इंटीरियर की बात नहीं है. ड्राइवर ने बस यात्रियों की छोटी-छोटी जरूरतों को समझकर अपनी कैब को अलग बना दिया है. कई बार सफर मंजिल से ज्यादा रास्ते में मिलने वाले अनुभवों की वजह से याद रहता है. इस टैक्सी में मुफ्त नूडल्स, कॉफी और स्नैक्स के साथ यात्रियों को ऐसा ही एक अनुभव मिल रहा है. शायद यही वजह है कि करीब 10 साल से चल रही इस छोटी सी पहल ने अब इंटरनेट पर भी लोगों का दिल जीत लिया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More