)
राजस्थान के जोधपुर से जमीनों के फर्जीवाड़े का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें 70 साल के बुजुर्ग के पहचान दस्तावेजों को ही कथित तौर पर हथियार बना लिया गया. आरोप है कि बुजुर्ग के नाम, फोटो और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर पहले जमीन खरीदने के फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए. फिर फर्जी मुख्त्यारनामे (पावर ऑफ अटॉर्नी) के सहारे उसी जमीन को 40 लाख रुपए में एक कंपनी को बेच दिया गया. इस मामले में जोधपुर के व्यवसायी महावीर लूणिया और हितेन्द्र गोयल सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है. पीड़ित बुजुर्ग जयपुर निवासी हैं और उन्होंने पूरे मामले में दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच की मांग की है.
जमीन के इस कथित फर्जीवाड़े की कहानी शुरू होती है जोधपुर के कुड़ी गांव से, जहां खसरा नंबर 100/3 की 4 बीघा से अधिक कृषि भूमि को लेकर धोखाधड़ी का आरोप लगा है. एफआईआर के मुताबिक 29 दिसंबर 2005 के एक पंजीकृत विक्रयपत्र में दिखाया गया कि जयपुर निवासी 70 वर्षीय शरद मेहता ने नैनूराम से यह जमीन 17 लाख 21 हजार रुपए में खरीदी थी. दस्तावेजों में नकद भुगतान के साथ 8-8 लाख रुपए के दो बैंक ड्राफ्ट का भी उल्लेख किया गया. लेकिन बुजुर्ग शरद मेहता का दावा है कि उन्होंने न तो कभी यह जमीन खरीदी और न ही किसी तरह का भुगतान किया.
कथित फर्जी विक्रयपत्र के आधार पर जनवरी 2006 में जमीन का नामांतरण (म्यूटेशन) भी शरद मेहता के नाम दर्ज कर दिया गया. पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने नामांतरण के लिए कोई आवेदन नहीं किया था. यानी जिस जमीन की खरीद से ही वे इनकार कर रहे हैं, सरकारी रिकॉर्ड में वे उसके मालिक बन चुके थे. उनका कहना है कि दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षर भी उनके नहीं हैं और जिस दिन जमीन की रजिस्ट्री दिखाई गई, उस दिन वे जोधपुर में मौजूद तक नहीं थे.
इस पूरे मामले में अगला बड़ा मोड़ आया 27 नवंबर 2012 को. एफआईआर के अनुसार, हितेंद्र गोयल ने खुद को शरद मेहता का मुख्त्यारआम बताते हुए जमीन की बिक्री कर दी. जमीन 40 लाख रुपए में मैसर्स इलेक्ट्रोविजन ट्रेड लिंक्स प्राइवेट लिमिटेड को बेची गई. इस सौदे में कंपनी की ओर से निदेशक महावीर लूणिया थे.
शरद मेहता का आरोप है कि उन्होंने हितेन्द्र गोयल को कभी कोई मुख्त्यारनामा दिया ही नहीं. जमीन की बिक्री के बदले उन्हें कोई रकम भी नहीं मिली. इसके बावजूद वर्ष 2016 में जमीन का नामांतरण कंपनी के नाम दर्ज हो गया.
अब इस पूरे मामले में व्यवसायी महावीर लूणिया और हितेंद्र गोयल की भूमिका सवालों के घेरे में है. एफआईआर में दोनों के बीच मिलीभगत कर जमीन का सौदा करने का आरोप लगाया गया है. शिकायत में यह भी उल्लेख है कि कथित फर्जी मुख्त्यारनामे की मूल प्रति महावीर लूणिया के पास है. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
2005: 17.21 लाख में फर्जी खरीद दिखाने का आरोप
2012: फर्जी मुख्त्यारनामे से 40 लाख में बिक्री
2016: कंपनी के नाम दर्ज हुआ नामांतरण
पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस से कथित फर्जीवाड़े से जुड़े सभी मूल दस्तावेज जब्त करने की मांग की है. दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों की फोरेंसिक जांच, बैंक ड्राफ्ट का सत्यापन और जमीन के सौदे से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग भी की गई है. पुलिस आयुक्त के आदेश पर कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने FIR संख्या 318/2026 दर्ज की है. मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है.
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस बुजुर्ग ने जमीन खरीदी ही नहीं, उनके नाम पर खरीद का दस्तावेज कैसे तैयार हुआ? कथित मुख्त्यारनामा किसने बनाया और 40 लाख रुपए में हुए इस सौदे की रकम आखिर किसके पास पहुंची? इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच में सामने आएंगे.