)
विनीत अग्रवाल/अमरोहा: शादी की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब दावत में खाना खाने के बाद एक के बाद एक मेहमानों की तबीयत बिगड़ने लगी. आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव शेरगढ़ में भात नौतने की दावत में शामिल करीब 50 से 60 लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचाना पड़ा. इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार, संभल जनपद के गांव बेला द्वापर की रहने वाली ममता देवी अपने बेटे की शादी से पहले मायके आई हुई थीं. उनके बेटे की शादी आगामी 5 दिसंबर को होनी है. इसी सिलसिले में शेरगढ़ में भात नौतने का कार्यक्रम रखा गया था. बताया जा रहा है कि इस दावत के लिए गंवा पावस की एक दुकान से पनीर मंगाया गया था.
मेहमानों ने दावत में पनीर खाया और कुछ देर बाद कई लोगों को बेचैनी, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते दावत में हड़कंप मच गया. परिजन आनन-फानन में बीमार लोगों को लेकर अस्पताल भागे.

बीमार लोगों को आदमपुर क्षेत्र के प्राइवेट हॉस्पिटलों में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, सभी का इलाज चल रहा है. ज्यादातर की हालत स्थिर बताई जा रही है. हालांकि, बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिजन ज्यादा चिंतित नजर आए. इस घटना के बाद दहशत का माहौल है.
परिजनों का आरोप है कि पनीर खाने के बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ी. हालांकि, पनीर खराब या मिलावटी होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि शादी-ब्याह के सीजन में मिलावटी सामान की बिक्री बढ़ जाती है, लेकिन जांच के नाम पर खानापूर्ति होती है. फिलहाल, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जानकारी जुटा रहा है. पनीर का नमूना लेकर जांच कराए जाने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या थी.
इन दिनों शादी-ब्याह का सीजन चरम पर है और दावतों में पनीर की डिमांड सबसे ज्यादा रहती है. इसी मौके का फायदा उठाकर मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं, जो लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने में जुटे हैं. हालांकि, जनता की थाली में जहर न परोसा जाए, इसके लिए हापुड़ का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में है. बीती रात विभाग की टीम ने सिंभावली क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब पौने दो लाख रुपये कीमत का मिलावटी पनीर नष्ट कराया है.
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बीती रात करीब थाना सिंभावली क्षेत्र के ग्राम दतियाना में एक पनीर निर्माण इकाई पर औचक छापा मारा. छापेमारी में टीम को मौके पर बेहद गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित किया गया लगभग 7 क्विंटल पनीर बरामद हुआ. इसके साथ ही मौके से रिफाइंड के 4 टिन भी मिले, जिससे पनीर में मिलावट का संदेह और गहरा गया. सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि सूचना मिली थी कि ग्राम दतियाना, थाना सिंभावली में मिलावटी पनीर बनाया जा रहा है. टीम के साथ मौके पर पहुंचने पर लगभग 7 क्विंटल पनीर अनहाइजीनिक कंडीशन में रखा मिला और 4 टिन रिफाइंड भी बरामद हुए.
संदेह के आधार पर पनीर और रिफाइंड का एक-एक नमूना भरा गया है,और जेसीबी बुलवाकर गड्ढा खुदवाकर करीब 1 लाख 75 हजार रुपये कीमत के पनीर को नष्ट करा दिया गया है. कार्रवाई के दौरान टीम ने जांच के लिए पनीर का एक और रिफाइंड का एक नमूना संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजा है. वहीं, शेष बचे लगभग 698 किलोग्राम संदिग्ध और अस्वास्थ्यकर पनीर को जेसीबी मशीन की मदद से गहरा गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. नष्ट किए गए पनीर की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये बताई जा रही है.
खाद्य विभाग ने इस अवैध पनीर निर्माण इकाई को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है. विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है. साफ है कि शादियों के इस सीजन में मुनाफाखोरी के चक्कर में आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. हापुड़ खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई ने मिलावटखोरों को कड़ा संदेश दे दिया है.