App

महर्षि मार्कडेंय की कहानी: 16 साल की उम्र में लेने आए यमराज, तो स्वयं प्रकट हुए महादेव, फिर रचा दुर्गा सप्तशती पाठ!

मां दुर्गा की आराधना करने, उन्‍हें प्रसन्‍न करने के लिए दुर्गा सप्‍तशती का पाठ करना बेहद प्रभावी माना गया है. नवरात्र में लोग विशेष तौर पर दुर्गा सप्‍तशती का पाठ करते हैं. पर क्‍या आप जानते हैं कि इसके लेखक कौन हैं?

महर्षि मार्कडेंय की कहानी: 16 साल की उम्र में लेने आए यमराज, तो स्वयं प्रकट हुए महादेव, फिर रचा दुर्गा सप्तशती पाठ!
Image Credit: दुर्गा सप्‍तशती के रचनाकार की 16 साल की उम्र में मृत्‍यु होने थी, पर एक घटना के बाद उन्‍हें अमरता का वरदान मिला. (Photo:AI)

दुर्गा सप्‍तशती मां दुर्गा को समर्पित बेहद ताकतवर पाठ है. जिसका पाठ देवी मां के भक्‍त नवरात्र में या रोजाना भी करते हैं. मां दुर्गा की कृपा दिलाने वाले, मनोकामनाएं पूरी करने वाले दुर्गा सप्‍तशती पाठ के लेखक कौन हैं और कैसे उनके भक्ति के आगे यमराज भी झुक गए और उन्‍हें बिना प्राण लिए खाली हाथ लौटना पड़ा, इसकी बेहद रोचक कहानी है. आइए जानते हैं महर्षि मार्कंडेय की कहानी.

कौन थे महर्षि मार्कंडेय?

सतयुग में भृगु वंश के ऋषि मृकण्डु (मृकंद) और उनकी पत्नी मरुदमती (मानस्विनि) के घर हुआ था. ऋषि और उनकी पत्‍नी लंबे समय तक नि:संतान थे. फिर ऋषि मृकण्‍डु ने भगवान शिव की खूब तपस्‍या की और संतान देने की प्रार्थना की. तब शिव जी ने उन्‍हें संतान को लेकर 2 विकल्‍प दिए. पहला - संतान अल्‍पायु होगी लेकिन परमज्ञानी और गुणवान होगी. दूसरा - संतान दीर्घआयु होगी लेकिन वो सामान्‍य होगी, उसमें ऐसे कोई विशेष गुण नहीं होंगे. तब ऋषि मृकण्डु ने पहला विकल्‍प चुना.

16 साल में होनी थी पुत्र की मृत्‍यु

ऋषि मृकण्डु के घर पुत्र हुआ, जिसका नाम मार्कंडेय रखा गया. मार्कंडेय बचपन से ही परमज्ञानी और शिव भक्‍त थे. जब वह 16 साल के हुए तो उनके प्राण लेने स्वयं यमराज पहुंच गए क्‍योंकि उनकी मृत्‍यु 16 साल में तय थी. लेकिन मार्कंडेय ऋषि परम शिव भक्‍त थे. जैसे ही यमराज उन्‍हें लेने पहुंचे वे महामृत्‍युंजय मंत्र का जाप करते हुए शिवलिंग से लिपट गए.

शिवलिंग से प्रकट हुए भगवान शिव

यमराज ने जैसे ही मार्कंडेय ऋषि के प्राण लेने के लिए पाश फेंका, तो वह पाश शिवलिंग पर भी लग गया. इससे शिवलिंग से शिव जी प्रकट हो गए. उन्‍होंने अपने भक्‍त को बचाने के लिए आयु बंधन से मुक्‍त कर दिया और चिरायु होने का वरदान भी दिया. इसलिए कई पुराणों में मार्कंडेय ऋषि को चिरंजीवी कहा गया है.

मार्कंडेय ऋषि के नाम पर लिखा गया मार्कंडेय पुराण

मार्कंडेय ऋषि बेहद विद्वान थे. उनके नाम पर महर्षि वेद व्‍यास ने मार्कंडेय पुराण लिखा. इस पुराण में महर्षि मार्कंडेय के महर्षि जैमिनी और महर्षि क्रॉष्टुकी के बीच मां दुर्गा के महात्‍म्‍य पर जो चर्चा हुई है, उसका पूरा संकलन किया गया है. मार्कंडेय पुराण में ही दुर्गा सप्‍तशती पाठ है. मार्कंडेय पुराण में 137 अध्‍याय और करीब 9 हजार श्‍लोक हैं, जिसका हिस्‍सा दुर्गा सप्‍तशती बेहद प्रसिद्ध है. इस पूरे पाठ में मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया गया है.

इस तरह से दुर्गा सप्‍तशती के रचनाकर महर्षि मार्कंडेय हैं, लेकिन उसको लिपिबद्ध महर्षि वेदव्‍यास ने किया है.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक ग्रंथों, पौराणिक कथाओं और पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित है. अलग-अलग ग्रंथों और परंपराओं में कथा के विवरण भिन्न हो सकते हैं. इसका उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक जानकारी प्रदान करना है.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More