)
राजस्थान के कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूता रोशन बैरवा की मौत हो गई. बीते 24 घंटे में यह दूसरी प्रसूता की मौत है. इससे पहले शुक्रवार को रेशमा (40) की इलाज के दौरान मौत हुई थी.
रात को सिजेरियन डिलीवरी से हुआ था बच्चे का जन्म
अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा के अनुसार, बारां निवासी रोशन को शुक्रवार रात 8 बजे अस्पताल लाया गया था. वह हाई रिस्क पेशेंट थी. उसे एनीमिया था और वजन करीब 39-40 किलो था. रात को सिजेरियन डिलीवरी से बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन इसके बाद ब्लीडिंग शुरू हो गई. एक यूनिट ब्लड चढ़ाया गया और ब्लीडिंग नहीं रुकने पर दोबारा ओटी में ले जाया गया. शनिवार सुबह 11:30 बजे उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने कार्रवाई और पोस्टमार्टम से किया इनकार
पति महेंद्र के मुताबिक, सुबह 7 बजे महिला की तबीयत बिगड़ने और सांस फूलने पर उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया था. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि डॉक्टरों ने बचाने का प्रयास किया. परिजनों ने कार्रवाई और पोस्टमार्टम से इनकार करते हुए लिखित सहमति दी, जिसके बाद शव सौंप दिया गया.
पढ़ें एक और बड़ी खबर
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर कराडिया के पास हुए दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई. मामले में आज गमगीन माहौल में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया. एमबीएस अस्पताल व न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में अलग-अलग जगह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई.
न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पांच जबकि एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में तीन मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया. पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान बड़ी मात्रा में पुलिस का जाब्ता भी तैनात रहा. इस दौरान मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था. आज काराडिया के पास श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस के खाई में गिरने से आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी. हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे. मिनी बस भोपाल से खाटू श्याम जी जा रही थी.
Reporter- Rahul Joshi