App

मकराना में एक खेत में पानी के हौद में डूबने से 3 बच्चों की मौत, मची चीख-पुकार

मकराना में खेत में खेल रही एक ही परिवार की तीन मासूम चचेरी बहनों की पानी के हौद में गिरने से मौत हो गई. पांच और छह साल की बच्चियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

मकराना में एक खेत में पानी के हौद में डूबने से 3 बच्चों की मौत, मची चीख-पुकार
Image Credit: मकराना में पानी के हौज में गिरने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई.

मकराना के खेत में खेल रही एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों की पास में बने पानी के हौद में गिरने से मौत हो गई. हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की उम्र पांच और छह वर्ष थी. घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई.

जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां खेत में खेल रही थीं. इसी दौरान वे पास ही बने पानी के हौद में गिर गईं. घटना का पता चलने पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चियों को हौद से बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें मकराना के राजकीय उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया. इस पुष्टि के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

तीनों बच्चियों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान महक पुत्री देवेंद्र गुर्जर (6 वर्ष), चहक पुत्री सतीश (6 वर्ष) और मानवी पुत्री दीपक (5 वर्ष) के रूप में हुई है. तीनों बच्चियां आपस में चचेरी बहनें थीं और एक ही परिवार के तीन भाइयों की बेटियां थीं. तीनों की एक साथ मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया.

अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
तीनों बच्चियों के शव राजकीय उप जिला चिकित्सालय पहुंचने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. माता-पिता और अन्य परिजन बदहवास नजर आए. किसी को भी अपनी लाडलियों के बिछड़ जाने का विश्वास नहीं हो रहा था. परिवार की महिलाओं की करुण चीत्कार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया. एक साथ तीन मासूम बच्चियों की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दीं.

परिवार के लोग इस हादसे से पूरी तरह टूट गए हैं. किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि खेत में खेलते समय ऐसा अनहोना हो जाएगा. माता-पिता के लिए इस दुखद सच्चाई को स्वीकार करना मुश्किल हो रहा था. गांव में गहरा मातम पसरा है.

पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर मकराना पुलिस भी राजकीय उप जिला चिकित्सालय पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली. फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. तीनों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में भी शोक का माहौल है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More