App

राजस्थान पंचायत चुनाव में हार पर BJP नेता संजय भाटिया को आई परमात्मा की याद, राव नरवीर ने याद दिलाए रजवाड़े

राजस्थान पंचायत चुनाव में BJP की हार पर संजय भाटिया ने कहा कि जनता का फैसला स्वीकार है और नाराजगी दूर करेंगे. हरियाणा के मंत्री राव नरवीर ने कहा कि लोकतंत्र में नतीजों की भविष्यवाणी नहीं होती. उन्होंने दक्षिणी हरियाणा के विकास और पंजाब में चुनाव प्रचार पर भी बात की.

राजस्थान पंचायत चुनाव में हार पर BJP नेता संजय भाटिया को आई परमात्मा की याद, राव नरवीर ने याद दिलाए रजवाड़े
Image Credit: Rajasthan Panchayat Election

Rajasthan Panchayat Election Results 2026: राजस्थान में पंचायत चुनाव में भाजपा की हार पर पार्टी नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. जयपुर में भाजपा के प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने कहा कि पार्टी जनता के फैसले को स्वीकार करती है और हार के कारणों को दूर करेगी. वहीं, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह ने भी चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी चुनाव के नतीजों की भविष्यवाणी नहीं की जा सकती, केवल आकलन किया जा सकता है.

'परमात्मा ने कुछ अलर्ट किया होगा' - संजय भाटिया
जयपुर में संजय भाटिया ने पंचायत चुनाव में हार की जिम्मेदारी तय करने के सवाल पर कहा, 'कोई गलती करता है तो जिम्मेदारी तय होती है. लोगों का मन है, वोट नहीं. जिम्मेदारी क्या तय होगी?'

उन्होंने कहा कि अगर लोगों के मन में कोई नाराजगी है तो उसे दूर किया जाएगा.
भाटिया ने कहा, 'मैं तो इस हार में भी कुछ अच्छा ही ढूंढता हूं. परमात्मा ने कुछ अलर्ट किया होगा.' उन्होंने हार की तुलना बीमारी के शुरुआती संकेतों से की. उनका कहना था कि बड़ी बीमारी होने से पहले शरीर संकेत देता है. समय पर इलाज हो जाए तो आदमी फिर स्वस्थ हो जाता है.

'हार से भागते नहीं, जनता का फैसला स्वीकार है'
संजय भाटिया ने कहा कि जीत और हार सिक्के के दो पहलू हैं. हाल ही में भाजपा ने निकाय चुनाव जीते थे, लेकिन पंचायत चुनाव का फैसला भी पार्टी स्वीकार करेगी. उन्होंने कहा कि हार के जो भी कारण रहे हैं, उन्हें ठीक किया जाएगा और भाजपा पूरी ताकत से 2028 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी. कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए भाटिया ने कहा कि आगे विधानसभा चुनाव में अगर उसके खिलाफ फैसला आता है तो वह चुनाव आयोग और EVM को दोष न दे.

'प्रजातंत्र में रजवाड़ों का राज भी खत्म हो गया'- राव नरवीर
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह ने राजस्थान पंचायत चुनाव में भाजपा की हार पर कहा कि लोकतंत्र में चुनाव परिणामों को लेकर केवल आकलन किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि समय के साथ वे रजवाड़े भी चले गए, जिनका कभी स्थायी राज माना जाता था.

पंजाब में प्रचार और दक्षिणी हरियाणा के विकास पर जवाब
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब में चुनाव प्रचार करने पर उठे सवालों के जवाब में राव नरवीर ने कहा कि जिसकी जहां मांग होती है, लोग उसी को सुनना पसंद करते हैं. केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के दक्षिणी हरियाणा की अनदेखी वाले बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा के 12 साल के शासन में क्षेत्र का काफी विकास हुआ है. जो कमी रह गई है, उसे भी पूरा करने का प्रयास होगा. उन्होंने कहा कि जनता सरकार के काम से खुश थी, इसलिए हरियाणा में लगातार तीन बार भाजपा की सरकार बनी. उन्होंने राम-कृष्ण के जन्म के समय भी कुछ लोगों की नाराजगी का उदाहरण दिया.

परिवेदना समिति की बैठक में 15 मामले, पत्रकारों की एंट्री बंद
राव नरवीर सिंह झज्जर में परिवेदना समिति की बैठक में पहुंचे थे. बैठक में कुल 15 मामले रखे गए, जिनमें से 10 का मौके पर निपटारा किया गया. हालांकि, बैठक में पत्रकारों को प्रवेश नहीं दिया गया. इस पर मंत्री ने कहा कि कई जगह ऐसी बैठकों में पत्रकारों की एंट्री बंद की गई है और इसी कारण झज्जर में भी यह व्यवस्था लागू की गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More