App

अब पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी: सुवेंदु कैबिनेट ने दी हरी झंडी, 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कवायद तेज हो गई है. सुवेंदु कैबिनेट से प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद अब इसे 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा. जानिए नाम बदलने की प्रक्रिया और इससे जुड़े ताजा अपडेट्स.

अब पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी: सुवेंदु कैबिनेट ने दी हरी झंडी, 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव
Image Credit: अब 'वेस्ट बंगाल' नहीं कहलाएगा राज्य! कैबिनेट से हरी झंडी, शीतकालीन सत्र में रखा जाएगा नाम बदलने का प्रस्ताव

पश्चिम बंगाल राज्य का नाम बदलने को लेकर एक बड़ा फैसला सामने आया है. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को ऐलान किया कि राज्य का नाम बदलकर ‘पाश्चिम बंगा’ करने से जुड़ा प्रस्ताव 9 दिसंबर को विधानसभा में लाया जाएगा. इससे पहले सोमवार को ही हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है.

कोलकाता में एएनआई के पत्रकारों से बात करते हुए सीएम सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि यह प्रस्ताव विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान पेश किया जाएगा. यह सत्र 4 दिसंबर से 14 दिसंबर तक चलने वाला है. उन्होंने यह भी साफ किया कि अंग्रेजी में भी राज्य का यही नाम रहेगा और इसे बिल्कुल इसी रूप में लिखा जाएगा.

 

अंग्रेजी में भी 'पाश्चिम बंगा' ही होगा नाम

सीएम सुवेंदु अधिकारी ने सूबे के नए नाम की स्पेलिंग और भाषा को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, 'अंग्रेजी में भी पश्चिम बंगाल का नाम 'पाश्चिम बंगा' ही होगा. 'पाश्चिम बंगा'- इसे ठीक वैसे ही लिखा जाना चाहिए, जैसा यह है. हम 9 तारीख को विधानसभा में एक प्रस्ताव लेकर आ रहे हैं; इसके बाद यह भारत सरकार के पास जाएगा और फिर संसद में पहुंचेगा.' उनके इस बयान से यह साफ हो गया है कि राज्य सरकार नाम को लेकर किसी तरह के बदलाव या अनुवाद के बजाय एक तय रूप को ही आगे बढ़ाना चाहती है.

1947 के इतिहास से जुड़ा है यह बदलाव

नाम बदलने के पीछे की वजह बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रस्ताव राज्य के इतिहास और 1947 में इसके गठन से जुड़ा हुआ है. उन्होंने इस कदम को जरूरी और स्वाभाविक बताया. अधिकारी के मुताबिक, 'यह इतिहास का विषय है 1947 में पश्चिम बंगाल के गठन से जुड़ा इतिहास. यह ऐसा बदलाव है, जो होना ही चाहिए. 'वेस्ट बंगाल' के बजाय इसका नाम 'पाश्चिम बंगा' होगा.'

विधानसभा से संसद तक की प्रक्रिया

राज्य सरकार के स्तर पर कैबिनेट की मुहर लगने के बाद अब अगला कदम विधानसभा में प्रस्ताव पेश करने का है. यदि विधानसभा इस प्रस्ताव को पारित कर देती है, तो इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा. किसी भी राज्य का नाम बदलने की प्रक्रिया केवल राज्य स्तर पर पूरी नहीं होती. इसे औपचारिक रूप से लागू करने से पहले केंद्र सरकार की हरी झंडी और संसद की मंजूरी मिलना जरूरी है. ऐसे में आने वाले दिनों में यह मुद्दा राज्य की राजनीति के साथ-साथ संसद और केंद्र के स्तर पर भी चर्चा में रह सकता है.

अक्टूबर के संकेतों के बाद आया बड़ा फैसला

यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब अक्टूबर में पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी इस दिशा में संकेत दिए थे. उन्होंने तब राज्य का नाम बदले जाने की बात कही थी. अब कैबिनेट की मंजूरी और विधानसभा में प्रस्ताव लाने की तारीख तय होने के साथ इस पूरे मामले ने ठोस रूप ले लिया है. आने वाले शीतकालीन सत्र में 9 दिसंबर को जब यह प्रस्ताव सदन में रखा जाएगा, तब इस पर बहस और आगे की रणनीति पर सबकी नजरें रहेंगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ravindra Pratap Singh

Ravindra Pratap Singh

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More