App

राजस्थान पंचायत चुनाव पर बवाल! झालावाड़ में कांग्रेस ने उठाए वोटों की गिनती पर सवाल, री-काउंटिंग की मांग

झालावाड़ जिला परिषद के वार्ड-13 की मतगणना में अनियमितता की आशंका जताते हुए कांग्रेस ने प्रदर्शन कर पुनर्मतगणना की मांग की, जबकि जिला निर्वाचन अधिकारी ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है.

राजस्थान पंचायत चुनाव पर बवाल! झालावाड़ में कांग्रेस ने उठाए वोटों की गिनती पर सवाल, री-काउंटिंग की मांग
Image Credit: राजस्थान पंचायत चुनाव पर बवाल! झालावाड़ में कांग्रेस ने उठाए वोटों की गिनती पर सवाल, री-काउंटिंग की मांग

झालावाड़ में पंचायत चुनाव के परिणाम को लेकर सियासत गरमा गई है. जिला परिषद के वार्ड संख्या 13 में मतगणना के दौरान अनियमितताओं की आशंका जताते हुए कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है. ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में आए चुनाव परिणाम को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मिनी सचिवालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और राज्य निर्वाचन आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा. इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर, खानपुर विधायक सुरेश गुर्जर, कांग्रेस नेता शैलेंद्र यादव, सिद्दीक गौरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.

जिला परिषद वार्ड संख्या 13 से कांग्रेस प्रत्याशी रहीं प्रतिमा कुमारी नागर ने मतगणना और घोषित परिणाम को लेकर सवाल खड़े किए हैं. ज्ञापन में मतों की गणना, परिणाम पत्रकों और प्रत्याशियों को मिले मतों के संकलन में गड़बड़ी की आशंका जताई गई है.

कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 13 के सभी मतदान केंद्रों के बूथ वार और प्रत्याशी वार मतगणना पत्रकों की जांच कराने, डाक मतपत्रों के वैध एवं निरस्त मतों का नियमानुसार सत्यापन कराने तथा मतगणना के दौरान तैयार किए गए टेबलवार, राउंडवार और अंतिम परिणाम पत्रकों का मिलान कराने की मांग की गई है.
साथ ही ज्ञापन में निर्वाचन संबंधी आपत्तियों के निस्तारण के अभिलेख उपलब्ध कराने और जांच में किसी तरह की त्रुटि या अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार रिकाउंटिंग कराने की मांग भी उठाई गई है.

कांग्रेस प्रत्याशी ने राजस्थान पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के विभिन्न प्रावधानों का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच और पुनर्मतगणना की मांग की है. साथ ही जिला प्रशासन से पूरे मामले में कारण सहित लिखित आदेश उपलब्ध कराने का आग्रह किया है.

फिलहाल कांग्रेस ने ज्ञापन के जरिए निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है.

इधर जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा लगाए गए आरोपो को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक चरण की गणना पत्रों पर वहां मौजूद पार्टी एजेंट्स के दस्तखत है. अगर कोई आपत्ति थी तो प्रत्याशी द्वारा तुरंत ही रीकाउंटिंग की मांग करनी चाहिए थी. निर्वाचन विभाग द्वारा पूर्णतया पारदर्शिता के साथ चुनावी प्रक्रिया संपन्न की है.

ऐसे में अब देखना होगा कि राज्य निर्वाचन आयुक्त इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं. या कांग्रेस पार्टी न्यायालय की शरण लेगी.

(झालावाड़ से महेश परिहार की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More