कांग्रेस के बहुमत वाले जिलों में भी उम्मीदवार उतारेगी BJP, 'अंतरात्मा की आवाज' के भरोसे जिला प्रमुख की कुर्सी पर नजर
राजस्थान में पंचायत चुनाव की हार के बाद बीजेपी ने 37 जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. सिर्फ 5 जिलों में स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद पार्टी को अंतरात्मा की आवाज पर वोट मिलने की उम्मीद है. कांग्रेस के आरोपों पर भी बीजेपी ने पलटवार किया है.
Rajasthan Zila Pramukh Election 2026: राजस्थान में पंचायत चुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी अब जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में अपनी पूरी ताकत लगाने जा रही है. बीजेपी ने प्रदेश के 37 जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव लड़ने का फैसला किया है. खास बात यह है कि पार्टी के पास सिर्फ पांच जिलों में स्पष्ट बहुमत है. इसके बावजूद बीजेपी किसी भी जिले में चुनावी मैदान छोड़ने के मूड में नहीं है. पार्टी को उम्मीद है कि जिला परिषद सदस्य अंतरात्मा की आवाज पर उसके उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करेंगे. वहीं, कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे खरीद-फरोख्त के आरोपों पर भी बीजेपी ने पलटवार किया है.
हार के मंथन के बीच बीजेपी का बड़ा सियासी दांव
पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी में लगातार बैठकों और मंथन का दौर जारी है. पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रहे हैं. चुनाव में हार की वजहों को तलाशा जा रहा है. हार के कारणों को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व को भी रिपोर्ट सौंपी जानी है. इस बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने साफ कर दिया है कि पार्टी प्रदेश के सभी 37 जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव लड़ेगी. इसके अलावा सभी पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए भी बीजेपी अपने उम्मीदवार उतारेगी. जिला प्रमुख बनाने के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि परिस्थितियां सभी के सामने हैं, लेकिन पार्टी सभी जगह चुनाव लड़ेगी.
अंतरात्मा की आवाज के भरोसे बीजेपी
जिन जिलों में बीजेपी के पास बहुमत नहीं है, वहां पार्टी को निर्दलीय और अन्य सदस्यों से समर्थन मिलने की उम्मीद है. बीजेपी का मानना है कि जिला परिषद के सदस्य स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने भी सभी 37 जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव लड़ने की बात कही है. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को स्वतंत्र रूप से मतदान करने का अधिकार है. चुनाव के बाद ही पता चलेगा कि क्या परिणाम निकलकर सामने आता है. ऐसे में 25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. देखना होगा कि बहुमत के आंकड़े से दूर बीजेपी कितने जिलों में अपने उम्मीदवारों को जीत दिला पाती है.
खरीद-फरोख्त के आरोपों पर डोटासरा को घेरा
जिला प्रमुख के चुनाव से पहले कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है. भरतपुर में खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधा. राठौड़ ने तंज कसते हुए कहा कि डोटासरा बिना बॉल के फुटबॉल खेलते रहे हैं. कभी गोली चलाने की बात करते हैं तो कभी भुजाएं फड़काने की बात करते हैं. उन्होंने ईवीएम को लेकर भी डोटासरा से सवाल किया. राठौड़ ने कहा कि डोटासरा पहले ईवीएम पर आरोप लगाते थे, अब इस पर जवाब क्यों नहीं देते?
अशोक गहलोत के आरोपों पर भी किया पलटवार
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से लगाए गए खरीद-फरोख्त के आरोपों पर भी मदन राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि गहलोत ने खुद किस तरह सरकार बनाई थी, यह सभी जानते हैं. राठौड़ ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि खुद करें तो सही और दूसरों पर झूठे आरोप लगाएं. जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच बयानबाजी ने प्रदेश का सियासी माहौल और गर्म कर दिया है.
ये भी पढ़ें- धौलपुर में कांग्रेस के बहुमत पर BJP की नजर! कहीं अपनों की खींचतान से हाथ से न निकल जाए जिला प्रमुख की कुर्सी
पंचायत चुनाव में हुई गलतियों को सुधारेगी बीजेपी
बीजेपी प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया पंचायत चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर लगातार नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे हैं. भाटिया ने कहा कि चुनाव में जो भी गलतियां हुई हैं, उनमें सुधार किया जाएगा. यदि पार्टी के भीतर कोई कमी सामने आती है तो बीजेपी बदलाव के लिए भी तैयार है. उन्होंने राजस्थान में सरकार बदलने के मिथक को लेकर भी बड़ा दावा किया. भाटिया ने कहा कि इस बार शत-प्रतिशत सरकार बदलने का मिथक टूटेगा. उनका कहना है कि बीजेपी हमेशा चुनावी मोड में रहती है और विधानसभा चुनाव की तैयारी भी लगातार जारी है.
क्या जिला प्रमुख चुनाव में उलटफेर कर पाएगी बीजेपी?
पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी के सामने दोहरी चुनौती है. एक तरफ पार्टी को हार के कारणों का पता लगाकर अपनी कमियों को दूर करना है, तो दूसरी तरफ जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करना है. सिर्फ पांच जिलों में स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद 37 जिलों में उम्मीदवार उतारने का फैसला बीजेपी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अंतरात्मा की आवाज पर मतदान की उम्मीद लगाए बैठी बीजेपी कितने जिलों में सियासी समीकरण बदलने में कामयाब होगी.