App

'न भाग सकते हैं, न बच सकते हैं...' यूक्रेन युद्ध में क्यों सुसाइड कर रहे रूसी सैनिक? 1200 से ज्यादा मौतों से सहमे पुतिन!

पिछले लगभग 5 साल से यूक्रेन के साथ जारी जंग रूस को बहुत भारी पड़ रही है. अब तक उसके करीब 5 लाख सैनिक इस जंग में जान गंवा चुके हैं. साथ ही, उसके सैनिकों में आत्महत्या की दर भी तेजी से बढ़ रही है.

'न भाग सकते हैं, न बच सकते हैं...' यूक्रेन युद्ध में क्यों सुसाइड कर रहे रूसी सैनिक? 1200 से ज्यादा मौतों से सहमे पुतिन!
Image Credit: यूक्रेन से जंग के लिए सरहद की ओर बढ़ते रूसी सैनिक (फाइल फोटो)

यूक्रेन के साथ पिछले करीब 5 साल से जारी जंग रूस के लिए भयानक नुकसान का सबब बन चुका है. फरवरी 2022 से शुरू हुई इस जंग में अब तक रूस के युद्ध में 4.9 लाख से अधिक रूसी लोगों की जानें जा चुकी हैं. इस जंग से रूस के सैनिक इतना ऊब चुके हैं कि अब उनमें आत्महत्या की दर तेजी से बढ़ रही है. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 4 साल में वहां पर 1229 रूसी सैनिक सुसाइड कर चुके हैं. इससे वहां की सेना में अजीब हलचल मची है.

अंतहीन जंग से सैनिक त्रस्त, कर रहे आत्महत्या

'फाइनेंशियल टाइम्स' और 'द गार्जियन' की रिपोर्टों के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के साथ युद्ध छेड़कर देश की एक पूरी पीढ़ी को तबाही की ओर धकेल दिया है. इस अंतहीन युद्ध से रूस के सैनिक त्रस्त हो चुके हैं. रूस के कठोर नियमों की वजह से वे सेना छोड़ नहीं सकते, इसलिए जान देकर इससे पिंड छुड़ा रहे हैं.

रिपोर्टों के अनुसार, रूसी सांख्यिकी एजेंसी रोसस्टैट के लीक डेटा से पता चला है कि सामान्य आबादी की तुलना में रूसी सैनिकों में आत्महत्या की दर दोगुनी से अधिक हो चुकी है. यह आंकड़ा पांच साल से चल रहे युद्ध में रूस की भारी जनहानि, गिरते मनोबल और कठोर सैन्य अनुशासन के पीछे के काले सच को उजागर कर रहा है.

सामने आए रूसी सेना के चौंकाने वाले आंकड़े

'फाइनेंशियल टाइम्स' के एनेलेसिस में कहा गया है कि वर्ष 2022 के बाद से कम से कम 1229 रूसी सैनिकों ने आत्महत्या की है. वहीं 'द गार्जियन' ने आंकड़ों के लिहाज से 1,087 सैनिकों की सुसाइड के मामले बताए हैं.यही नहीं,  रिपोर्ट में 885 सैनिकों की मौत 'अज्ञात कारणों से बंदूक की गोली से लगी चोट' की श्रेणी में दर्ज की गई है. एक्सपर्टों का कहना है कि यह एक संदिग्ध श्रेणी है. ऐसा करके आत्महत्या के मामलों की असल संख्या को छिपाया गया है. अगर दोनों श्रेणियों को जोड़ दें तो मौतों की यह संख्या लगभग एक पूरी सैन्य रेजीमेंट के बराबर बैठती है.

लेख के मुताबिक, युद्ध लंबा खिंचने के साथ आत्महत्या के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं. 2023 में जहां 235 आत्महत्याएं दर्ज हुईं, वहीं 2024 में यह आंकड़ा 300 और 2025 में 371 तक पहुंच गया. वर्ष 2026 में अब 400 सैनिकों के सुसाइड करने का अनुमान है. वहीं, 'द गार्जियन' का कहना है कि वर्ष 2022 में करीब 50 मामलों से शुरू हुआ यह दौर 2025 में 365 के चरम स्तर पर पहुंचा और 2026 में अब तक लगभग 300 मामले दर्ज हो चुके हैं.

युद्ध के मैदान में निराशा हावी

दोनों प्रमुख समाचार आउटलेट की रिपोर्टों के मुताबिक, रूसी सैनिकों की 600 से अधिक आत्महत्याएं सीधी फ्रंटलाइन पर हुईं. इनमें बाखमुत, अवदीवका और पोक्रोव्स्क जैसी भीषण लड़ाई वाले कब्जे वाले यूक्रेनी इलाके शामिल हैं. गार्जियन के अनुसार 614 से ज्यादा मौतें यूक्रेन के कब्जे वाले हिस्सों या रूस के बेलगोरोद और ब्रियांस्क जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में हुईं. इनमें से आधी से ज्यादा मौतें गोली लगने से हुई हैं.

फ्रंटलाइन पर जान गंवाने वालों में 43 सैनिक महज 18 या 19 साल के थे. जबकि, 25 साल से कम उम्र के 108 युवकों ने रूस के अन्य हिस्सों में आत्महत्या की. इनमें से कई सैनिक संभवतः अनिवार्य सैन्य सेवा वाले जवान थे, जिन्हें मिलिट्री सर्विस के कॉन्ट्रेक्ट पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया था.

हैक डेटा से खुला सुसाइड का राज

दोनों अखबारों का कहना है कि रूसी सेना से जुड़े उसे ये सारे आंकड़े रोसस्टैट के लीक डेटा से मिले हैं. इनमें  1.1 करोड़ से अधिक मृत्यु प्रमाण पत्र लीक किए गए हैं. बेलारूस के विपक्षी हैकर समूह 'साइबर पार्टिसंस' और 'साइलेंट क्रो' ने इस डेटा को लीक किया है. जबकि क्रेमलिन सैन्य मौतों या आत्महत्याओं के आंकड़ों को पूरी तरह से गुप्त रखता है.

विशेषज्ञों का मानना है कि आत्महत्या करने वाले सैनिकों की संख्या का वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है. भगोड़े सैनिकों की मदद करने वाले संगठन 'गेट लॉस्ट' के निदेशक ग्रिगोरी स्वेर्दलिन भी कुछ इसी तरह की बात करते हैं. उनका कहना है कि अधिकारी अपनी नाकामी छिपाने के लिए आत्महत्याओं को भी युद्ध की मौतों में दर्ज कर रहे हैं.

डिफेंस एक्सपर्टों का कहना है कि युद्ध जारी रहते सैनिकों की मौतों की असलियत जुटा पाना बेहद मुश्किल होता है. ऐसे में सैनिकों की आत्महत्याओं को रिकॉर्ड में छिपा देना कोई बड़ी बात नहीं है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More