App

काशी नहीं जा सके हैं तो घर में ही ऐसे मनाएं देव दीपावली, ये है दीपदान का शुभ मुहूर्त

Dev Deepawali 2026: देव दीपावली पर काशी जाना नहीं हो पाया तो आप घर पर ही देवताओं को समर्पित देव दीपावली का पर्व मना सकते हैं. घर पर भी पूजा और दीपदान करें और मुख्य द्वार और तुलसी के पास दीया जलाएं. आइए इस बारे में जानें.

काशी नहीं जा सके हैं तो घर में ही ऐसे मनाएं देव दीपावली, ये है दीपदान का शुभ मुहूर्त

Dev Deepawali 2026: आज यानी 24 नवंबर को देव दीपावली का पर्व काशी में बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देव दीपावली पर देवी-देवता काशी की धरती पर उतरते हैं और दीपावली मनाते हैं. काशी में गंगा घाटों पर हजारों दीये जगमगा उठते हैं. इस शुभ मौके पर हर कोई चाहता है कि शिव जी की नगरी काशी जाकर इस पर्व को सच्ची श्रद्धा के साथ मनाएं, लेकिन ऐसा तो संभव नहीं कि हर कोई काशी पहुंचकर देव दीपावली पर दीपदान कर सके. अगर आप भी वाराणसी जाकर देव दीपावली का पर्व मनाना चाहते थे लेकिन ऐसा हो नहीं सका तो आपको निराश होने की जरूरत नहीं है. क्योंकि आप घर पर ही देव दीपावली की पूजा कर दीपदान कर सकते हैं. आइए जानें कार्तिक पूर्णिमा तिथि पर मनाए जाने वाले देव दीपावली का पर्व घर पर ही कैसे मनाएं और दीपदान के लिए शुभ मुहूर्त क्या है.

दीपदान के लिए शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार, आज रात 08:23 बजे तक कार्तिक पूर्णिमा तिथि बनी रहेगी, ऐसे में दीपदान इस समयावधि तक किया जा सकता है. हालांकि दीपदान के लिए सबसे शुभ समय सूर्यास्‍त के बाद किया जाएगा. इसके लिए प्रदोष काल अति शुभ होगा. ध्यान दें, 24 नवंबर को यानी आज कार्तिक पूर्णिमा तिथि पर प्रदोष काल शाम के 05:08 बजे से लेकर रात 07:47 बजे तक बनी रहेगी. इस समय पूजा और दीपदान कर सकते हैं. यह समय दिल्‍ली-एनसीआर के लिए है, जगह के हिसाब से मुहूर्त के समय में बदलाव संभव है.

काशी नहीं जा सके हैं तो घर पर ही मनाएं देव दीपावली

देव दीपावली पर अगर काशी नहीं पहुंच सके हैं तो घर पर ही शुभ मुहूर्त में भगवान शिव और  भगवान विष्णु की उपासना करें. इसके बाद भगवान को फूल, अक्षत और भोग अर्पित करें, धूप, दीप जलाएं. मंत्रों का जाप करें और फिर आरती कर पूजा को संपन्न करें. परिवार की सुख-समृद्धि की भगवान से प्रार्थना करें. इसके बाद दीपदान करें. इसके लिए आप घर के पास के मंदिर जाकर भी दीया जलाकर दीपदान कर सकते हैं. इसके लिए बहुत भव्य आयोजन की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. बस भगवान का ध्यान करें और फिर घर की कुछ विशेष जगहों पर और मंदिर में दीपक जला दें. उससे पहले घर में साफ-सफाई जरूर कर लें.

प्रदोष काल में करें दीपदान

देव दीपावली पर शाम को प्रदोष काल में दीपदान किया जाता है. इसके लिए घर के मुख्य द्वार पर, तुलसी के पौधे के सामने और घर के मंदिर में दीपक जलाएं. मिट्टी के दीपक में घी या तेल डालकर दीया जलाएं. घर की छत और आंगन को दीपों से सजा दें. अगर आपके आसपास कोई पवित्र नदी या तालाब है तो वहां भी दीया जला आएं, देव दीपावली पर नदी में दीपदान करने का बड़ा महत्व होता है. हालांकि दीपदान करते समय नदी के जल को भूल से भी प्रदूषित न करें.

देव दीपावली पर क्या दान करें

देव दीपावली पर जरूरतमंदों में कुछ विशेष सामग्री का दान करें, जैसे- अन्न, गर्म वस्त्र और सामर्थ्य के अनुसार धन का दान करें. इस दिन किसी भूखे को भोजन खिलाने से मना न करें. धार्मिक मान्यता है कि देव दीपावली या कार्तिक पूर्णिमा तिथि पर दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है.

(Disclaimer: यह लेख सामान्य धार्मिक जानकारी और मान्यताओं पर आधारित है, इसे धार्मिक सलाह न मानें, किसी भी अनुष्ठान से पहले योग्य पुरोहित से सलाह लेकर ही करें, अपनी श्रद्धा अनुसार.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More