कोटा में ज्वेलर्स की दुकान पर लाखों की चोरी: महज 3 मिनट में उठा ले गए पूरी तिजोरी, CCTV में वारदात कैद
कोटा के सुल्तानपुर में ज्वेलर्स की दुकान से करीब 70 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी हो गई. पांच से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने महज 3 मिनट में पूरी तिजोरी उठाकर फरार हो गए. घटना के विरोध में व्यापारियों ने स्टेट हाईवे 70 पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया.
राजस्थान के कोटा में सुल्तानपुर के मुख्य बाजार में ज्वेलर्स की दुकान पर हुई करीब 70 लाख रुपए की चोरी के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला. भोरा चौराहे के पास स्थित दुकान को निशाना बनाकर पांच से ज्यादा नकाबपोश बदमाश महज 3 मिनट में पूरी तिजोरी उठाकर फरार हो गए. चोरी की वारदात पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
व्यापारियों का स्टेट हाईवे पर प्रदर्शन
घटना के विरोध में व्यापारियों ने स्टेट हाईवे 70, कोटा-इटावा मार्ग पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया. पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने जाम खोल दिया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. जानकारी के मुताबिक, बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे. उन्होंने पहले ज्वैलर्स की दुकान के शटर का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए.
यह भी पढ़ें- जयपुर परकोटे में वन-वे ट्रैफिक का विरोध: 400 से ज्यादा दुकानें बंद, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
इसके बाद बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का प्लग निकाल दिया, ताकि दुकान के भीतर उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें. बदमाशों ने दुकान में रखी पूरी तिजोरी उठाई और कार में रखकर मौके से फरार हो गए. पूरी वारदात को अंजाम देने में बदमाशों को करीब 3 मिनट लगे.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तिजोरी में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब 70 लाख रुपए का माल रखा हुआ था. बताया जा रहा है कि ज्वेलर्स ने दीपावली के त्योहार को देखते हुए हाल ही में लाखों रुपए के नए जेवरात मंगवाए थे. ऐसे में त्योहार से पहले हुई इस बड़ी चोरी ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है.
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
चोरी की वारदात सामने आने के बाद सुल्तानपुर के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया. व्यापारियों ने स्टेट हाईवे 70 पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया और सुल्तानपुर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी हुए माल की बरामदगी की मांग की. प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कार्रवाई में तेजी लाने की मांग की.
पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम
पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने सड़क से जाम हटा लिया. हालांकि, व्यापारियों ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. उनका कहना है कि यदि तय समय में आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा नहीं किया गया, तो सुल्तानपुर बाजार बंद कर फिर से प्रदर्शन किया जाएगा. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है. अब पुलिस के सामने चुनौती है कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों तक जल्द पहुंचा जाए और चोरी हुए माल को बरामद किया जाए.