App

सरपंच पद की उम्मीदवारी रह गई अधूरी: नामांकन नहीं भर पाईं तो रोने लगी प्रत्याशी, सास भी हुईं बेहोश

झालावाड़ जिले के खानपुर क्षेत्र की सुमर ग्राम पंचायत में सरपंच पद की प्रत्याशी मनभर बाई समय पर नामांकन दाखिल नहीं कर सकीं. निर्धारित समय निकल जाने के कारण उनका नामांकन स्वीकार नहीं हो पाया. इस घटना के बाद प्रत्याशी और उनके परिजन भावुक होकर रोने लगे. यह घटना दूसरे चरण की है.

सरपंच पद की उम्मीदवारी रह गई अधूरी: नामांकन नहीं भर पाईं तो रोने लगी प्रत्याशी, सास भी हुईं बेहोश
Image Credit: फूट-फूटकर रोया परिवार

झालावाड़ जिले के खानपुर क्षेत्र के सुमर ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए नामांकन दाखिल करने पहुंचने में हुई देरी के चलते प्रत्याशी मनभर बाई अपना नामांकन नहीं भर सकीं. नामांकन दाखिल करने का निर्धारित समय निकल जाने के कारण उनकी उम्मीदवारी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई. इस घटनाक्रम के बाद मौके पर भावुक माहौल बन गया और प्रत्याशी सहित उसके परिजन भी फूट-फूटकर रोने लगे.

नामांकन नहीं भर पाईं मनभर बाई, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
जानकारी के अनुसार, सरपंच पद की प्रत्याशी मनभर बाई निर्धारित समय पर नामांकन दाखिल करने नहीं पहुंच सकीं. इस दौरान उनके द्वारा जोनल गाड़ी को भी रोका गया, लेकिन इसके बावजूद नामांकन फॉर्म दाखिल नहीं हो सका. नामांकन नहीं भर पाने की जानकारी मिलते ही परिजनों का धैर्य जवाब दे गया और वे जोर-जोर से रोने लगे. 

घटनाक्रम के दौरान मनभर बाई की सास भी अचेत हो गईं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई. पंचायत चुनाव के बीच सामने आए इस घटनाक्रम ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया. नामांकन दाखिल नहीं हो पाने से प्रत्याशी और उनके परिवार की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा. बहरहाल अब यह घटना खास चुनावी चर्चा बन गई है.

झालावाड़ में 68.63% मतदान, पिछले चुनाव के मुकाबले 5.76% बढ़ोतरी
बता दें कि यह मामला राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का है. दूसरे चरण में झालावाड़ में 68.63 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले चुनाव से 5.76 फीसदी ज्यादा है. राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज 22 जिलों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान हुआ. शाम 6 बजे तक प्रदेश में कुल 78.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. 124 पंचायत समितियों के जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा 90.11 प्रतिशत वोटिंग बाड़मेर के डुगेरो का तला में हुई.

बाड़मेर के डुगेरो का तला में सबसे ज्यादा, जालोर के आहोर में सबसे कम वोटिंग
वहीं, बीकानेर के बज्जू खालसा में 89.33 प्रतिशत और बाड़मेर ग्रामीण में 89.26 प्रतिशत मतदान हुआ. इसके अलावा जोधपुर के उम्मेद नगर में 88.29 प्रतिशत और जयपुर की रामपुरा डाबड़ी में 84.43 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई. दूसरी ओर, जालोर के आहोर में सबसे कम 60.94 प्रतिशत मतदान हुआ.

जयपुर की 112 ग्राम पंचायतों में 82.47% मतदान 
इसके अलावा जयपुर जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत 112 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हुआ. शाम 6 बजे तक जिले में 82.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. कुल 3 लाख 78 हजार 364 मतदाताओं में से 3 लाख 12 हजार 35 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. जिले की पांचों पंचायत समितियों में 80 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई. सबसे अधिक 84.43 प्रतिशत मतदान रामपुरा डाबड़ी पंचायत समिति में दर्ज किया गया. इसके बाद शाहपुरा में 82.63 प्रतिशत, जालसू में 82.49 प्रतिशत और आमेर में 82.09 प्रतिशत मतदान हुआ. वहीं, अमरसर पंचायत समिति में सबसे कम 80.94 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई.

Report- Mahesh Parihar

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More