App

प्रेम-प्रसंग में चचेरा भाई बना हत्यारा: चलती ट्रेन से भाई को दिया धक्का, फिर पत्थर व रॉड से मारकर की हत्या

जयपुर के धानक्या रेलवे फाटक के पास श्रवण सिंह के शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को झुंझुनू से गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी से बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. आरोपी ने पहले श्रवण को ट्रेन के पास धक्का दिया और फिर लोहे के रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी.

प्रेम-प्रसंग में चचेरा भाई बना हत्यारा: चलती ट्रेन से भाई को दिया धक्का, फिर पत्थर व रॉड से मारकर की हत्या
Image Credit: ZEE Media

राजस्थान के जयपुर शहर में प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. धानक्या रेलवे फाटक के पास मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी से बातचीत को लेकर आरोपी भवानी सिंह उर्फ कालू का श्रवण सिंह से विवाद हुआ था. इसी रंजिश में आरोपी ने पहले उसे ट्रेन के पास धक्का दिया और फिर लोहे की पट्टी सिर पर मारकर हत्या कर दी. वारदात को ट्रेन हादसे का रूप देने के लिए आरोपी ने अपने चप्पल और बैग भी शव से दूर फेंक दिए. पुलिस ने आरोपी को झुंझुनू से गिरफ्तार किया है.

मृतक के शरीर पर चोटों के निशान

बिंदायका थाना इलाके में 30 अक्टूबर को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब धानक्या रेलवे फाटक के पास रेलवे लाइन के नजदीक एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला. जयपुर से फुलेरा जाने वाली रेलवे लाइन के पास मिले शव की हालत संदिग्ध थी. सूचना मिलते ही बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके पर FSL टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए.

मृतक के शरीर पर चोटों के निशान थे, लेकिन कुछ चोटें एक्सीडेंट की नहीं लग रही थीं. मृतक का बैग व चप्पल बिखरे हुए मिले. शरीर पर ट्रेन एक्सीडेंट के अलावा सिर पर और होठों पर चोट लगी हुई थी, जिससे लगा कि मारपीट की गई है. इस पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण, एसीपी बगरू धर्मेंद्र कुमार और थानाधिकारी अनिल जैमिनी घटनास्थल पर पहुंचे.  

हत्या का अंदेशा होने पर विशेष टीम का गठन

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने कहा कि शव के पास मोबाइल फोन व पहचान पत्र नहीं मिले, लेकिन छानबीन की गई, तो पता चला कि यह व्यक्ति दूसरे व्यक्ति के साथ देखा गया था. मृतक की पहचान श्रवण सिंह के रूप में हुई. पुलिस ने मामले में हत्या का अंदेशा जताते हुए विशेष टीम का गठन किया. CCTV कैमरों की मदद से जयपुर शहर से लेकर फुलेरा, रेवाड़ी और झुंझुनू जाने वाले रास्तों पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई.

झुंझुनू से आरोपी भवानी सिंह डिटेन

प्रशांत किरण ने बताया कि इसी दौरान धानक्या रेलवे फाटक के पास लगे कैमरे में एक संदिग्ध नजर आया. पुलिस कांस्टेबल श्रीराम ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की. इसके बाद पुलिस टीम झुंझुनू रवाना हुई और मिहाड़ा थाना इलाके से भवानी सिंह उर्फ कालू को डिटेन कर लिया.

रेलवे में शटरिंग का काम करते था आरोपी और मृतक

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक श्रवण सिंह और आरोपी भवानी सिंह एक ही गांव के रहने वाले थे और साथ काम करते थे. वहीं दोनों दूर के रिश्ते में चचेरे भाई लगते थे और मकराना में रेलवे में शटरिंग का काम करते थे. आरोपी भवानी सिंह मृतक की पत्नी से बातचीत करता था. इसकी जानकारी श्रवण सिंह को लग गई थी.

दोनों ने साथ में पी शराब

इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. मकराना से दोनों फुलेरा तक ट्रेन में बैठकर आए. इससे पहले दोनों ने शराब पी. भवानी ने श्रवण को ज्यादा शराब पिलाई. शराब पीने के बाद लड़ाई हुई. दोनों को फुलेरा उतरना था, लेकिन धानक्या तक आ गए. भवानी ने श्रवण को चलती ट्रेन से धक्का दिया. जिससे वह टकरा कर दूर गिर गया. इसके बाद वह भी कूद गया, जिससे उसके हाथ में चोट आई. इधर श्रवण मरा नहीं, तो भवानी ने जमीन पर गिराकर पत्थर व आइरन रॉड से उसकी हत्या कर दी. 

प्रेम प्रसंग में चचेरे भाई को उतारा मौत के घाट

रात करीब 10 बजे हत्या करने के बाद भवानी गांव चला जाता है और मृतक श्रवण की पत्नी से संपर्क करता है. उसने मृतक की पत्नी को पूरी जानकारी दी. डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भवानी और श्रवण की पत्नी के बीच अवैध सम्बंध हैं, लेकिन साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. वह श्रवण को रास्ते से हटाना चाह रहा था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी भवानी सिंह उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं श्रवण की पत्नी को शक के दायरे में रखते हुए आगे की जांच की जा रही है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More