App

पोकरण से बनेगा जैसलमेर का जिला प्रमुख? एक कुर्सी, चार दावेदार और दो सियासी खेमे! किसके सिर सजेगा ताज?

जैसलमेर जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों पर कांग्रेस की जीत के बाद जिला प्रमुख पद को लेकर सियासी हलचल तेज है. ST आरक्षित सीट के लिए चार दावेदार मैदान में हैं और पोकरण-जैसलमेर के राजनीतिक समीकरणों के बीच अंतिम फैसले पर सबकी नजरें टिकी हैं.

पोकरण से बनेगा जैसलमेर का जिला प्रमुख? एक कुर्सी, चार दावेदार और दो सियासी खेमे! किसके सिर सजेगा ताज?
Image Credit: पोकरण से बनेगा जैसलमेर का जिला प्रमुख? एक कुर्सी, चार दावेदार और दो सियासी खेमे! किसके सिर सजेगा ताज?

जैसलमेर जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने जैसलमेर की सियासत में कांग्रेस का दबदबा कायम कर दिया है. जिला परिषद के कुल 21 वार्डों में से 20 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा महज एक सीट पर सिमट गई. कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर खड़ा हो गया है. जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए आरक्षित है. कांग्रेस के चार ST वर्ग के विजेता सदस्य इस पद की दौड़ में हैं. ऐसे में पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव और पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद के राजनीतिक प्रभाव के बीच जिला प्रमुख चयन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है.

जिला प्रमुख की रेस में कांग्रेस के चार चेहरे
जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस की ओर से चार नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं. इनमें वार्ड संख्या 21 खारिया से संतोष कुमारी, वार्ड संख्या 09 से रतनाराम, वार्ड संख्या 04 से युवा नेता मानाराम और वार्ड संख्या 06 से कमलाराम शामिल हैं. चारों दावेदारों में से किसी एक के नाम पर सहमति बनाना कांग्रेस नेतृत्व के सामने बड़ी चुनौती होगी.

पोकरण में सालेह मोहम्मद का दबदबा, सभी 10 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा
जिला परिषद चुनाव में पोकरण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है. यहां जिला परिषद की सभी 10 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की. वार्ड संख्या 21 खारिया से संतोष कुमारी की जीत ने उन्हें जिला प्रमुख पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार बना दिया है. राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार पोकरण क्षेत्र से जिला प्रमुख बनाने की पैरवी पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद के खेमे की ओर से की जा सकती है. फिलहाल संतोष कुमारी का नाम इस खेमे से सबसे अधिक चर्चा में है.

जैसलमेर में धनदेव के सामने तीन दावेदारों की चुनौती
दूसरी ओर जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव के राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र से जिला परिषद की 11 सीटों में से 10 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जबकि एक सीट भाजपा के खाते में गई. कांग्रेस के विजयी सदस्यों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर भी शामिल हैं, जो पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के छोटे भाई हैं.

जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र से ST वर्ग के तीन प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है. इनमें वार्ड संख्या 09 से रतनाराम, वार्ड संख्या 04 से युवा नेता मानाराम और वार्ड संख्या 06 से कमलाराम शामिल हैं. ऐसे में जैसलमेर खेमे के पास भी जिला प्रमुख पद के तीन दावेदार हैं. हालांकि इनमें से किसी एक नाम पर सहमति बनाना आसान नहीं माना जा रहा.

11 बनाम 9 का सियासी गणित, किसके पास कितनी ताकत?
जिला परिषद चुनाव के बाद कांग्रेस के भीतर समर्थन का सियासी गणित भी चर्चा का विषय बना हुआ है. उपलब्ध राजनीतिक समीकरणों के अनुसार सालेह मोहम्मद के प्रभाव वाले खेमे के पास 11 सदस्यों का समर्थन माना जा रहा है, जबकि रूपाराम धनदेव के खेमे के पास 9 सदस्यों का समर्थन बताया जा रहा है.

इस पूरे समीकरण में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर की जीत को भी अहम माना जा रहा है. ऐसे में जिला प्रमुख के चयन में फकीर परिवार की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है. हालांकि इन खेमों का समर्थन गणित अभी राजनीतिक आकलन है, आधिकारिक समर्थन सूची नहीं.

क्या पोकरण से बनेगा जैसलमेर का जिला प्रमुख?
जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर अब कांग्रेस के भीतर राजनीतिक जोड़-तोड़ और सहमति बनाने की कवायद तेज होने की संभावना है. एक तरफ पोकरण में कांग्रेस की सभी 10 सीटों पर जीत और संतोष कुमारी की दावेदारी है, तो दूसरी तरफ जैसलमेर क्षेत्र से तीन ST प्रत्याशियों के नाम सामने हैं.

ऐसे में फिलहाल जिला प्रमुख पद को लेकर पोकरण और जैसलमेर के राजनीतिक समीकरण आमने-सामने नजर आ रहे हैं. अंतिम फैसला कांग्रेस नेतृत्व, निर्वाचित सदस्यों की राय और संगठन के भीतर होने वाली बातचीत के आधार पर होगा.

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिला प्रमुख का ताज पोकरण की संतोष कुमारी के सिर सजेगा या जैसलमेर के तीन दावेदारों में से किसी एक को मौका मिलेगा? बहुमत कांग्रेस के पास है, लेकिन जिला प्रमुख की कुर्सी पर किसका कब्जा होगा, यह आने वाले कल दिन में होने वाले सियासी फैसले के बाद पता चलेगा.

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री साले मोहम्मद ​ने बताया कि जैसलमेर की जनता ने जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों और सभी 10 पंचायत समितियों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया है, जिसके लिए वे जनता के आभारी हैं.

उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के निर्देशों के आधार पर जीते हुए उम्मीदवारों की रायशुमारी के बाद जिला प्रमुख और प्रधान तय किए जाएंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी गुट या खेमे की बात नहीं है, सभी कांग्रेस के सिंबल पर जीते हैं और पार्टी का निर्णय सर्वोपरि होगा.

​जनादेश व जोड़-तोड़ पर टिप्पणी
उन्होंने कहा कि जनादेश का सम्मान होना चाहिए और चुनाव परिणाम के बाद किसी भी तरह की जोड़-तोड़ या उम्मीदवारों को उठाने जैसी राजनीति राजस्थान की परंपरा नहीं रही है.

(जैसलमेर से शंकरदान की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More