)
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज ओंकारेश्वर पहुंचे और नर्मदा संत दादा गुरुजी की नर्मदा परिक्रमा यात्रा में शामिल हुए. यात्रा से पूर्व मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ओंकारेश्वर के गोमुख घाट पर पूजा अर्चन की. इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मां नर्मदा जी को चुनरी समर्पित की और दुग्ध अभिषेककर नर्मदा की आरती की. इस मौके पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विश्वास सारंग, स्थानीय विधायक, खंडवा सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई शामिल थे. दादा गुरु के अनुयाई बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने पहुंचे.
ओंकारेश्वर मंदिर के मुख्य पुरोहित ने बताया कि नर्मदा का पूजन, आरती करने के बाद सभी यात्री नर्मदा परिक्रमा यात्रा के लिए निकल गए. लगभग 3000 किलोमीटर की यह पैदल यात्रा लगभग 4 महीने तक चलेगी. शास्त्रों के अनुसार, पवित्र नर्मदा नदी को भगवान भोलेनाथ की मानस पुत्री माना गया है. ऐसी मान्यता है कि नदी के दर्शन और परिक्रमा करने से श्रद्धालुओं को विशेष फल की प्राप्ति होती है.
संत दादा गुरु पहले भी चार बार नर्मदा परिक्रमा कर चुके हैं और यह उनकी पांचवी नर्मदा परिक्रमा है. मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्री उनके अनुयाई हैं, साथ ही देशभर से नर्मदा परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु भी संत के साथ इस परिक्रमा यात्रा में शामिल होने आए हैं. मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने सभी परिक्रमा वासियों को शुभकामनाएं दी.
नर्मदा परिक्रमा के लिए अक्टूबर से फरवरी तक समय सबसे अच्छा माना जाता है. परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु सादा जीवन अपनाते हैं. पूरी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु भिक्षा मांगकर या स्थानीय लोगों की मदद से भोजन और जरूरी व्यवस्थाएं करते हैं. खास बात ये है कि परिक्रमा के दौरान नदी को पार नहीं किया जाता. नदी के किनारे किनारे ही पूरी यात्रा तय की जाती है. रास्ते में पड़ने वाले गांवों के लोग श्रद्धालुओं को भोजन और पानी की व्यवस्था करते हैं.
श्रद्धालुओं का कहना है कि इस समय तापमान सामान्य तौर पर कम रहता है. ऐसे में पैदल यात्रा करने में सहूलियत मिलती है. यात्रा के दौरान पहचान पत्र, जरूरी दवाइयां और सीमित कपड़े ही साथ लेकर चलते हैं. घाटों और धार्मिक स्थलों पर तस्वीर लेने से पहले अनुमति ली जाती है. नदी के घाटों को साफ सुथरा रखा जाता है.
(प्रमोद सिन्हा की रिपोर्ट)