)
मध्य प्रदेश के तीर्थनगरी ओंकारेश्वर के गौमुख घाट से 24 नवंबर को दादा गुरु के नेतृत्व में 'मां नर्मदा सेवा परिक्रमा' का विधिवत शुभारंभ हुआ. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना और आरती कर सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ शुरू हो रही इस यात्रा के लिए प्रदेश की खुशहाली की कामना की. इस मौके पर अपने संबोधन में सीएम डॉ. मोहन यादव ने जीवन के आध्यात्मिक पक्ष पर बात करते हुए कहा कि मनुष्य के हाथ में न तो जन्म है और न ही मरण, बल्कि परमात्मा ने यह शरीर हमें नियम और तप करने के लिए दिया है. उन्होंने दादा गुरु की 5वीं परिक्रमा को आराधना का पथ बताते हुए कहा कि जिस तरह प्रिज्म के जरिए सूर्य की किरणों के सात रंग दिखते हैं, उसी तरह संत और गुरु हमें ईश्वर की सत्ता का अहसास कराते हैं.
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कई जन्मों के पुण्य से हमें मानव योनि में देव मार्ग पर चलने का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा कि हमने भगवान को भले न देखा हो, लेकिन उसकी सत्ता को महसूस जरूर करते हैं, ठीक वैसे ही जैसे हवा दिखती नहीं पर उसके अस्तित्व से कोई इनकार नहीं कर सकता. सीएम मोहन यादव ने कहा कि सूर्य की किरणों में सात रंग होते हैं पर वे आंखों से नहीं दिखते और उन्हें देखने के लिए प्रिज्म लगाना पड़ता है, इसी तरह दादा गुरु भी हमें ईश्वर की ताकत का अहसास कराते हैं.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम यह गलतफहमी पाल लेते हैं कि शरीर की ताकत भोजन, पानी या हवा में है, जबकि यह हमारा भ्रम है. शरीर की असली ताकत ईश्वर का दिया हुआ यह शरीर ही है। जब तक ईश्वर ने इसे दिया है, तब तक इसे न कोई छीन सकता है और न दे सकता है। न जन्म हमारे हाथ में है और न मरण; परमात्मा ने हमें नियम और तप करने के लिए यह शरीर दिया है। उन्होंने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि दादा गुरु के रूप में ऐसे ऋषि-मुनि को देख पा रहे हैं, जिनके माध्यम से ईश्वर से संवाद हो सकता है.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह दुनिया बहुत बड़ी है और इसमें कई रहस्य और शक्तियां मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन की शक्ति पूरी दुनिया के सामने अलग रूप में दिख रही है और उससे विश्व परिचित हो रहा है. स्वामी विवेकानंद ने सौ साल पहले अलग दौर में जो कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी, उसी मंशा के अनुरूप पीएम मोदी दुनिया को भारत की शक्ति और भक्ति दिखा रहे हैं.
इसके साथ ही उन्होंने मां नर्मदा सेवा परिक्रमा में शामिल हो रहे श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि जिस भाव से वे जुड़ रहे हैं, उसी के अनुरूप ईश्वर उनकी मनोकामना पूरी करेंगे तथा दादा गुरु के साथ यह कठिन मानी जाने वाली यात्रा भी सहजता से पूरी हो जाएगी। दादा गुरु के पांचवीं बार इस परिक्रमा पर निकलने और पंचपरमेश्वर के स्वरूप होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह आराधना का पथ है, नर्मदा का यह घाट एक मठ के समान है, जहां संकल्प शक्ति से साधना करने पर सद्भाव बढ़ेगा और जिससे देवता भी प्रसन्न होंगे.