)
जयपुर के वैशाली नगर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम में चाकू की नोक पर 37 लाख रुपये के गहने लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी दिग्विजय सिंह (32) पढ़ा-लिखा है. उसने BSc नर्सिंग की है और कॉर्पोरेट कंपनी में काम भी कर चुका है.
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पर करीब 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन और 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन बकाया था. दोस्तों से भी उधार ले रखा था. पिछले छह महीने से बेरोजगार चल रहा था. कर्ज चुकाने के दबाव में उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया. आरोपी शोरूम में घुसकर महिला कर्मचारी और सिक्योरिटी गार्ड को चाकू डराकर 7 गले के हार और 31 अंगूठियां बैग में भरकर फरार हो गया था. पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की और उसे दिल्ली से डिटेन कर गिरफ्तार किया.
वैशाली नगर स्थित सीरियस ज्वैलर्स में 10 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे लूट की वारदात हुई थी. शोरूम की ज्वेलरी कंसल्टेंट अंजली कायथ और सिक्योरिटी गार्ड महावीर प्रसाद गुप्ता वहां मौजूद थे. अंजली मैनेजर रोहित जांगिड़ से फोन पर स्टॉक रिपोर्ट को लेकर बात कर रही थीं. इसी दौरान चेहरे पर मास्क और सिर पर पीली टोपी पहने एक युवक काला बैग लेकर शोरूम में दाखिल हुआ. उसने अचानक बैग से चाकू निकाला और महिला कर्मचारी को धमकाने लगा. महिला ने सिक्योरिटी गार्ड को आवाज लगाई तो आरोपी ने गार्ड को पकड़कर रोक दिया. इसके बाद महिला कर्मचारी को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और शोरूम में रखे सोने व हीरे के आभूषण बैग में भर लिए. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
7 हार और 31 अंगूठियां लूटकर ले गया
आरोपी के फरार होने के बाद शोरूम स्टाफ और मालिक ने स्टॉक चेक किया तो 7 गले के हार और 31 हाथ की अंगूठियां गायब मिलीं. इनकी कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई गई. पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी.
300 से ज्यादा CCTV कैमरों से मिला सुराग
डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के निर्देशन में पुलिस ने विशेष टीम गठित की. टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान दिग्विजय सिंह के रूप में हुई. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लूटे गए माल को बेचने की फिराक में दिल्ली गया हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने उसे डिटेन किया. पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
विदेश में पढ़ाई के लिए लिया था 30 लाख का लोन
पुलिस पूछताछ में आरोपी की आर्थिक स्थिति और कर्ज का खुलासा हुआ. आरोपी ने विदेश में आगे की पढ़ाई के लिए करीब 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन ले रखा था. इसके अलावा करीब 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन और दोस्तों से भी उधार ले रखा था. आरोपी पहले OYO कंपनी के लिए कॉन्ट्रैक्ट बेस पर प्रॉपर्टी सर्च का काम करता था, लेकिन पिछले करीब छह महीने से बेरोजगार था. पुलिस के मुताबिक, कर्ज चुकाने के दबाव में उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया. आरोपी शादीशुदा है और उसका चार साल का बेटा है. उसका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है.
अभी तक बरामद नहीं हुई लूटी गई ज्वेलरी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन लूटी गई करीब 37 लाख रुपये की ज्वेलरी की बरामदगी अभी बाकी है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और लूटे गए आभूषणों के बारे में जानकारी जुटा रही है.