)
दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया में बड़ा उलटफेर हुआ है. कंपनी के लंबे समय से सीईओ रहे जेन्सेन हुआंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. बुधवार देर रात हुई बोर्ड की बैठक के बाद गुरुवार को कंपनी ने इस बड़े फैसले की जानकारी दी है.
शादी के बाहर दो रिश्तों के गंभीर आरोप सामने आने के बाद हुआंग को सीईओ, प्रेसिडेंट और बोर्ड मेंबर का पद छोड़ना पड़ा है.
पहले से ही सीईओ पद के लिए दो नामों पर चर्चा चल रही थी. जिसमें पहला नाम कंपनी की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) कोलेट क्रेस का और दूसरा नाम कंपनी के टॉप इंजीनियर इयान बक का था. मीटिंग के बाद कंपनी ने कोलेट क्रेस को नया अस्थायी सीईओ नियुक्त किया है.

जेन्सेन हुआंग के जाने के बाद एनवीडिया ने अपने कामकाज के तरीके में भी बड़ा बदलाव किया है. कंपनी के इतिहास में पहली बार बोर्ड चेयर का पद बनाया गया है. सिनॉप्सिस के पूर्व सीईओ हार्वे सी. जोन्स को इस पद की जिम्मेदारी दी गई है.
कंपनी के आधिकारिक बयान में जेन्सेन हुआंग का कोई संदेश शामिल नहीं है. वहीं, नई अस्थायी सीईओ कोलेट क्रेस ने कर्मचारियों और निवेशकों का भरोसा जीतते हुए कहा कि कंपनी की असली ताकत उसके लोग हैं.
उन्होंने वादा किया कि वे हुआंग द्वारा पिछले 33 सालों में खड़ी की गई इस मजबूत नींव को और आगे ले जाएंगी.
साल 1993 में कंपनी की शुरुआत करने के बाद से ही जेन्सेन हुआंग इसकी सबसे बड़ी पहचान थे. उनकी अगुवाई में एनवीडिया ने टेक्नोलॉजी की दुनिया में एकतरफा राज कायम किया है.
आज दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां एडवांस चिप्स लेने के लिए एनवीडिया के सामने लाइन में खड़ी रहती हैं. कंपनी की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके पास करीब 99 अरब डॉलर का बड़ा निवेश पोर्टफोलियो है.
इसके अलावा, हाल के सालों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी हुआंग के काफी करीबी संबंध रहे हैं.
पिछले एक हफ्ते से जेन्सेन हुआंग लगातार विवादों में घिरे हुए थे. सबसे पहले ये बात सामने आई कि उनका सिंगापुर की क्लाउड कंपनी मेगास्पीड की एक अधिकारी एलिस हुआंग के साथ रिश्ता था.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने और अमेरिकी चिप तकनीक की जानकारी जुटाने का शक है.
इस मामले के खुलने के बाद जेन्सेन हुआंग ने हफ्ते के अंत में कर्मचारियों को एक संदेश भेजकर अपनी पत्नी और शेयरधारकों से माफी भी मांगी थी.
उस समय ये सवाल भी उठे थे कि क्या इस रिश्ते की वजह से चीन को चिप्स बेचने के फैसलों पर कोई असर पड़ा था.

सोमवार तक बाजार के जानकारों और एलन मस्क जैसे दिग्गजों को लग रहा था कि हुआंग इस विवाद से बच निकलेंगे. राष्ट्रपति ट्रंप के करीबी होने के कारण भी उनकी कुर्सी सुरक्षित मानी जा रही थी.
लेकिन बुधवार को एक नई खबर ने सब कुछ बदल दिया. द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया कि हुआंग का अपनी ही कंपनी की एक बड़े अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी संबंध था.
किम्बर्ली कंपनी में हेल्थकेयर विभाग की वाइस प्रेसिडेंट हैं और सीधे हुआंग को ही रिपोर्ट करती थीं.
अपने ही दफ्तर की अधिकारी के साथ रिश्ते की बात सामने आते ही कंपनी के भीतर माहौल पूरी तरह गरमा गया था. नियमों के उल्लंघन के चलते बोर्ड के सदस्यों पर भारी दबाव बन गया था.
इसके तुरंत बाद बुधवार शाम को बोर्ड की एक आपात बैठक बुलाई गई. इस बैठक में लंबी चर्चा के बाद जेन्सेन हुआंग के भविष्य पर आखिरी मुहर लगी और उन्हें तुरंत प्रभाव से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कोलेट क्रेस इस मुश्किल दौर से कंपनी को कैसे बाहर निकालती हैं.